IPL 2026: बेंगलुरु या हैदराबाद... आज कौन बनेगा विजेता? हेड टू हेड में Royal Challengers Bangalore और Sunrisers Hyderabad में से किसका पलड़ा भारी, जानें RCB और SRH में से आखिरी मैच कौन जीता था?

Royal Challengers Bangalore VS Sunrisers Hyderabad Match: आईपीएल 2026 का आगाज आज यानी 28 मार्च से शुरू हो रहा है. पहला मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा. यहां आप जान सकते हैं हेड टू हेड रिकॉर्ड में बेंगलुरु या हैदराबाद में से किसका पलड़ा भारी है. 

Royal Challengers Bangalore VS Sunrisers Hyderabad Match
मिथिलेश कुमार सिंह
  • नई दिल्ली,
  • 28 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 12:30 PM IST
  • आज शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा RCB और SRH के बीच मैच
  • आईपीएल में अब तक 26 बार दोनों टीमों में हो चुकी है टक्कर

इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League) के 19वें सीजन का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है. आईपीएल 2026 (IPL 2026) का पहला मैच शनिवार शाम को डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (Royal Challengers Bangalore) और सनराइजर्स हैदराबाद (Sunrisers Hyderabad) के बीच खेला जाएगा. यह मैच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा.  

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की कमान जहां रजत पाटीदार (Rajat Patidar) के हाथों में है वहीं कप्तान पैट कमिंस के चोटिल होने के कारण शुरुआती मैचों के लिए सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की जिम्मेदारी ईशान किशन (Ishan Kishan) के कंधों पर है. यहां आप जान सकते हैं हेड टू हेड रिकॉर्ड में बेंगलुरु या हैदराबाद में से किसका पलड़ा भारी है. आपको मालूम हो कि RCB और SRH के बीच जब भी मैच होता है तो फैंस को हर बार हाई स्कोरिंग मुकाबला देखने को मिलता है. ऐसे में शनिवार को भी दोनों टीमों के खिलाड़ी चौके-छक्कों की बारिश कर सकते हैं. 

आरसीबी और एसआरएच का कैसा है हेड टू हेड रिकॉर्ड?
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) की टीमें आईपीएल के इतिहास में अब तक कुल 26 बार एक-दूसरे से भिड़ चुकी हैं. इन मैचों में 13 बार सनराइजर्स हैदराबाद ने जीत दर्ज की है. उधर, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 11 मैचों में जीत मिली है. दोनों टीमों के बीच दो मुकाबले का फैसला नहीं हो सका है.ऐसे में सनराइजर्स हैदराबाद का पलड़ा थोड़ा भारी लग रहा है. हालांकि पिछले पांच मैचों में आरसीबी ने एसआरएच पर अपना दबदबा बनाने की कोशिश की है. यदि बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम की बात करें तो यहां अब तक इन दोनों टीमों के बीच आईपीएल के 9 मुकाबले हुए हैं. आरसीबी ने अपने होम ग्राउंड पर पांच बार हैदराबाद को हराया है. उधर, सनराइजर्स हैदराबाद की टीम इस मैदान पर सिर्फ तीन मैच ही जीत सकी है. 

RCB और SRH में से आखिरी मैच कौन जीता था 
आपको मालूम हो कि आईपीएल 2025 में RCB और SRH में आखिरी मुकाबला खेला गया था. इस आखिरी टक्कर में दोनों टीमों ने मिलकर 400 रन का आंकड़ा पार किया था. ईशान किशन ने इस मैच में आरसीबी के गेंदबाजों की खूब कुटाई की थी. ईशान किशन ने 94 रनों की पारी खेली थी, वह सिर्फ 6 रन से शतक से चूक गए थे. इस मैच में ईशान किशान ने 7 चौके और 5 छक्के लगाए थे. ईशान किशन की इस पारी के बदौलत SRH ने निर्धारित 20 ओवर में 231 रन बनाए थे.  उधर, जीत के लिए 232 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी की पूरी टीम 189 रनों पर आउट हो गई थी.आरसीबी पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल पाई थी. इस मैच में  फिल सॉल्ट ने 62 रन और विराट कोहली ने 43 रन बनाकर आरसीबी को अच्छी शुरुआत दी थी, लेकिन मिडिल ऑर्डर के निराशाजनक प्रदर्शन के चलते आरसीबी को हार मिली थी. 

आरसीबी और एसआरएच का ये मुकाबला भी रहा है यादगार
आईपीएल 2024 में आरसीबी और एसआरएच के बीच खेला गया हाईस्कोरिंग मुकाबला भी यादगार रहा है. एसआरएच ने इस मैच में पहले खेलते हुए 287 रनों का हाईएस्ट स्कोर बनाया था. उधर, इस लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी ने भी 262 रन बना लिए थे. इस तरह से दोनों टीमों ने मिलकर 549 रन बनाए थे. यह आईपीएल के इतिहास में दोनों टीमों द्वारा एक मैच में बनाए गए सबसे ज्यादा रन है. हैदराबाद के लिए ट्रैविस हेड ने 102 रन बनाए थे. क्लासेन ने 31 गेंदों पर 67 रन और अब्दुल समद ने 10 गेंदों पर 37 रन बनाए थे. आरसीबी की ओर से दिनेश कार्तिक ने 35 गेंदों पर 7 छक्कों और 5 चौकों की मदद से 83 रन बनाए थे. हालांकि इसके बावजूद वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए थे. 

दोनों टीमों का फुल स्क्वाड 
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु:
रजत पाटीदार (कप्तान), विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, फिल साल्ट, जितेश शर्मा, क्रुणाल पंड्या, स्वप्निल सिंह, टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, जैकब बेथेल, जोश हेजलवुड, यश दयाल, भुवनेश्वर कुमार, नुवान तुषारा, रसिख सलाम, अभिनंदन सिंह, सुयश शर्मा, वेंकटेश अय्यर, जैकब डफी, सात्विक देसवाल, मंगेश यादव, जॉर्डन कॉक्स, विक्की ओस्टवाल, विहान मल्होत्रा और कनिष्क चौहान. 

सनराइजर्स हैदराबाद: ईशान किशन (कप्तान), पैट कमिंस, ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, अनिकेत वर्मा, आर. स्मरण,हेनरिक क्लासेन, नितीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, कामेंदु मेंडिस, हर्षल पटेल, ब्रायडन कार्से, जयदेव उनादकट, ईशान मलिंगा, जीशान अंसारी, शिवांग कुमार, सलिल अरोड़ा, साकिब हुसैन, ओंकार तरमाले, अमित कुमार, प्रफुल्ल हिंगे, क्रेन्स फुलेट्रा, लियाम लिविंगस्टोन, शिवम मावी और जैक एडवर्ड्स.


 

Read more!

RECOMMENDED