Strengths and Weaknesses of 10 Team: IPL 2026 का 28 फरवरी से आगाज, 10 टीमें एक-दूसरे से भिड़ने को तैयार, जानें किस टीम की क्या है मजबूती और कमजोरी?   

Indian Premier League 2026: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है. IPL 2026 में कुल 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं. यहां आप जान सकते हैं किस टीम की क्या मजबूती है और क्या कमजोरी है?

IPL 2026
मिथिलेश कुमार सिंह
  • नई दिल्ली,
  • 27 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 3:07 PM IST

क्रिकेट फैंस चौके और छक्कों की बारिश देखने के लिए तैयार हो जाइए. इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का आगाज 28 मार्च 2026 से होने जा रहा है. IPL 2026 में कुल 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं. पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा. आईपीएल 2026 के शुरू होने से पहले हम बता रहे हैं कि किस टीम की क्या मजबूती और क्या कमजोरी है?

आईपीएल 2026 में ये टीमें ले रहीं हिस्सा
आईपीएल 2026 में जो 10 टीमें हिस्सा ले रहीं हैं, उनमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियंस, कोलकाता नाइट राइडर्स, दिल्ली कैपिटल्स, राजस्थान रॉयल्स, पंजाब किंग्स, गुजरात टाइटन्स, सनराइजर्स हैदराबाद और लखनऊ सुपर जायंट्स शामिल हैं.

1. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 
आईपीएल 2025 की विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम है. यह टीम आईपीएल 2026 में लगातार दूसरी बार विजेता बनना चाहेगी. आरसीबी की ताकत उसकी बेहतरीन बल्लेबाजी है. विराट कोहली, फिल सॉल्ट और रजत पाटीदार की तिकड़ी आरसीबी की टॉप ऑर्डर बल्लेबाजी को मजबूत बनाती है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पास टिम डेविड, जितेश शर्मा और रोमारियो शेफर्ड जैसे तीन बड़े मैच फिनिशर हैं. आईपीएल 2026 में गेंदबाजी इस बार टीम की कमजोर कड़ी नजर आ रही है. आरसीबी को शुरुआती मैचों में स्टार पेसर जोश हेजलवुड की कमी काफी खल सकती हैं जो फिटनेस की वजह से शुरुआती कुछ मैच मिस कर सकते हैं.यश दयाल निजी परेशानियों में घिरे हुए हैं. तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार 36 साल से ऊपर के हो गए हैं. टीम का स्पिन डिपार्टमेंट भी कमजोर दिख रहा है. सुयश शर्मा के तौर पर टीम के पास एक रिस्ट स्पिनर तो है लेकिन उसके तरकश में और रिस्ट स्पिनर विकल्प होने चाहिए थे. इस वजह से टीम की स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर कुणाल पांड्या पर काफी निर्भर होगी.

2. मुंबई इंडियंस
पांच बार की आईपीएल चैंपियन मुंबई इंडियंस सबसे बड़ी ताकत उसकी बल्लेबाजी है. टीम में रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, रेयान रिकेल्टन, शेरफेन रदरफोर्ड और क्विंटन डिकॉक जैसे धुरंधर बल्लेबाज हैं. फिनिशर के रूप में मुंबई इंडियंस के पास हार्दिक पंड्या, विल जैक्स और नमन धीर हैं. इस टीम की कमजोरी गेंदबाजी है. मुंबई इंडियंस के पास बेहतरीन स्पिन गेंदबाजों की कमी है. मिचेल सेंटनर टीम के प्रमुख स्पिनर हैं लेकिन वह लगातार विकेट नहीं झटक पाते. अफगानिस्तान के स्पिनर अल्लाह गफनजर के पास अनुभव की कमी है. मयंक मार्कंडे इस सीजन टीम में लौटे हैं लेकिन पिछले सीजन उन्हें एक भी मैच में मौका नहीं मिला था. उधर, तेज गेंदबाजी में भी गहराई की कमी नजर आ रही है. बुमराह और बोल्ट के बैकअप के तौर पर कोई स्ट्रांग गेंदबाज नजर नहीं आ रहा है.

3. चेन्नई सुपर किंग्स 
चेन्नई सुपर किंग्स की टीम आईपीएल 2026 में युवा एवं अनुभवी खिलाड़ियों से लैस है. आईपीएल 2026 में  चेन्नई सुपर किंग्स की सबसे बड़ी ताकत नई और मजबूत बैटिंग लाइनअप है. ऋतुराज गायकवाड़, संजू सैमसन, आयुष म्हात्रे, उर्विल पटेल, डेवाल्ड ब्रेविस और टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी बैटिंग यूनिट को मजबूती देंगे. इस टीम की कमजोरियों में अनुभवहीन स्पिन विभाग और डेथ ओवरों में गेंदबाजी की चिंता शामिल है. टीम का अनुभवहीन खिलाड़ियों पर निर्भर रहना भी खतरनाक हो सकता है. 

4. दिल्ली कैपिटल्स 
आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स की टीम अक्षर पटेल की कप्तानी में खिताब जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेगी. इस टीम में  युवा व अनुभव का अच्छा तालमेल नजर आ रहा है. दिल्ली कैपिटल्स की बल्लेबाजी बहुत अच्छी दिख रही है. टीम के पास केएल राहुल जैसा भरोसेमंद ओपनर बल्लेबाज हैं तो वहीं उनके साथ बेन डकेट, पाथुम निसंका दूसरे ओपनर्स हैं, साथ ही नीतिश राणा के आने से टीम की बल्लेबाजी में वैराइटी दिख रही है. इस टीम की सबसे बड़ी कमजोरी अहम मौके पर लड़खड़ा जाने की है. दिल्ली ने पिछले सीजन भी बेहतरीन शुरुआत की थी, लेकिन फिर वो आगे के मैचों में अपनी लय को बना नहीं रख पाए और अंतिम-4 में भी क्वालिफाई करने से चूक गए.

5. कोलकाता नाइट राइडर्स 
तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे हैं. कोलकाता नाइटराइजर्स की बड़ी ताकत स्पिन अटैक है. वरुण चक्रवर्ती और सुनील नरेन के रूप में दो मिस्ट्री स्पिनर्स मौजूद हैं. दोनों किसी भी विपक्षी टीम का सिरदर्द बन सकते हैं.  बल्लेबाजी में मिडिल ऑर्डर गेम चेंजर खिलाड़ियों से भरा पड़ा है. कप्तानी की बात आती है तो फिर से सवाल खड़ा हो जाता है. पिछले साल रहाणे की अगुवाई में टीम का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था. KKR की सबसे बड़ी कमजोरी उनके तेज गेंदबाजी की अनिश्चितता मानी जा रही है. टीम के कई प्रमुख तेज गेंदबाज चोट और अनुपलब्धता से जूझ रहे हैं, जिससे संतुलन बिगड़ सकता है.

6. पंजाब किंग्स 
पंजाब किंग्स के पास आईपीएल 2026 के लिए संतुलित स्क्वॉड नजर आ रहा है. इस टीम के पास एक से बढ़कर एक धुरंधर बल्लेबाज हैं. इस टीम को पांचवें गेंदबाज की कमी संकट में डाल सकती है. इसके अलावा सही प्लेइंग इलेवन तय करना भी कप्तान श्रेयस के पास सबसे बड़ी चुनौती होगी. 

7. राजस्थान रॉयल्स
राजस्थान रॉयल्स के पास आईपीएल 2026 के लिए एक से बढ़कर एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं. इस टीम की मजबूत कड़ी उसके युवा बल्लेबाज हैं लेकिन यहीं उसकी कमजोर कड़ी भी नजर आती है. प्रेशर वाले गेम में ये युवा धुरंधर खुद को कैसे संभालते हैं, ये देखना काफी दिलचस्प होगा. इसके अलावा विदेशी तेज गेंदबाजों की फिटनेस भी समस्या है. राजस्थान की कमान इस बार रियान पराग के हाथों में हैं. इस टीम वैभव सूर्यवंशी-यशस्वी जैसे विस्फोटक ओपनर हैं.

8. लखनऊ सुपर जायंट्स
लखनऊ सुपर जायंट्स की आईपीएल 2026 में मजबूत कड़ी उसकी गहरी बल्लेबाजी है. इस टीम में एक से बढ़कर एक विस्फोटक बल्लेबाज हैं. टीम के पास एडेन मार्करम और मिचेल मार्श जैसे ओपनर बल्लेबाज हैं, तो साथ ही निकोलस पूरन और ऋषभ पंत जैसे तूफानी बल्लेबाज मिडिल में मौजूद हैं. आईपीएल के इस सीजन लखनऊ सुपरजायंट्स की सबसे बड़ी कमजोरी गेंदबाजी में अनुभव की कमी हो सकती है. टीम के पास मोहम्मद शमी और वानिन्दु हसरंगा जैसे बड़े गेंदबाज जरूर हैं, लेकिन शमी काफी समय से इंटरनेशनल क्रिकेट से दूर हैं और हसरंगा को वर्ल्ड कप में चोटिल होना पड़ा. तेज गेंदबाजी में फिटनेस की समस्या इस टीम कमजोरी साबित हो सकती है. 

9. सनराइजर्स हैदराबाद
सनराइजर्स हैदराबाद शनिवार को अपना इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का अभियान शुरू करेगी. यह टीम इस सीजन के अपने पहले ही मैच में मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से भिड़ेगी.सनराइजर्स हैदराबाद की बल्लेबाजी और गेंदबाजी काफी मजबूत नजर आ रही है. SRH के पास एक बेहतरीन बैटिंग लाइन-अप है, जिसमें उनके ओपनर - अभिषेक शर्मा और ट्रैविस हेड - अगुवाई कर रहे हैं. नंबर तीन के बल्लेबाज ईशान किशन अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में हैं. टीम के मिडिल ऑर्डर में हेनरिक क्लासेन जैसा बड़ा हिटर भी मौजूद है. कैप्टन पैट कमिंस की मौजूदगी में गेंदबाजी काफी तीखी नजर आ रही है. टीम में अब भी विकेट लेने वाले स्पिनरों की कमी नजर आ रही है. चोटों ने टीम को बुरी तरह प्रभावित किया है, क्योंकि उनके नियमित कप्तान पैट कमिंस शुरुआती कुछ मैच नहीं खेल पाएंगे. दूसरी ओर, जैक एडवर्ड्स पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं. 

10. गुजरात टाइटंस 
गुजरात टाइटंस की टीम आईपीएल 2026 में संतुलित नजर आ रही है. इस टीम की रणनीतिक गेंदबाजी मजबूती है. इस टीम के पास मिडिल ऑर्डर की समस्या अब भी बनी हुई है. यहां पारी को गति देने वाले बड़े नाम नदारद नजर आ रहे हैं. 


 

Read more!

RECOMMENDED