Advertisement

IPL 2025 Mega Auction: सस्पेंस खत्म! जेद्दा में 24 और 25 नवंबर को होगी खिलाड़ियों की निलामी... 1574 ने कराया रजिस्ट्रेशन... सिर्फ 204 की चमकेगी किस्मत... पैसों की होगी बारिश

IPL 2025 Auction Date: आईपीएल 2025 के लिए मेगा ऑक्शन का आयोजन इस बार भारत में नहीं किया जाएगा. 24 और 25 नवंबर 2024 को सऊदी अरब के जेद्दा शहर में खिलाड़ियों की बोली लगाई जाएगी. इस मेगा ऑक्शन से पहले सभी 10 टीमों ने पिछले महीने अपने रिटेंशन की लिस्ट जारी की थी.

IPL 2025
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 06 नवंबर 2024,
  • अपडेटेड 1:18 AM IST
  • मेगा ऑक्शन में 1165 भारतीय खिलाड़ी लेंगे हिस्सा 
  • 409 विदेशी प्लेयर्स की भी लगेगी बोली

इंडियन प्रीमियर लीग 2025 (IPL 2025) मेगा ऑक्शन के लिए सस्पेंस खत्म हो चुका है. सऊदी अरब के जेद्दा में 24 और 25 नवंबर 2024 को खिलाड़ियों की निलामी की जाएगी.

इस मेगा ऑक्शन के लिए देश-विदेश से कुल 1574 खिलाड़ियों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया है. इसमें से सिर्फ 204 खिलाड़ियों की किस्मत चमकेगी. आइए जानते हैं ऐसा क्यों होगा और किस देश के कितने खिलाड़ी निलामी में हिस्सा लेंगे.

निलामी में 320 कैप्ड खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
आपको मालूम हो कि इस शुरू होने वाले मेगा ऑक्शन से पहले 31 अक्टूबर 2024 को सभी 10 फ्रेंचाइजी ने रिटेंशन लिस्ट (टीम में बरकरार रखने की सूची) जारी की थी. 10 टीमों ने कुल 46 खिलाड़ियों को रिटेन किया है. इसके बाद अब सिर्फ 204 खिलाड़ियों की जगह खाली है. इसी जगह को मेगा ऑक्शन में भरा जाएगा. इन 204 स्थानों में से 70 स्थान विदेशी खिलाड़ियों के लिए हैं. 

इस निलामी के लिए 1574 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है. इसमें ऋषभ पंत, लोकेश राहुल, श्रेयस अय्यर, अर्शदीप सिंह सहित 1165 भारतीय खिलाड़ी और 409 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल हैं. इस मेगा निलामी में 320 कैप्ड खिलाड़ी, जिनका इंटरनेशनल डेब्यू हो चुका है वे हिस्सा लेंगे जबकि 1224 अनकैप्ड खिलाड़ियों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया है.

खिलाड़ियों पर पैसों की होगी बारिश
अब तक 10 फ्रेंचाइजी ने 46 खिलाड़ियों को रिटेन करने के लिए सामूहिक रूप से 558.5 करोड़ रुपए खर्च किए हैं. पंजाब किंग्स टीम ने सबसे कम 2 खिलाड़ियों को रिटेन किया था. यही कारण है कि इस फ्रेंचाइजी के पास सबसे बड़ा पर्स है.मेगा ऑक्शन में यह टीम 110 करोड़ रुपए खर्च करेगी.

10 फ्रेंचाइजी के पास कुल मिलाकर 204 स्लॉट के लिए खर्च करने के लिए लगभग 641.5 करोड़ रुपए होंगे. इस ऑक्शन में कुल पांच ऐसी टीमें हैं, जो अपने कप्तान की तलाश करेगी. ऐसे में मेगा ऑक्शन में कई ऐसे खिलाड़ी होंगे पर जिन पर पैसों की बारिश होनी तय है.

मेगा निलामी में किस देश से कितने खिलाड़ी
आईपीएल 2025 के लिए होने वाली मेगा निलामी के लिए कुल 14 देशों के खिलाड़ियों ने अपना नाम रजिस्टर कराया है. इसमें सबसे ज्यादा साउथ अफ्रीका के खिलाड़ी हैं. इस देश के 91 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है. रजिस्ट्रेशन करने में दूसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ी हैं. यहां के कुल 76 खिलाड़ियों ने मेगा ऑक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है.

इंग्लैंड के कुल 52 खिलाड़ी, न्यूजीलैंड के 39, वेस्टइंडीज के 33, अफगानिस्तान और श्रीलंका से 29-29 खिलाड़ियों ने मेगा ऑक्शन के लिए अपना नाम दिया है. बांग्लादेश के 13 खिलाड़ी, नीदरलैंड्स के 12, अमेरिका के 10 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है. आयरलैंड के 9 खिलाड़ी, जिम्बाब्वे के 8 और कनाडा के 4 और स्कॉटलैंड के 2 खिलाड़ियों का नाम ऑक्शन लिस्ट में है. यूएई और इटली के 1-1 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है. 


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement