भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टी-20 सीरीज का दूसरा मुकाबला 4 जुलाई 2026 को मैनचेस्टर में खेला गया है. वैभव सूर्यवंशी ने इस मैच में इंटरनेशनल डेब्यू किया. इंग्लैंड के खिलाफ इस मैच में वैभव भले ही 10 गेंद में सिर्फ 14 रन बनाकर आउट हो गए लेकिन इस छोटी सी पारी में भी उन्होंने दो जोरदार छक्के लगाए. इसके साथ ही वैभव सूर्यवंशी ने 5 बड़े वर्ल्ड रिकॉर्ड्स को तोड़ दिए. आपको मालूम हो कि वैभव को दूसरे टी-20 मैच में संजू सैमसन के स्थान पर प्लेइंग इलेवन में जगह मिली थी.
वैभव ने रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज कराया
वैभव सूर्यवंशी ने अपने इंटरनेशनल डेब्यू में जरा भी डर नहीं दिखाया. उन्होंने जोफ़्रा आर्चर की गेंद पर शानदार स्कूप शॉट खेलकर छक्का जड़ा और फिर जोश टंग की गेंद पर भी बाउंड्री के पार शॉट मारा. इस बाएं हाथ के ओपनर की पारी पांचवें ओवर में तब खत्म हुई जब विल जैक्स की गेंद पर विकेटकीपर जोस बटलर ने उन्हें स्टंप आउट कर दिया. सूर्यवंशी ने स्पिनर विल जैक्स के खिलाफ आगे बढ़कर बल्लेबाजी की, लेकिन गेंद की दिशा उन्हें चकमा दे गई. जल्दी आउट होने के बावजूद सूर्यवंशी ने अपना नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज करा लिया.
वैभव सूर्यवंशी के नाम जुड़ी ये उपलब्धि
1. सचिन तेंदुलकर का तोड़ा रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी ने सबसे कम उम्र में भारत के लिए इंटरनेशनल डेब्यू करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. वैभव ने 15 साल 99 दिन की उम्र में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेला. इससे पहले यह रिकॉर्ड क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर के नाम था. सचिन ने साल 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ 16 साल 205 दिन की उम्र में अपना पहला इंटरनेशनल मैच खेला था.
2. सबसे कम उम्र में छक्का लगाने वाले खिलाड़ी
वैभव सूर्यवंशी इंग्लैंड के खिलाफ इस मैच में अपनी पहली तीन गेंदों में सिर्फ एक रन बना पाए थे. उन्होंने अपनी पारी का पहला छक्का जोफ्रा आर्चर की गेंद पर लगाया. इसी के साथ वो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे कम उम्र में छक्का लगाने वाले बल्लेबाज बन गए. उन्होंने यह कीर्तिमान 15 साल 99 दिन की उम्र में बनाया. आपको मालूम हो कि पहले यह रिकॉर्ड बांग्लादेश के खिलाड़ी मुहम्मद शरीफ के नाम था, जिन्होंने 15 साल और 260 दिन की उम्र में छक्का लगाया था. मुहम्मद शरीफ ने टेस्ट मैच में पाकिस्तान के खिलाफ साल 2001 में ये कमाल किया था.
3. वैभव ने पहले मैच में की अर्धशतकीय साझेदारी
वैभव सूर्यवंशी ने अपने पहले इंटरनेशनल मैच में अर्धशतकीय साझेदारी कर रिकॉर्ड बनाया. वैभव ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी-20 मैच में अभिषेक शर्मा के साथ मिलकर 29 गेंद में भारतीय टीम के लिए 50 रन जोड़े.
4. ऐसा करने वाले दूसरे युवा खिलाड़ी
वैभव सूर्यवंशी ICC के फुल मेंबर देशों में पुरुषों के इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने वाले दूसरे सबसे युवा खिलाड़ी भी हैं. उनसे आगे सिर्फ पाकिस्तान के हसन रजा हैं. हसन रजा ने अक्टूबर 1996 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 15 वर्ष की उम्र पूरी होने से पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था. उन्होंने अपने पहले मैच में 48 गेंदों पर 27 रन बनाए थे. हालांकि बाद में उनकी उम्र को लेकर विवाद खड़ा हुआ और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने उन्हें सबसे कम उम्र के टेस्ट डेब्यू करने वाले खिलाड़ी के तौर पर मान्यता देना वापस ले ली.
5. तेंदुलकर और कोहली भी नहीं कर पाए ऐसा
वैभव सूर्यवंशी की पहले अंतरराष्ट्रीय मैच में भले ही उनकी पारी छोटी रही, लेकिन इस युवा खिलाड़ी ने दो जबरदस्त छक्के लगाए. ऐसा कारनामा न तो तेंदुलकर और न ही विराट कोहली अपने T20I डेब्यू में कर पाए थे. कोहली ने 2010 में जिम्बाब्वे के खिलाफ नाबाद 26 रन बनाए थे, लेकिन सिर्फ एक बार ही छक्का लगाया था. तेंदुलकर ने अपने शानदार करियर में सिर्फ एक T20I मैच खेला था. सचिन ने साल 2006 में जोहान्सबर्ग में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बिना कोई छक्का लगाए 10 रन बनाए थे. सिर्फ चार भारतीय खिलाड़ियों ने ही अपने T20I डेब्यू में सूर्यवंशी से ज्यादा छक्के लगाए हैं.
T20I डेब्यू पर भारत के लिए सर्वाधिक छक्के
1. इशान किशन: 4
2. मुरली विजय: 3
3. राहुल द्रविड़: 3
4. तिलक वर्मा: 3
5. आशीष नेहरा: 2
6. वैभव सूर्यवंशी: 2
6. वैभव के नाम जुड़ा यह अनचाहा रिकॉर्ड
शनिवार को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे T20I मैच के दौरान वैभव सूर्यवंशी के नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया. बाएं हाथ के बल्लेबाज वैभव अपने T20I डेब्यू पर स्टंप आउट होने वाले पहले भारतीय बने. इंग्लैंड के विकेटकीपर जोस बटलर ने आसान स्टंपिंग करके युवा खिलाड़ी की 14 रन की पारी समाप्त कर दी. इस विकेट के साथ ही सूर्यवंशी ने अपने पहले टी201 मैच में स्टंप आउट होने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज के रूप में रिकॉर्ड बनाया.