WC 2023 Qualifiers: सुपर ओवर में वैन बीक का कमाल, ठोके 30 रन, दो बार की चैंपियन वेस्टइंडीज टीम को नीदरलैंड ने दी करारी हार

सुपर ओवर में वेस्टइंडीज टीम की ओर से गेंदबाजी करने आए जेसन होल्डर की नीदरलैंड के बल्लेबाज लोगन वैन बीक ने जमकर धुनाई की. छह बॉल पर 30 रन कूटे डाले. जवाब में वेस्टइंडीज टीम 8 रन ही बना पाई.

Van Beek (photo twitter)
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 26 जून 2023,
  • अपडेटेड 11:16 PM IST
  • वैन बीक ने सुपर ओवर में तीन सिक्स और तीन चौका जड़ा
  • दो विकेट भी चटकाए

आईसीसी वर्ल्ड कप क्वालिफायर 2023 के रोमांचक मुकाबले में नीदरलैंड ने बड़ा उलटफेर करते हुए दो बार की चैंपियन वेस्टइंडीज को हार का स्वाद चखाया. वेस्टइंडीज ने पहले खेलते हुए 374 रन बनाए. नीदरलैंड ने भी 374 रन बना दिए. इसके बाद सुपर ओवर में नीदरलैंड ने 30 रन बनाए. वेस्टइंडीज की टीम दो विकेट खोकर 8 रन ही बना पाई.

वेस्टइंडीज ने बनाए थे 374 रन
वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कोर बोर्ड पर 6 विकेट खोकर 374 रन बनाए थे. टीम के लिए मध्यक्रम में निकोलस पूरन ने 65 गेंदों पर 104 रन बनाए. उनकी पारी में 9 चौके और 6 छक्के शामिल थे. ब्रैंडन किंग ने 76 और जॉनसन चार्ल्स ने 54 रनों की पारी खेली. इसके जवाब में नीदरलैंड की ओर से तेजा निदामानुरु ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 111 रन जड़े. वहीं, लोगन वैन बीक ने आखिरी के ओवरों में 14 गेंदों पर 28 रन कूटे, जिसके चलते नीदरलैंड की टीम स्कोर को टाई कराने में सफल रही.

सुपर ओवर में वैन बीक ने मचाया धमाल
सुपर ओवर में वेस्टइंडीज टीम की ओर से गेंदबाजी करने आए जेसन होल्डर. नीदरलैंड की तरफ से स्ट्राइक पर लोगन वैन बीक थे. होल्डर के हाथ से निकली पहली गेंद पर ही बीक ने चौका जड़ दिया. इसके बाद दूसरी गेंद पर सिक्स, तीसरी पर चौका और चौथी गेंद पर फिर एक छक्का जड़ दिया. इस तरह से 4 गेंदों में 20 रन बन चुके थे. वेस्टइंडीज के खिलाड़ी हैरान और परेशान थे. ओवर की पांचवीं गेंद पर भी बीक ने छक्का जड़ दिया. लास्ट बॉल पर चौका लगाते हुए वह सुपर ओवर में कुल 31 रन बना डाले.  नीदरलैंड के लिए जीत के हीरो लोगन वैन बीक रहे. उन्होंने ही सुपर ओवर में बॉलिंग भी की. 8 रन देकर वैन वीक ने दोनों बल्लेबाजों को आउट कर दिया. इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला.

वेस्टइंडीज का वर्ल्ड कप खेलना मुश्किल
इस मैच को हारने के बाद भी वेस्टइंडीज ने सुपर-6 के लिए क्वॉलिफाई कर लिया है. लेकिन टीम वहां जीरो प्वाइंट के साथ पहुंची है. क्योंकि उसने अपने ग्रुप से सुपर-6 में पहुंचने वाली जिम्बाब्वे या नीदरलैंड में किसी पर जीत हासिल नहीं की. वहीं जिम्बाब्वे के 4 प्वाइंट हैं. दूसरे ग्रुप से श्रीलंका, स्कॉटलैंड और ओमान पहुंची है. सुपर-6 में टॉप-2 पर रहने वाली टीम वर्ल्ड कप के लिए क्वॉलिफाई करेगी. यदि वेस्टइंडीज इन तीनों को हरा देती है तो भी 6 प्वाइंट ही होंगे. वहीं जिम्बाब्वे टीम एक मैच जीतकर 6 प्वाइंट तक पहुंच जाएगी. जिम्बाब्वे का रन रेट भी बेहतर है. इसके साथ ही श्रीलंका और स्कॉटलैंड में एक टीम 6 प्वाइंट के साथ सुपर सिक्स में पहुंचेगी. अगर जिम्बाब्वे सुपर सिक्स में दो मैच जीत जाती है तो वेस्टइंडीज वर्ल्ड कप 2023 में नहीं खेल पाएगी.

 

Read more!

RECOMMENDED