IPL 2026 LSG vs KKR: लखनऊ के बल्लेबाजों ने दिखाया कमाल, आखिरी गेंद पर पलटा गेम.. कोलकाता अपने मैदान पर हुई चित

लखनऊ सुपर जायंट्स ने ईडन गार्डन्स में खेले गए आईपीएल मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स को तीन विकेट से हराया.

LSG Defeats KKR, IPL 2026
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 09 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 11:42 PM IST

लखनऊ सुपर जायंट्स ने गुरुवार को खेले गए आईपीएल 2026 के 15वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स को रोमांचक अंदाज में तीन विकेट से हरा दिया. पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 181 रन बनाए थे. जवाब में लखनऊ की टीम एक समय 128 रन पर सात विकेट गंवाकर मुश्किल में नजर आ रही थी, लेकिन मुकुल चौधरी की तूफानी पारी ने मैच का रुख पलट दिया. उन्होंने आखिरी ओवरों में शानदार बल्लेबाजी करते हुए मुकाबले को अंतिम गेंद तक पहुंचाया और टीम को 3 विकेट से जीत दिलाई. लखनऊ ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 182 रन बनाकर लक्ष्य हासिल किया.

लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ की शुरुआत अच्छी रही. एडन मार्करम ने 15 गेंदों में 22 रन बनाए, जबकि मिचेल मार्श 11 गेंदों में 15 रन बनाकर आउट हुए. कप्तान ऋषभ पंत 9 गेंदों में 10 रन ही बना सके और निकोलस पूरन ने 15 गेंदों में 13 रन जोड़े. अब्दुल समद भी बड़ी पारी नहीं खेल सके और 4 गेंदों में 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. ऐसे में आयुष बडोनी ने 34 गेंदों में 54 रन की महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम को संभाला. आखिर में मुकुल चौधरी ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया, जबकि उनके साथ शमी क्रीज पर मौजूद रहे.

दूसरे ओवर में ही डगमगाया कोलकाता
कोलकाता नाइट राइडर्स ने अच्छी शुरुआत के बावजूद 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 181 रन बनाए. टीम की ओर से अंगकृष रघुवंशी ने सबसे ज्यादा 45 रन की पारी खेली. लखनऊ के गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया और चार अलग-अलग गेंदबाजों ने विकेट हासिल किए.

कोलकाता की शुरुआत थोड़ी लड़खड़ाती हुई दिखाई दी और टीम ने दूसरे ओवर में फिन एलन (9) का विकेट गंवा दिया. इसके बाद कप्तान अजिंक्य रहाणे ने 24 गेंदों में 41 रन की तेज पारी खेली, लेकिन वह दिग्वेश का शिकार बन गए. विकेटकीपर बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी ने 33 गेंदों में 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से 45 रन बनाए. रिंकू सिंह केवल 4 रन बनाकर आउट हो गए. आखिर में में कैमरन ग्रीन (32*) और पॉवेल (39*) ने नाबाद रहते हुए टीम को 181 रन का स्कोर हासिल करने में मदद की.

किसके पाले में गिरा टॉस
आईपीएल 2026 के 15वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. ऐसे में ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी.

कोलकाता नाइट राइडर्स (प्लेइंग इलेवन): अजिंक्य रहाणे (कप्तान), फिन एलन, कैमरन ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेट कीपर), रिंकू सिंह, रोवमैन पॉवेल, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, सुनील नरेन, नवदीप सैनी, कार्तिक त्यागी.

लखनऊ सुपर जायंट्स (प्लेइंग इलेवन): मिशेल मार्श, एडेन मार्करम, ऋषभ पंत (विकेट कीपर), निकोलस पूरन, अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, मणिमारन सिद्धार्थ, आवेश खान, मोहम्मद शमी, दिग्वेश सिंह राठी, प्रिंस यादव.

Read more!

RECOMMENDED