सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेले गए इस मुकाबले में जो हुआ, वो लंबे समय तक याद रखा जाएगा. खासकर दो नए खिलाड़ियों को, प्रफुल हिंगे और साकिब हुसैन. इन्होंने अपने डेब्यू मैच में ही ऐसा प्रदर्शन किया, जिसने पूरी मैच की दिशा ही बदल दी. दोनों गेंदबाजों ने 4-4 विकेट लेकर राजस्थान को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया.
हैदराबाद को मिला शुरुआती झटका, फिर संभली टीम
राजस्थान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और शुरुआत भी शानदार रही. जोफ्रा आर्चर ने पहली ही गेंद पर विकेट लेकर हैदराबाद को झटका दे दिया.
लेकिन इसके बाद ईशान किशन और ट्रेविस हेड ने मिलकर पारी को संभाला. दोनों ने मिलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. हालांकि किशन के आउट होने के बाद थोड़ी रफ्तार जरूर धीमी हुई, लेकिन निचले क्रम के बल्लेबाजों ने अहम रन जोड़ते हुए स्कोर को 20 ओवर में 216/6 तक पहुंचा दिया.
राजस्थान की शुरुआत
216 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान की टीम शुरुआत से ही दबाव में आ गई. प्रफुल हिंगे ने अपने डेब्यू मैच में ही कमाल करते हुए पहले ही ओवर में वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल और लुआन-ड्रे प्रिटोरियस को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया.
इसके बाद साकिब हुसैन ने यशस्वी जायसवाल को आउट कर राजस्थान की हालत 4 विकेट पर 4 रन कर दी. कप्तान रियान पराग भी जल्द ही आउट हो गए और राजस्थान की टीम फिल्ड पर संघर्ष करती नजर आई.
फरेरा के आउट होती टूटा राजस्थान का मनोबल
इस मुश्किल वक्त में राजस्थान के लिए डोनोवन फरेरा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में 69 रन बनाए. उन्होंने रविंद्र जडेजा के साथ मिलकर 118 रनों की साझेदारी की और टीम को थोड़ा संभालने की कोशिश की.
लेकिन जब लग रहा था कि मैच पलट सकता है, तभी साकिब हुसैन ने फरेरा को आउट कर दोनों बल्लेबाजों की साझेदारी तोड़ दी. इसके बाद ईशान मलिंगा ने जडेजा को पवेलियन भेजकर राजस्थान की उम्मीदों पर पूरी तरह पानी फेर दिया.
डेब्यू खिलाड़ियों ने बनाया मैच का हीरो
इस मुकाबले की सबसे बड़ी बात रही प्रफुल हिंगे और साकिब हुसैन का प्रदर्शन. दोनों का IPL का ये पहला मैच है, यूं कहें तो दोनों गेंदबाज डेब्यू स्टार साबित हुए हैदराबाद के लिए. दोनों ने अपने पहले ही मैच में 4-4 विकेट लेकर ये साबित कर दिया कि टीम को नए सितारे मिल चुके हैं.
ये भी पढ़ें