आईपीएल 2026 के 55वें मुकाबले में ऐसा मैच देखने को मिला, जिसमें आखिरी तक क्रिकेट प्रेमियों को रोमांचित कर दिया. पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 210 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया था. एक वक्त लग रहा था कि दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह लक्ष्य हासिल करना मुश्किल साबित होगा, क्योंकि टीम ने शुरुआत में ही अपने तीन अहम विकेट गंवा दिए थे. लेकिन इसके बाद कप्तान अक्षर पटेल, डेविड मिलर और आखिर में आशुतोष शर्मा की तूफानी बल्लेबाजी ने मैच का रुख ही पलट दिया. दिल्ली ने 211 रन के लक्ष्य को हासिल करते हुए 3 विकेट से शानदार जीत दर्ज कर ली. यह आईपीएल इतिहास में दिल्ली कैपिटल्स का दूसरा सबसे सफल रन चेज भी रहा.
शुरूआत भले खराब पर टिकी रही टीम
211 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत बिल्कुल उम्मीद के मुताबिक नहीं रही. टीम ने महज 33 रन के स्कोर तक अपने तीन विकेट गंवा दिए. शुरुआती झटकों ने पंजाब को मैच में मजबूत पकड़ दिला दी थी और ऐसा लगने लगा था कि दिल्ली की पारी जल्दी बिखर सकती है.
हालांकि, यहां ट्रिस्टन स्टब्स और कप्तान अक्षर पटेल ने टीम को संभालने की कोशिश की. दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए तेज रफ्तार साझेदारी करते हुए 23 गेंदों में 41 रन जोड़े. हालांकि स्टब्स ज्यादा देर टिक नहीं सके और 17 गेंदों में 12 रन बनाकर आउट हो गए.
कप्तान अक्षर पटेल के बल्ले ने बदली पारी
दिल्ली जब दबाव में थी, तब कप्तान अक्षर पटेल ने मोर्चा संभाला. उन्होंने डेविड मिलर के साथ मिलकर पारी को पटरी पर लाने का काम किया. दोनों बल्लेबाजों के बीच पांचवें विकेट के लिए 34 गेंदों में 64 रन की अहम साझेदारी हुई, जिसने मैच को फिर से दिल्ली की तरफ मोड़ना शुरू कर दिया.
अक्षर ने कप्तानी पारी खेलते हुए सिर्फ 30 गेंदों में 56 रन ठोक दिए. उनकी पारी में 8 चौके और 2 छक्के शामिल रहे. जिस समय टीम को संभालने की जरूरत थी, उस समय अक्षर ने आक्रामक बल्लेबाजी कर पंजाब के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया.
मिलर और आशुतोष ने अंत में खत्म किया मैच
अक्षर के आउट होने के बाद मैच एक बार फिर फंसता दिख रहा था, लेकिन डेविड मिलर ने जिम्मेदारी अपने कंधों पर ले ली. उन्होंने तेजी से रन बटोरे और पंजाब की वापसी की उम्मीदों को झटका दिया. मिलर ने 28 गेंदों में 51 रन की बेहतरीन पारी खेली, जिसमें 4 छक्के और 3 चौके शामिल रहे.
उधर, आशुतोष शर्मा ने छोटी लेकिन बेहद असरदार पारी खेली. उन्होंने सिर्फ 10 गेंदों में 24 रन बनाकर मैच का दबाव पूरी तरह खत्म कर दिया. आखिर में बल्लेबाजी करने आए आकिब ने अंत में छक्का लगा कर पूरा मैच दिल्ली के खाते में कर दिया. आखिरकार दिल्ली ने 3 विकेट से पंजाब को हरा कर ये मुकाबला अपने नाम कर लिया.
पंजाब की धमाकेदार शुरुआत
इससे पहले पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 210 रन बनाए. दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पंजाब को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया था.
पंजाब की शुरुआत शानदार रही. प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्य ने पहले विकेट के लिए 41 गेंदों में 78 रन जोड़ दिए. प्रभसिमरन 15 गेंदों में 18 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन प्रियांश आर्य ने तेजी से रन बनाना जारी रखा. उन्होंने 33 गेंदों में 56 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 6 छक्के और 2 चौके शामिल रहे.
श्रेयस अय्यर ने अंत तक संभाली पारी
दो शुरुआती विकेट गिरने के बाद श्रेयस अय्यर ने टीम की कमान संभाली. उन्होंने कूपर कोनोली के साथ तीसरे विकेट के लिए 52 गेंदों में 83 रन जोड़े. कूपर 27 गेंदों में 38 रन बनाकर आउट हुए.
आखिरी ओवरों में पंजाब को लगातार झटके लगे. मार्कस स्टोइनिस 1 रन बनाकर आउट हुए, जबकि अगली ही गेंद पर शशांक सिंह खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए. इसके बावजूद श्रेयस अय्यर ने सूर्यांश शेडगे के साथ मिलकर तेजी से रन जोड़े और टीम को 200 के पार पहुंचाया. अय्यर 36 गेंदों में 59 रन बनाकर नाबाद लौटे, जबकि सूर्यांश ने 8 गेंदों में 21 रन की तेज पारी खेली.
ये भी पढ़ें