Vaibhav Sooryavanshi and Abhishek Sharma Upcoming Record in Zimbabwe: टीम इंडिया का इंग्लैंड दौरा टी-20 क्रिकेट में उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा. भारत को इंग्लैंड के हाथों सीरीज गंवानी पड़ी थी. अब भारतीय टीम उस हार को भुलाकर जिम्बाब्वे से भिड़ने के लिए तैयार है. भारत और जिम्बाब्वे के बीच 3 मैचों की टी-20 सीरीज 23 जुलाई से शुरू हो रही है. टीम इंडिया के धाकड़ बल्लेबाज इस सीरीज में अपनी छाप छोड़ने के लिए तैयार हैं. खासकर सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा ने निशाने पर दो बड़े रिकॉर्ड्स हैं.
आपको घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में वैभव सूर्यवंशी ने चौके और छक्कों की बरसात कर अपनी एक अलग पहचान बनाई थी. बड़े शॉट, तेज रनगति और गेंदबाजों पर शुरुआती दबाव बनाने की वैभव की शैली ने उन्हें खास बनाया लेकिन वैभव इंग्लैंड के खिलाफ अपने डेब्यू अंतरराष्ट्रीय मैच में कोई खास कमाल नहीं कर सके. वह 3 मैचों में सिर्फ 42 रन ही बना सके थे. हालांकि अब वैभव जिम्बाब्वे के खिलाफ टी-20 सीरीज में इंग्लैंड की असफलताओं को भूलकर नए सिरे के साथ आगाज करना चाहेंगे. वैभव सूर्यवंशी के लिए जिम्बाब्वे दौरा काफी अहम है. उनके पास इस दौरे में खुद का साबित करने के साथ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का मौका है. आपको मालूम हो कि जिम्बाब्वे के दौरे पर जाने से पहले वैभव ने राजस्थान रॉयल्स के साथ ट्रेनिंग सेशन के दौरान शॉर्ट गेंद पर बल्लेबाजी करने को लेकर खूब प्रैक्टिस की है. इंग्लैंड दौरे पर वैभव की कमजोरी सामने आई थी, जब वह शॉर्ट गेंदों पर लगातार आउट हुए थे. ऐसे में अब वही पुराना रूप वैभव का देखने को मिल सकता है.
वैभव सूर्यवंशी के निशाने पर यह रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी टी-20 में सबसे तेज 150 छक्के लगाने से सिर्फ 11 छक्के दूर हैं. वह जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज में 150 छक्के पूरे कर सकते हैं. वैभव ने अभी तक टी-20 की 37 पारियों में कुल 139 छक्के लगाए हैं. आपको मालूम हो कि टी-20 में सबसे तेज 150 छक्के लगाने का रिकॉर्ड अभी यूएई के खिलाड़ी मोहम्मद वसीम के नाम है. मोहम्मद वसीम ने 66 पारी में 150 छक्के बनाए थे. सबसे तेज छक्के मारने में दूसरे नंबर पर इविन लुईस हैं. लुईस ने 70 पारी में 150 छक्के लगाए थे. तीसरे नंबर पर क्रिस गेल हैं. गेल ने टी-20 की 72 पारियों में 150 छक्के मारे थे. आपको मालूम हो कि भारत की ओर से टी-20 में सबसे तेज 150 छक्के लगाने का रिकॉर्ड सूर्यकुमार यादव के नाम है. सूर्यकुमार यादव ने 86 पारी में 150 छक्के पूरे किए थे.
अभिषेक शर्मा रचेंगे इतिहास
इंग्लैंड दौरे पर अभिषेक शर्मा भी लगातार बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे थे. वह 5 मैचों में 131 रन ही बना सके थे. अब अभिषेक शर्मा की नजर जिम्बाब्वे दौरे पर है. जिम्बाब्वे के खिलाफ टी-20 सीरीज में अभिषेक शर्मा के पास बड़ा रिकॉर्ड बनाने का मौका है. सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा सिर्फ 16 रन बनाते ही टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में जिम्बाब्वे के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे. अभी यह रिकॉर्ड जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा के नाम है. सिकंदर रजा ने 11 मुकाबलों में 194 रन बनाए हैं. इस सूची में दूसरे स्थान पर काबिज अभिषेक शर्मा के नाम 6 मैचों में 179 रन दर्ज हैं. इस तरह से यदि अभिषेक टी-20 में 16 रन बना लेते हैं तो उनके 195 रन हो जाएंगे. इस तरह से वह पहले स्थान पर पहुंच जाएंगे.
भारत-जिम्बाब्वे टी-20 में सबसे ज्यादा रन
1. सिकंदर रजा: 11 मैच में 194 रन
2. अभिषेक शर्मा: 6 मैच में 179 रन
3. चामु चिभाबा: 7 मैच में 172 रन
4. शुभमन गिल: 5 मैच में 170 रन
5. ब्रायन बेनेट: 6 मैच में 168 रन
भारत-जिम्बाब्वे दौरे का शेड्यूल
1. पहला T20: 23 जुलाई, 2026 (गुरुवार), हरारे स्पोर्ट्स क्लब
2. दूसरा T20: 25 जुलाई, 2026 (शनिवार), हरारे स्पोर्ट्स क्लब
3. तीसरा T20: 26 जुलाई, 2026 (रविवार), हरारे स्पोर्ट्स क्लब
श्रेयस अय्यर कप्तान और तिलक वर्मा उपकप्तान
भारत-जिम्बाब्वे टी-20 सीरीज के लिए टीम इंडिया की कमान श्रेयस अय्यर के हाथों में है. तिलक वर्मा को उपकप्तान बनाया गया है. भारतीय टीम में अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन, शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव और प्रभसिमरन सिंह शामिल हैं.