मैदान तैयार है. टीम इंडिया में वही 15 साल वाली जीत की भूख दिखाई दे रही है. पहले एडिलेड ओवल का सेमीफाइनल जीतेंगे और फिर मेलबर्न के फाइनल में पाकिस्तान को हरा. जीत का तिरंगा फहराया जाएगा. ऐसा इसलिए भी कहा जा सकता है क्योंकि ऐसे कई फैक्टर हैं, जिसके दम पर टीम इंडिया साल 2007 के बाद एक बार फिर खिताब जीतने के लिए तैयार है. चलिए आपको वो फैक्टर्स समझाते हैं.
फैक्टर नंबर 1: जीत की लय
टीम इंडिया इस वक्त शानदार लय में नजर आ रही है. ग्रुप 2 में टॉप होकर भारत ने धमाकेदार अंदाज में सेमीफाइनल में एंट्री की. एक साउथ अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले को छोड़ दिया जाए तो भारत ने पाकिस्तान, नीदरलैंड, बांग्लादेश और जिम्बाब्वे को हराया. खेल के तीनों डिपार्टमेंट में अब गजब का तालमेल दिख रहा है. जिससे खिलाड़ियों का आत्मविश्वास सातवें आसमान पर है.
फैक्टर नंबर 2: विराट का हल्ला बोल
इस विश्व कप में विराट कोहली का बल्ला जमकर हल्ला बोल रहा है. खासतौर पर पाकिस्तान के खिलाफ उनके बल्ले से रनों की बरसात होती है. पहले ही मैच में वो अकेले दम पर टीम इंडिया को बेशकीमती जीत दिलाई. पाकिस्तान के खिलाफ विराट ने 53 गेंद पर 82 रन की नाबाद पारी खेली थी. इस दौरान उनके बल्ले से छह चौके और 4 छक्के निकले थे जबकि स्ट्राइक रेट था 155 का था. T20 वर्ल्ड कप में विराट ने अब तक 5 मैचों में पाकिस्तान के खिलाफ 308 रन बनाए हैं. इन पारियों के दौरान पाकिस्तान गेंदबाज उन्हें सिर्फ एक बार ही आउट कर पाए हैं. T20 वर्ल्ड कप में लक्ष्य का पीछा करते हुए विराट कोहली का औसत 271 का है.
फैक्टर नंबर 3: 'मिस्टर 360': सूर्य कुमार यादव
इस टूर्नामेंट में सूर्यकुमार यादव के सामने विरोधी गेंदबाज पनाह मांगते नजर आ रहे है. सूर्य कुमार यादव ने अपनी बेखौफ बल्लेबाजी से एबी डिविलियर्स की याद दिला दी है. हालात कैसे भी हो, सूर्या रूकते नहीं..बस बरसते रहते हैं. इस वर्ल्ड कप में रनों के मामले में सूर्या से सिर्फ विराट कोहली आगे हैं. लेकिन स्ट्राइक रेट में सूर्या आगे हैं. उन्होंने 193 के स्ट्राइक रेट से 225 रन बनाए हैं.
फैक्टर नंबर 4: गेंदबाजों का जौहर
भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद शमी और हार्दिक पांड्या की चौकड़ी का खूब जोर देखने को मिल रहा है. अर्शदीप सिंह ने 5 मैच में 10 विकेट, हार्दिक पांड्या 5 मैच में 8 विकेट, शमी पांच मैचों में छह विकेट, भुवनेश्वर कुमार 5 मैच में 4 विकेट चटकाए हैं. जबकि आर अश्विन ने अपने कलाई के जोर से अभी तक छह विकेट झटके हैं.
फैक्टर नंबर 5: पाकिस्तान के खिलाफ शानदार रिकॉर्ड
पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का शानदार रिकॉर्ड है. आंकड़ों की बात करें तो अभी तक दोनों टीमों के बीच सात मुकाबले हुए हैं. जिसमें छह मुकाबले में भारतीय टीम को जीत हासिल हुई है. जबकि एक मैच पाकिस्तान जीतने में कामयाब रहा है. मतलब साफ है. उम्मीद पूरी है कि 2007 के बाद एक बार फिर टीम इंडिया ट्रॉफी उठाएगी.