गुजरात से मिली हार, फिर भी इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन से राहत महसूस कर रहे आरसीबी के कप्तान पाटीदार

IPL 2026 में गुजरात टाइटंस ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 4 विकेट से हरा दिया. हालांकि इस दौरान आरसीबी के गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी की. आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने कहा कि 155 रन का कम स्कोर होने के बावजूद भी गुजरात को जीतने के लिए 16 ओवर तक इंतजार करना पड़ा. रजत ने टीम के गेंदबाजों की तारीफ की.

Rajat Patidar (Photo/PTI)
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 01 मई 2026,
  • अपडेटेड 10:20 AM IST

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 42वें मैच में गुजरात टाइटंस ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 4 विकेट से हरा दिया. हार के बाद भी आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार अपनी टीम के प्रदर्शन को संतोषजनक मान रहे हैं. पाटीदार ने अपनी टीम के गेंदबाजों की तारीफ की.

हार के बाद भी गेंदबाजों की तारीफ-
आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने हार के बाद भी गेंदबाजों की तारीफ की. उन्होंने कहा कि इस ट्रैक पर इतने रन पर्याप्त नहीं थे. लेकिन मुझे लगता है कि जिस तरह से हमने गेंदबाजी की और मैच को 15-16 ओवर तक ले गए, मुझे लगता है कि ये पॉजिटिव साइन है. उन्होंने कहा कि सतह पर घास की अच्छी परत थी. जिसने तेज गेंदबाजों की मदद की. आपको बता दें कि आरसीबी ने सिर्फ 155 रन बनाए थे और इस स्कोर तक पहुंचने के लिए गुजरात को 16 ओवर का सामना करना पड़ा.

इस दौरान रजत पाटीदार ने शुभमन गिल की तारीफ की. उन्होंने कहा कि शुभमन ने पावरप्ले में अच्छी बल्लेबाजी की. उन्होंने हम पर दबाव बनाया, लेकिन जिस तरीके से हम वापसी करके मैच को 16वें ओवर तक खींच कर ले गए, वो पॉजिटिव है. मुझे लगता है कि ये काफी साफ है. हमने बीच के ओवर्स में बहुत सारे विकेट गंवाए और इस वजह से हम पिछड़ गए.

भुवनेश्वर कुमार की तारीफ-
भुवनेश्वर कुमार के बारे में रजत पाटीदार ने कहा कि वो टी20 फॉर्मेट के अनुभवी गेंदबाज हैं. उन्होंने पहले हाफ में कमाल की गेंदबाजी की. मुझे लगता है कि अभी लंबा रास्ता तय करना है और हम एक बार एक ही मैच में फोकस करेंगे. हम टेबल को लेकर नहीं सोच रहे हैं. हमारा टारगेट अच्छा क्रिकेट खेलना है.

गुजरात ने आरसीबी को हराया-
आईपीएल के इस मुकाबले में आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.2 ओवर में 155 रन का स्कोर खड़ा किया. विराट कोहली ने 28 रन बनाए. जबकि देवदत्त पाडिक्कल ने 40 रनों की पारी खेली. कप्तान रजत पाटीदार ने 19 रन बनाए. गुजरात टाइटंस की तरफ से कप्तान शुभमन गिल ने शानदार 43 रनों की पारी खेली. इसके लिए उन्होंने सिर्फ 18 गेंदों का सामना किया. जबकि आखिर में राहुल तेवतिया ने 17 गेंदों में 27 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!

RECOMMENDED