Vaibhav Sooryavanshi: वैभव ने तोड़ा सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड, सूर्यवंशी के डेब्यू पर चाचा ने कही यह बड़ी बात, माता-पिता का सपना हुआ साकार  

Vaibhav Sooryavanshi: वैभव सूर्यवंशी ने 4 जुलाई को इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी-20 मैच में अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया. वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू पर समस्तीपुर स्थित पैतृक गांव में जश्न का माहौल देखा गया. डेब्यू मैच में उन्होंने 10 गेंदों में 14 रन बनाए.वैभव के चाचा राजीव सूर्यवंशी ने कहा कि वैभव ने सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने का सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा है. परिवार ने भारतीय टीम प्रबंधन का आभार जताया और विश्वास जताया कि वैभव आने वाले मैचों में शानदार प्रदर्शन कर कई नए रिकॉर्ड बनाएंगे.

Vaibhav Sooryavanshi (Photo: PTI)
जहांगीर आलम
  • समस्तीपुर ,
  • 05 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 7:49 AM IST

भारतीय क्रिकेट टीम के लिए सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण के साथ ही उनके पैतृक गांव में खुशी की लहर दौड़ गई. समस्तीपुर जिले के ताजपुर प्रखंड के मोतीपुर स्थित उनके घर पर जश्न का माहौल देखने को मिला. गांव के लोग लगातार उनके घर पहुंचकर परिवार को बधाई दे रहे हैं. हालांकि डेब्यू मैच में वैभव के सिर्फ 14 रन बनाकर आउट होने को लेकर परिवार में हल्की मायूसी भी दिखी, लेकिन सभी को भरोसा है कि आने वाले मैचों में वह बड़ी पारियां खेलेंगे.

भारतीय टीम प्रबंधन का जताया आभार 
वैभव के चाचा राजीव सूर्यवंशी ने कहा कि उनके भतीजे ने सबसे कम उम्र में भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय मैच खेलकर नया इतिहास रच दिया है. उन्होंने दावा किया कि वैभव ने 36 साल पहले बने सचिन तेंदुलकर के सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है. उन्होंने इसे पूरे बिहार और देश के लिए गर्व का क्षण बताया. राजीव सूर्यवंशी ने भारतीय टीम प्रबंधन का भी आभार जताया. उन्होंने कहा कि टीम मैनेजमेंट ने वैभव की प्रतिभा पर भरोसा जताते हुए इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 मुकाबले में मौका दिया, जिसके लिए वह उन्हें धन्यवाद देते हैं.

वैभव नए-नए रिकॉर्ड करेंगे अपने नाम 
राजीव सूर्यवंशी ने कहा कि डेब्यू मैच में वैभव ने 10 गेंदों पर 14 रन बनाए, जिसमें दो शानदार छक्के भी शामिल थे. हालांकि वह स्टंप आउट हो गए, लेकिन यह सिर्फ उनके करियर की शुरुआत है. परिवार को पूरा विश्वास है कि आने वाले समय में वह अपने बल्ले से कई बड़ी पारियां खेलेंगे और नए-नए रिकॉर्ड अपने नाम करेंगे.

सपना हुआ पूरा
वैभव के चाचा ने कहा कि बचपन से ही वैभव सूर्यवंशी का सपना भारतीय टीम के लिए खेलने का था. उनके माता-पिता ने भी इसी दिन का सपना देखा था. आज वह सपना पूरा हो गया है, इसलिए पूरा परिवार बेहद भावुक और खुश है. उन्होंने कहा कि वैभव ने पहले भी कई रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं और अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखकर अपने करियर का नया अध्याय शुरू किया है.

लोगों ने बांटीं  मिठाइयां 
वैभव के डेब्यू के बाद उनके गांव में लोगों ने मिठाइयां बांटीं और एक-दूसरे को बधाई दी. स्थानीय लोगों का कहना है कि वैभव ने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे समस्तीपुर और बिहार का नाम रोशन किया है. अब सभी को उम्मीद है कि आने वाले मुकाबलों में वह शानदार प्रदर्शन कर भारतीय क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाएंगे.

 

Read more!

RECOMMENDED