इंटरनेशनल क्रिकेट में वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू का इंतजार लगातार बढ़ता जा रहा है. आयरलैंड दौरे के लिए भी सूर्यवंशी का टीम में चयन हुआ था. उसके बाद इंग्लैंड दौरे के लिए भी टीम में हैं. लेकिन अब तक उनको डेब्यू का मौका नहीं मिला है. लेकिन ये पहली बार नहीं है, जब भारतीय क्रिकेट में किसी खिलाड़ी को डेब्यू के लिए इतना इंतजार करना पड़ा है. क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर को एक साल तक बेंच पर बैठकर डेब्यू का इंतजार करना पड़ा था.
सालभर चला था सचिन का इंतजार-
वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू को लेकर खूब चर्चा हो रही है. सोशल मीडिया पर डेब्यू में देरी की आलोचना हो रही है. यूजर्स टीम मैनेजमेंट पर तरह-तरह के सवाल उठा रहे हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि सचिन तेंदुलकर को भी एक बार एक साल तक बेंच पर बिताना पड़ा था. उस समय उनका घरेलू क्रिकेट के लिए मुंबई टीम में सलेक्शन हुआ था. लेकिन एक साल तक वो बेंच पर बैठे रहे. लेकिन उनको डेब्यू का मौका नहीं मिला था.
14 साल थी सचिन तेंदुलकर की उम्र-
जिस तरह से वैभव सूर्यवंशी के खेल की हर तरफ चर्चा हो रही है. मीडिया से लेकर सोशल मीडिया तक पर सूर्यवंशी के चर्चे हैं. उसी तरह से 1980 के दशक में सचिन तेंदुलकर की चर्चा होती थी. सचिन ने स्कूल क्रिकेट में धूम मचाया था. जिसके बाद अखबारों से लेकर चाय की दुकानों तक पर उनकी चर्चा हो रही थी.
सचिन तेंदुलकर को साल 1987/88 के घरेलू सीजन के लिए मुंबई की टीम में चयन हुआ था. सबको लग रहा था कि 14 साल के सचिन का डेब्यू जल्द ही हो जाएगा. लेकिन धीरे-धीरे वक्त बीतता गया. लेकिन सचिन मैदान पर खेलते हुए दिखाई नहीं दिए. एक साल तक सचिन तेंदुलकर को बेंच पर बैठना पड़ा. एक साल तक सचिन को कोई भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला.
डेब्यू मैच में बनाया था शतक-
14 साल की उम्र में सचिन मुंबई टीम में शामिल हो गए थे. लेकिन रणजी डेब्यू करने के लिए उनको एक साल तक इंतजार करना पड़ा. 15 साल 232 दिन की उम्र में सचिन तेंदुलकर को पहला रणजी मैच खेलने का मौका मिला. सचिन तेंदुलकर ने अपने डेब्यू मैच में ही शतक जड़ दिया था और इतिहास रच दिया था. सचिन ने मुंबई की तरफ से वानखेड़े स्टेडियम में नंबर-4 पर बल्लेबाजी करते हुए 129 गेंदों में 100 रन की पारी खेली थी. इस दौरान उन्होंने 14 चौके लगाए थे. इसके बाद सचिन ने पीछे मुड़कर नहीं देखा. उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में भी डेब्यू किया और दुनिया के सबसे बेहतरीन बल्लेबाज बने.
सूर्यवंशी को कब मिलेगा मौका?
वैभव सूर्यवंशी का डेब्यू का इंतजार लगातार बढ़ता जा रहा है. फैंस डेब्यू में देरी होने पर उतावले हो रहे हैं. टीम मैनेजमेंट पर सवाल उठा रहे हैं. फैंस ही नहीं, कई सीनियर खिलाड़ी भी सूर्यवंशी के डेब्यू को लेकर धैर्य खो रहे हैं और बार-बार सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में शामिल करने की बात कह रहे हैं. लेकिन टीम मैनेजमेंट वैभव सूर्यवंशी को वक्त देना चाहता है, ताकि सूर्यवंशी सीनियर खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर करें और उनसे कुछ सीखें. इसके बाद जब उनको मौका मिले तो वो इन अनुभवों का फायदा उठाएं और भारत के लिए एक बेहतरीन खिलाड़ी बनकर सामने आएं.
ये भी पढ़ें: