Advertisement

IPL 2026 Playoff: चेन्नई की जीत से 3 टीमों में खलबली! प्लेऑफ में पहुंचने के लिए सीएसके की उम्मीदें कायम, दिल्ली और मुंबई के पास भी है चांस, ये है पूरा समीकरण

IPL 2026 के लिए प्लेऑफ की रेस अब रोमांचक हो गई है. लगातार दो जीत दर्ज करके चेन्नई सुपर किंग्स ने खलबली मचा दी है. प्लेऑफ में पहुंचने के लिए सीएसके की उम्मीदें कायम हैं. उधर, दिल्ली और मुंबई के पास भी चांस है. यहां आप प्लेऑफ का पूरा समीकरण जान सकते हैं. 

IPL 2026 Playoff
मिथिलेश कुमार सिंह
  • नई दिल्ली,
  • 06 मई 2026,
  • अपडेटेड 1:13 PM IST

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (Indian Premier League 2026) अब अपने अंतिम और सबसे रोमांचक दौर में पहुंच चुका है. आईपीएल 2026 के लिए प्लेऑफ की रेस अब रोमांचक हो गई है. लगातार दो जीत दर्ज करके चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने खलबली मचा दी है. प्लेऑफ में पहुंचने के लिए सीएसके की उम्मीदें कायम हैं. उधर, मुंबई इंडियंस (MI) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के पास भी प्लेऑफ में जाने का चांस है.

हालांकि प्लेऑफ में अभी 10 टीमों में से कोई भी टीम नहीं पहुंची है. पंजाब  किंग्स अभी अंक तालिका में टॉप पर है और सबसे नीचे लखनऊ की टीम है. आपको मालूम हो कि आईपीलए 2026 के लीग स्टेज के अंत में टॉप-4 टीमें ही प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करेंगी. यदि दो टीमें समान अंक पर रहती हैं तो फिर नेट रन रेट (NRR) के आधार पर अंक तालिका में उनकी रैंकिंग तय होगी. प्लेऑफ में कुल चार मुकाबले खेले जाते हैं. इनमें क्वालीफायर 1, एलिमिनेटर, क्वालीफायर 2 और फाइनल मैच शामिल हैं.

अंक तालिका में कौन और किस स्थान पर 
मौजूदा अंक तालिका की बात करें तो पंजाब किंग्स 9 मैचों में 13 अंकों के साथ पहले स्थान पर है. आरसीबी 12 अंकों और +1.420 नेट रन रेट के साथ दूसरे स्थान पर है. उधर, हैदराबाद, राजस्थान और गुजरात टाइटंस तीनों के पास 12-12 अंक हैं और वे क्रमशः नेट रन रेट के आधार पर अंक तालिका में तीसरे, चौथे और पांचवें नंबर पर हैं. चेन्नई सुपरकिंग्स और दिल्ली कैपिटल्स 9-9 मैचों में 8-8 अंकों के साथ नेट रन रेट के आधार पर छठे और सातवें स्थान पर हैं. केकेआर 7 अंकों संग आठवें स्थान पर है. मुंबई इंडियंस 10 मैचों में 3 जीत और 6 अंकों के साथ नौवें स्थान पर और लखनऊ सुपर जायंट्स 4 अंकों के साथ सबसे नीचे 10वें स्थान पर है.

प्लेऑफ में पहुंचने के लिए कितने अंक जरूरी
आईपीएल में 10 टीमों के खेलने के बाद 16 अंक प्लेऑफ के लिए सामान्य सीमा मानी जाती है. आईपीएल 2025 में भी इसी अंक के साथ टीमें क्वालीफाई हुई थीं. हालांकि 14 अंकों पर भी कभी-कभी टीमें पहुंची हैं, लेकिन इसके लिए बहुत सारे समीकरण बनने होंगे.

पंजाब किंग्स को चाहिए सिर्फ इतनी जीत 
आईपीएल 2026 की अंक तालिका में अभी टॉप पर पंजाब किंग्स है. इस टीम के कुल 13 अंक है. श्रेयस अय्यर की कप्तानी में इस टीम ने अभी तक शानदार प्रदर्शन किया है. पंजाब टीम ने अभी तक खेले गए 9 मैचों में से 6 में जीत दर्ज की है. इस टीम को दो मैच में हार मिली है जबकि एक मैच बेनतीजा रहा. अभी भी पंजाब के पास लीग स्टेज में 5 मैच बचे हुए हैं और उसे प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए सिर्फ दो जीत की जरूरत है. 

चेन्नई सुपर किंग्स के पास क्या है मौका 
चेन्नई सुपर किंग्स ने मंगलवार को दिल्ली कैपिटल्स को 8 विकेट से हरा दिया. इस तरह से सीएसके इस सीजन में लगातार दूसरी जीत दर्ज की. इस जीत के साथ ही चेन्नई ने प्लेऑफ की अपनी उम्मीदें कायम रखी हैं. हालांकि दिल्ली को हराने के बाद भी चेन्नई के प्वाइंट्स टेबल में कोई बदलाव नहीं हुआ है. जीत के बाद चेन्नई की टीम छठे स्थान पर है. सीएसके इस टूर्नामेंट में अबतक कुल 10 मैच खेल चुकी है और उसके 10 अंक हो गए हैं. लीग स्टेज में सीएसके को अभी 4 मैच और खेलने हैं, जिससे उसके पास 18 अंक तक पहुंचने का मौका है. प्लेऑफ में पहुंचने के लिए चेन्नई को कम से कम 16 अंक की जरूरत होगी है. ऐसे में टीम बचे हुए मैचों में से यदि 3 में भी विजय हासिल कर लेती है तो वह प्लेऑफ में पहुंच जाएगी. सीएसके की जबरदस्त वापसी के साथ ही टॉप की तीन टीमों की टेंशन भी बढ़ गई है. अभी सीएसके से आगे गुजरात टाइटंस, राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद है. 

चेन्नई से हारने के बाद दिल्ली का अब क्या होगा
चेन्नई से हारने के बावजूद दिल्ली अभी अपने 7वें स्थान पर कायम है. अक्षर पटेल की टीम दिल्ली कैपटिल्स 8 अंक के साथ 7वें स्थान पर है. इस टीम ने 4 मैच जीते हैं और 6 मैच में हार मिली है. दिल्ली अभी भी प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है. यदि दिल्ली अपने अगले चारों मैच जीत जाती है तो कुल 16 प्वाइंट के साथ वो प्लेऑफ में जगह बना सकती है. 

क्या प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर सकती है मुंबई इंडियंस
आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस अबतक 10 मैच खेल चुकी है. इसमें इस टीम को 7 मैचों में हार और सिर्फ तीन मैचों में जीत मिली है. हालांकि इसके बाद भी टीम प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर सकती है. मुंबई इंडियंस को अभी चार मैच खेलने हैं. यदि यह टीम अपने बाकी चारों मुकाबले जीत लेती है तो यह टीम अधिकतम 14 अंक तक पहुंच सकती है. ऐसे में इस टीम को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए दूसरी टीमों पर निर्भर रहना होगा. 

सनराइजर्स हैदराबाद के पास टॉप पर पहुंचने का मौका 
सनराइजर्स हैदराबाद टीम के पास टेबल टॉपर बनने का मौका है. आपको मालूम हो कि पैट कमिंस की अगुवाई में सनराइजर्स हैदराबाद टीम शानदार प्रदर्शन कर रही है. इस टीम के पास 10 मैचों में 6 जीत के साथ कुल 12 अंक हैं. सनराइजर्स हैदराबाद के पास बुधवार को अंक तालिका में टॉप पर पहुंचने का मौका है. इस टीम को अभी चार मैच खेलने हैं. 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement