Advertisement

T20 World Cup 2026: बस एक जीत और भारत सेमीफाइनल में, सूर्या ब्रिगेड Eden Gardens में West Indies से भिड़ने को तैयार, जानें कैसा है वेस्टइंडीज के खिलाफ Team India का रिकॉर्ड?

T20 World Cup 2026, Super 8 India vs West Indies: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण में गुरुवार को भारत ने जिम्बाब्वे को 72 रनों से हरा दिया. अब टीम इंडिया को अपने आखिरी सुपर-8 मुकाबले में वेस्टइंडीज से भिड़ना है. इस मैच को जीतते ही भारत सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा. आइए जानते हैं भारत का वेस्टइंडीज के खिलाफ रिकॉर्ड कैसा है?

India vs West Indies Match
मिथिलेश कुमार सिंह
  • नई दिल्ली,
  • 27 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 12:47 PM IST
  • 1 मार्च को है भारत और वेस्टइंडीज के बीच मैच 
  • टीम इंडिया को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए यह मुकाबला जीतना ही होगा

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) के सुपर-8 (Super 8) चरण में भारत (India) ने अपना पहला मैच साउथ अफ्रीका से हारने के बाद दूसरे मुकाबले में जोरदार वापसी की है. गुरुवार को भारत ने जिम्बाब्वे को 72 रनों से हरा दिया. अब टीम इंडिया को अपने आखिरी सुपर-8 मुकाबले में वेस्टइंडीज से भिड़ना है. इस मैच को जीतते ही भारत सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा. यह मैच 1 मार्च 2026 को कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला जाएगा. यह मुकाबला शाम 7:00 बजे से खेला जाएगा.  

टीम इंडिया के लिए गुरुवार का दिन रहा अच्छा
टीम इंडिया के लिए गुरुवार का दिन काफी अच्छा रहा. टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में गुरुवार को जहां साउथ अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को 9 विकेट से हराया तो वहीं टीम इंडिया जिम्बाब्वे को 72 रनों से हराने में कामयाब रही. इस तरह से भारतीय टीम की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें कायम हैं. भारत ने जिम्बाब्वे से टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 256 रन बनाए थे. इसके जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 184 रन ही बना सकी थी. इस तरह से टीम इंडिया ने इस मैच को 72 रनों से जीत लिया. इन नतीजों के बाद भारत और वेस्टइंडीज के बीच रविवार को होने वाला मैच नॉकआउट की तरह हो गया है. इस मैच में जो भी टीम जीतेगी वह सेमीफाइनल में पहुंचेगी. हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी. ग्रुप-1 से साउथ अफ्रीका ने क्वालिफाई कर लिया है. यदि टीम इंडिया अगले मैच में वेस्टइंडीज को हरा देती है तो वह भी सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी. 

अभी भारत का नेट रन रेट है वेस्टइंडीज से कम  
सुपर-8 में साउथ अफ्रीका से हारने के बाद भारत का नेट रन रेट माइनस में चला गया था. जिम्बाब्वे को हराने के बाद भारत के नेट रन रेट में सुधार तो हुआ है लेकिन वह अभ भी माइनस में है. टीम इंडिया सुपर-8 के ग्रुप-1 में अभी तीसरे स्थान पर है. इस ग्रुप में सबसे ऊपर साउथ अफ्रीका, दूसरे स्थान पर वेस्टइंडीज और भारत नेट रन रेट -0.100 के साथ तीसरे स्थान पर भारत है. 

ग्रुप-1 प्वाइंट्स टेबल
1. साउथ अफ्रीका: प्वाइंट्स 4, नेट रन रेट 2.890 
2. वेस्टइंडीज: प्वाइंट्स 2, नेट रन रेट 1.791
3. भारत: प्वाइंट्स 2, नेट रन रेट -0.100
4. जिम्बाब्वे: प्वाइंट्स 0, नेट रन रेट -4.475

...तो वेस्टइंडीज को होगा फायदा
साउथ अफ्रीका टीम के 4 प्वाइंट्स है. भारत और वेस्टइंडीज दोनों के 2-2 प्वाइंट्स हैं लेकिन नेट रन रेट के हिसाब से विंडीज टीम भारत से ऊपर है. भारत और वेस्टइंडीज के बीच कोलकाता में मैच खेला जाना है. यदि यह मैच बारिश की वजह से धूल जाता है तो भारत और वेस्टइंडीज दोनों टीमों को 1-1 अंक मिलेगा. ऐसी स्थिति में वेस्टइंडीज को फायदा मिलेगा. भारत और वेस्टइंडीज दोनों के 3-3 अंक हो जाएंगे. नेट रन रेट बेहतर होने की वजह से वेस्टइंडीज टीम फाइनल में पहुंच जाएगी. 

ऐसा है भारत का वेस्टइंडीज के खिलाफ रिकॉर्ड
टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में भारत ने वेस्टइंडीज को ओवरऑल 63 प्रतिशत मैच में हराए हैं लेकिन टी-20 वर्ल्ड कप में भारत पर वेस्टइंडीज का पलड़ा भारी रहा है. आईसीसी टूर्नामेंट में भारत और वेस्टइंडीज टीमें साल 2009 में पहली बार एक-दूसरे से भिड़ी थीं. वेस्टइंडीज ने लॉर्ड्स में खेले गए इस मैच में भारत को 7 विकेट से हराया था. इसके बाद साल 2010 में वेस्टइंडीज ने भारत को 14 रनों से हराया था. भारत को इकलौती जीत 2014 में मिली थी. उस समय भारतीय टीम 7 विकेट से जीती थी. दोनों टीमें टी-20 वर्ल्ड कप 2016 में मुंबई के मैदान पर सेमीफाइनल में भिड़ी थीं. इस मैच को वेस्टइंडीज ने 7 विकेट से जीत लिया था.

भारत के पास वेस्टइंडीज से बदला लेने का मौका 
भारत के पास 1 मार्च 2026 को ईडन गार्डन्स स्टेडियम में वेस्टइंडीज से बदला लेने का मौका है. दरअसल, टी-20 वर्ल्ड कप 2016 के सेमीफाइनल मैच में वेस्टइंडीज ने भारत को हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया था. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में यह मैच खेला गया था. इस मैच में विराट कोहली ने शानदार 89 रनों की पारी खेली थी. भारत ने कुल 192 रन बनाए थे. इस मैच को वेस्टइंडीज ने दे गेंद बाकी रहते 7 विकेट से जीत लिया था. अब भारत के पास वेस्टइंडीज टीम के खिलाफ जीत दर्ज कर हार का बदला लेने और सेमीफाइनल का टिकट हासिल करने का मौका है.

टी-20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम 
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रिंकू सिंह, हर्षित राणा, कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती.

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए वेस्टइंडीज का स्क्वाड
शे होप (कप्तान), शिम्रोन हेटमायर, जॉनसन चार्ल्स, ब्रैंडन किंग, रोस्टन चेज़, जेसन होल्डर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड, क्वेंटिन सैम्पसन, अकील होसेन, गुडाकेश मोती, शमर जोसेफ, जेडन सील्स, मैथ्यू फोर्डे.


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement