Advertisement

IND vs PAK: भारत-पाक मैच से पहले सियासत शुरू, ओवैसी, गिरिराज सिंह समेत कई नेता मैदान में, देखें किसने क्या कहा

हाल के दिनों में कश्मीर में आतंकी घटनाएं बढ़ी हैं. आतंकियों ने आम नागरिकों को अपना निशाना बनाया है. इस बीच सेना का सर्च ऑपरेशन जारी है और कई आतंकियों को मार गिराया है, लेकिन पिछले एक हफ्ते में नौ जवान भी शहीद हो गए हैं. इसी वजह से देश में पाकिस्तान को लेकर गुस्सा बढ़ा है.

India vs Pakistan
अंकुर बाजपेयी
  • नई दिल्ली ,
  • 19 अक्टूबर 2021,
  • अपडेटेड 10:05 PM IST
  • कई बीजेपी नेताओं ने भी इस मैच को रद्द करने कि मांग की है.

संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में चल रहे टी-20 क्रिकेट विश्वकप में 24 अक्टूबर को भारत और पाकिस्तान का मैच होना है. लेकिन भारत और पाकिस्तान के इस अहम मुकाबले से पहले देश में इस मैच को लेकर सियासत  शुरू हो गई है. देशभर के कई नेता इस मुकाबले के विरोध में उतर  आए हैं. कई बीजेपी नेताओं ने भी इस मैच को रद्द करने कि मांग की है. 

    
Ind vs Pak: किसने क्या कहा?

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है कि भारत और पाकिस्तान के बीच मैच नहीं होना चाहिए.  उन्होंने कहा इस पर फिर से विचार करने की जरूरत है. गिरिराज सिंह के बाद  बिहार के उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने भारत-पाकिस्तान मैच को रद्द करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि ऐसा करने से पाकिस्तान को संदेश जाएगा कि यदि वह आतंकवाद और आतंकवादियों का समर्थन जारी रखेगा तो भारत उससे किसी भी तरह का संबंध नहीं रखेगा.  

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने भी मोदी सरकार पर हमला करते हुए इस मैच का विरोध किया है. उन्होंने कहा कि एक तरफ जवान मर रहे हैं और आप पाकिस्तान के साथ टी20 मैच खेलेंगे.  उन्होंने कहा कि क्या पीएम मोदी जी ने नहीं कहा था कि फौज मर रही है और मनमोहन सिंह की सरकार बिरयानी खिला रही है? लेकिन अब जब 9 सैनिक शहीद हो गए तो आप T20 खेलेंगे? 

आम आदमी पार्टी ने भी भारत-पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच को रद्द करने की मांग की है. आप नेता आतिशी ने कहा कि एक तरफ पाकिस्तान कश्मीर में आम भारतीय नागरिकों पर हमले करवा रहा है ऐसे में उसके साथ मैच नहीं खेला जाना चाहिए. जब तक भारत में इस तरह के हमले बंद नहीं होंगे, तब तक कोई भी मैच खेलना सही नहीं होगा.  वहीं बीजेपी सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने भी भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले टी-20 विश्व कप मैच को लेकर गृह मंत्री पर निशाना साधा है. स्वामी ने कहा- “टेरर सेल्समैन पाकिस्तान के साथ क्रिकेट मैच कराने की क्या जरूरत है? क्या बीसीसीआई के जय शाह जानते हैं कि उनके पिता गृह मंत्री के रूप में क्या उपदेश दे रहे हैं? सट्टे से पैसा कमाने वाले दुबई डॉन्स के लिए क्रिकेट खेलना अनिवार्य है. इसलिए इस क्रिकेट मैच को रद्द करें और देश का सम्मान बचाएं”।

इस विरोध के बीच बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा -''हम हत्याओं (जम्मू-कश्मीर में) की कड़ी निंदा करते हैं.  आतंकी संगठनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.  जहां तक मैच  का सवाल है, ICC की अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं के तहत आप किसी के खिलाफ खेलने से मना नहीं कर सकते. आपको आईसीसी टूर्नामेंट में खेलना है. ''

 

क्यों उठ रही मैच को रद्द करने कि मांग? 

हाल के दिनों में कश्मीर में आतंकी घटनाएं बढ़ी हैं. आतंकियों ने आम नागरिकों को अपना निशाना बनाया है. इस बीच सेना का सर्च ऑपरेशन जारी है और कई आतंकियों को मार गिराया है,  लेकिन पिछले एक हफ्ते में नौ जवान भी शहीद हो गए हैं. इसी वजह से देश में पाकिस्तान को लेकर गुस्सा बढ़ा है. कश्मीर में हो रही आतंकी घटनाओं को देखते हुए भारत-पाकिस्तान के मैच का विरोध हो रहा है.  

आपको बता दें, 24 अक्टूबर के मैच में भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट टीमें 5 साल बाद एक-दूसरे के आमने-सामने आएंगी. 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement