Advertisement

Triple Super Over: एक मैच, तीन सुपर ओवर! नीदरलैंड और नेपाल के मैच में बना इतिहास, जानिए मैच की पूरी कहानी

नेपाल और नीदरलैंड्स के बीच ग्लासगो में खेले गए टी20 मुकाबले में कुछ ऐसा देखने को मिला, जो अब तक नहीं दिखा था. इस मैच में तीन सुपर ओवर खेले गए. लेकिन आतिशबाज़ी भरे मैच का अंत बेहद खामोशी के साथ हुआ. क्या रही इस मैच की कहानी, आइए डालते हैं नज़र.

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब तक ऐसा नहीं हुआ था.
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 17 जून 2025,
  • अपडेटेड 2:10 PM IST

नीदरलैंड्स और नेपाल के बीच ग्लासगो में खेले गए दूसरे टी20 में कुछ ऐसा हुआ, जो अब तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नहीं देखा गया था. इस कांटे की टक्कर के मुकाबले में नीदरलैंड्स और नेपाल ने तीन सुपर ओवर खेले. यह पहली बार था कि कोई अंतरराष्ट्रीय मैच तीसरे सुपर ओवर तक चला हो. आखिर इस मुकाबले में नीदरलैंड्स ने बाज़ी मारी. आइए जानते हैं कैसा रहा यह मैच

आखिरी ओवर में नंदन की आतिशबाज़ी
नेपाल को 153 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आखिरी ओवर में 16 रन की ज़रूरत थी. नेपाल ने नंदन यादव के दो चौकों की बदौलत इस ओवर में 15 रन बनाकर मैच को सुपर ओवर में पहुंचा दिया. नंदन के अलावा रोहित पौड़ेल (35 गेंद, 48 रन) और सलामी बल्लेबाज कुशल भुर्तेल (23 गेंद, 34 रन) ने नेपाल को मज़बूत शुरुआत दी थी. आखिर में 10वें नंबर के बल्लेबाज नंदन ने चार गेंद पर 12 रन बनाकर मैच को सुपर ओवर में पहुंचाने का काम किया.

पहला सुपर ओवर - 19 रन
डैनियल डोरम ने नीदरलैंड्स के लिए पहला सुपर ओवर डाला. मैच के चार ओवरों में डोरम ने सिर्फ 14 रन दिए थे लेकिन सुपर ओवर में उन्हें 19 रन पड़े. भुर्तेल ने नेपाल को 19 रन तक पहुंचाने के लिए दो छक्के और एक चौका लगाया. नीदरलैंड्स के लिए इस स्कोर का पीछा करने उतरे माइकल लेविट ने पहली गेंद पर छक्का जड़ा, जबकि पांचवीं गेंद पर मैक्स ओ'डाउड ने एक छक्का लगाया. आखिरी गेंद पर नीदरलैंड्स को पांच रन की ज़रूरत थी लेकिन मैक्स सिर्फ चौका ही मार सके.

दूसरा सुपर ओवर - 17 रन
दूसरे सुपर ओवर में नेपाल के ललित राजवंशी को गेंद सौंपी गई. उन्हें शुरुआती दो गेंदों पर दो छक्के पड़े लेकिन बची हुई चार गेंदों पर उन्होंने सिर्फ पांच रन ही दिए. जब नेपाल 17 रन के स्कोर का पीछा करने उतरी तो रोहित पौड़ेल ने पहली ही गेंद पर छक्का जड़ दिया. काइल क्लाइन के इस ओवर की पांच गेंदों पर सिर्फ 11 रन ही आए.  नेपाल को जीत हासिल करने के लिए आखिरी गेंद पर सात रन की ज़रूरत थी. हालांकि दीपेंद्र सिंह एरी ने इस गेंद पर छक्का लगाकर इतिहास रच दिया.

आखिरी सुपर ओवर - 1 रन
इससे पहले कोई भी अंतरराष्ट्रीय मैच तीसरे सुपर ओवर तक नहीं गया था लेकिन एरी के एक छक्के ने इतिहास रच दिया था. नेपाल के खिलाड़ियों का आत्मविश्वास देख लग रहा था कि वे यह मैच जीत जाएंगे लेकिन नीदरलैंड्स के ऑफ-स्पिनर ज़ैक-लायन कैचेट ने इन उम्मीदों पर पानी फेर दिया. उन्होंने तीसरे सुपर ओवर में एक भी रन दिए बिना पौड़ेल और रुपेश सिंह का विकेट ले लिया. आखिर नीदरलैंड्स को जीत के लिए सिर्फ एक रन की ही ज़रूरत थी. लेविट ने संदीप लमिछाने को एक छक्का लगाकर मैच को आखिरकार खत्म किया.

कैचेट को ही मैन ऑफ द मैच चुना गया. यह मैच स्कॉटलैंड, नीदरलैंड्स और नेपाल के बीच खेली जा रही ट्राई-सीरीज़ का हिस्सा है. स्कॉटलैंड ने जहां अब तक अपना एकमात्र मैच जीता है, वहीं नीदरलैंड्स को दो में से एक मैच में जीत मिली है. नेपाल को अब तक अपने एकमात्र मुकाबले में हार का स्वाद चखना पड़ा है. 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement