IPL 2026, DC vs RR Highlights: आखिरी ओवर तक लड़ती रही दिल्ली.. आसानी से लक्ष्य किया हासिल, 5 विकेट से कैपिटल्स ने रॉयल्स को रौंदा

रविवार को शाम अरुण जेटली स्टेडियम में आईपीएल 2026 का 62वां मुकाबला खेला गया. यह मुकाबल राजस्थान और दिल्ली की टीम के बीच खेला गया. मुकाबला दोनों ओर से काफी रोमांचक रहा, और दिल्ली ने 4 गेंद रहते मैच अपने नाम कर लिया.

IPL 2026
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 17 मई 2026,
  • अपडेटेड 11:56 PM IST

रविवार (17 मई) को खेले गए आईपीएल 2026 के मुकाबला नंबर-62 में दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को 5 विकेट से हराकर प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा. दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस हाईस्कोरिंग मुकाबले में राजस्थान ने दिल्ली को 194 रनों का लक्ष्य दिया था, जिसे दिल्ली ने 4 गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया. टीम ने 13 मैचों में 6 जीत दर्ज की हैं और उसके खाते में 12 अंक हैं.

केएल राहुल-अभिषेक की शानदार साझेदारी
194 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत शानदार रही. केएल राहुल और अभिषेक पोरेल ने पहले विकेट के लिए 105 रनों की बेहतरीन साझेदारी की और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. इस साझेदारी को बृजेश शर्मा ने तोड़ा, जिन्होंने पोरेल को आउट किया.

अभिषेक पोरेल ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 31 गेंदों में 51 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 1 छक्का शामिल रहा. दूसरी ओर केएल राहुल ने भी शानदार अर्धशतक जमाया. राहुल ने 42 गेंदों पर 56 रन बनाए और अपनी पारी में 3 छक्के व 1 चौका लगाया.

अक्षर-आशुतोष ने लगाई नैया जीत के पार
साहिल पारख 9 रन बनाकर जोफ्रा आर्चर का शिकार बने, जबकि ट्रिस्टन स्टब्स केवल 4 रन ही बना सके. डेविड मिलर से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह भी 9 रन बनाकर आउट हो गए. आखिर में कप्तान अक्षर पटेल ने जिम्मेदारी संभाली और नाबाद 34 रनों की शानदार पारी खेलकर टीम को जीत तक पहुंचाया. अक्षर ने 18 गेंदों में 2 चौके और 2 छक्के लगाए. वहीं आशुतोष शर्मा ने भी सिर्फ 5 गेंदों पर नाबाद 18 रन ठोककर जीत को आसान बना दिया.

वैभव सूर्यवंशी लाए टीम को पटरी पर
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स ने 8 विकेट के नुकसान पर 193 रन बनाए. हालांकि टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और दूसरे ही ओवर में यशस्वी जायसवाल 12 रन बनाकर आउट हो गए. शुरुआती झटके के बाद युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की. 

शानदार फॉर्म में चल रहे वैभव ने सिर्फ 21 गेंदों में 46 रन ठोक दिए. उनकी इस तेज पारी में 5 चौके और 3 लंबे छक्के शामिल रहे. वैभव ने विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल के साथ दूसरे विकेट के लिए 70 रन की अहम साझेदारी की, जिससे राजस्थान की पारी पटरी पर लौटती नजर आई. हालांकि माधव तिवारी ने वैभव सूर्यवंशी को आउट कर दिल्ली कैपिटल्स को बड़ी सफलता दिलाई. 

मिचेल स्टार्क साबित हुए राजस्थान के लिए घातक
कप्तान रियान पराग और ध्रुव जुरेल ने पारी को आगे बढ़ाते हुए तीसरे विकेट के लिए 72 रन जोड़े. रियान पराग ने एक बार फिर विस्फोटक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और सिर्फ 26 गेंदों में 51 रन बना डाले. उनकी पारी में 3 चौके और 5 शानदार छक्के शामिल रहे. 

मुकाबले का रुख 15वें ओवर में पूरी तरह बदल गया, जब मिचेल स्टार्क ने अपनी घातक गेंदबाजी से राजस्थान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी. स्टार्क ने पहले रियान पराग को आउट किया और फिर उसी ओवर में डोनोवन फरेरा को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया. रवि सिंह भी सिर्फ 4 रन बनाकर स्टार्क का शिकार बने.

राजस्थान ने 200 रन से पहले खड़े किए हाथ
लगातार विकेट गिरने से राजस्थान रॉयल्स का रनरेट धीमा पड़ गया और टीम 200 रन के आंकड़े तक नहीं पहुंच सकी. शुभम दुबे 5 रन और दासुन शनाका 10 रन बनाकर खास प्रभाव नहीं छोड़ पाए. दूसरी ओर ध्रुव जुरेल ने जिम्मेदारी भरी पारी खेलते हुए 53 रन जरूर बनाए, लेकिन वह तेजी से रन नहीं बना सके.

दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग-11: केएल राहुल (विकेटकीपर), अभिषेक पोरेल, साहिल पारख, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, अक्षर पटेल (कप्तान), माधव तिवारी, त्रिपुराना विजय, लुंगी एनगिडी, मिचेल स्टार्क और मुकेश कुमार.

राजस्थान रॉयल्स की प्लेइंग-11: यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), रवि सिंह, डोनोवन फरेरा, शुभम दुबे, जोफ्रा आर्चर, एडम मिल्ने, बृजेश शर्मा और यश राज पुंजा.

 

Read more!

RECOMMENDED