क्रिकेटिंग आइकन MSD यानी भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर बिहार-झारखंड के सबसे ज्यादा आयकर दाता बने हैं. वित्तीय वर्ष 2025-26 में माही ने एक बार फिर व्यक्तिगत श्रेणी में सबसे अधिक इनकम टैक्स दिया है. इसकी घोषणा बिहार-झारखंड के प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त डॉ. डी सुधाकर राव ने रांची में की.
धोनी का जलवा है बरकरार
धोनी का जलवा बरकरार है. पहले उन्होंने क्रिकेट में बुलंदियों के झंडे गाड़े अब देश के जिम्मेदार नागरिक होने का दायित्व वह बखूबी निभा रहे हैं. इसके साथ ही और लोगों को भी जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश धोनी दे रहे हैं. धोनी बिहार झारखंड के व्यक्तिगत श्रेणी में नंबर वन आयकर दाता हैं. इसकी घोषणा खुद प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त बिहार-झारखंड ने की. उन्होने कहा कि धोनी एक बार फिर नंबर वन टैक्स पेयर बने हैं. हालांकि उन्होंने इस मौके पर आयकर की राशि नहीं बताई.
प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त डी. सुधाकर राव ने रांची के रेडिशन ब्लू में प्रेस वार्ता कर आयकर से संबंधित मामलों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि आयकर विभाग के आंकड़ों के मुताबिक पिछले वित्तीय वर्ष में झारखंड ने लगभग 12 हजार करोड़ रुपए का राजस्व दिया जबकि बिहार का योगदान करीब 8 हजार करोड़ रुपए रहा. कुल 20 हजार करोड़ रुपए के लक्ष्य में झारखंड का योगदान सबसे अधिक रहा. इससे झारखंड इस क्षेत्र में बिहार से आगे निकल गया है. विभाग के अनुसार राज्य का औद्योगिक और व्यापारिक ढांचा इस बढ़त का प्रमुख कारण है.
दी यह जानकारी
डी. सुधाकर राव ने बताया कि आयकर विभाग ने टैक्स चोरी पर सख्त कार्रवाई करते हुए 12 बड़े व्यापारिक समूहों पर छापेमारी की और 90 से अधिक मामलों में कार्रवाई दर्ज की है. वहीं एक बड़ा चिंताजनक तथ्य यह भी सामने आया कि लगभग 5 करोड़ पैन कार्ड धारकों में से सिर्फ 40 लाख लोग ही आयकर रिटर्न दाखिल करते हैं. इसके साथ ही उन्होंने झारखंड–बिहार संयुक्त आयकर परिक्षेत्र में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को सबसे बड़ा व्यक्तिगत टैक्सपेयर बताया गया है. प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त डी. सुधाकर राव के अनुसार धोनी समय पर और बड़े पैमाने पर टैक्स चुकाने वालों में शीर्ष पर हैं.
(सत्यजीत की रिपोर्ट)