बिहार के लाल वैभव सूर्यवंशी इस समय क्रिकेट की दुनिया में छाए हुए हैं. महज 15 साल की उम्र में दुनिया भर के दिग्गज गेंदबाजों के बॉल को बाउंड्री पार पहुंचा चुके वैभव सूर्यवंशी अपने इंटरनेशनल डेब्यू के लिए तैयार हैं. वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए भारतीय स्क्वॉड में चुना गया है. वैभव सूर्यवंशी इंग्लैंड दौरे पर टीम इंडिया के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर नहीं कर पाएंगे. वैभव सूर्यवंशी की कम उम्र को देखते हुए इंग्लैंड दौरे पर उनके लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं. आपको मालूम हो कि आयरलैंड में दो टी-20 मैच खेलने के बाद टीम इंडिया पांच टी-20 और 3 वनडे मैचों की सीरीज खेलने के लिए इंग्लैंड जाएगी. इंग्लैंड में 1 जुलाई से टी-20 सीरीज का आगाज होगा.
...तो इसलिए लिया गया यह निर्णय
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के सेफगार्डिंग नियमों और इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) की नीतियों के मुताबिक 16 साल से कम उम्र के खिलाड़ी वयस्क खिलाड़ियों के साथ चेंजिंग रूम साझा नहीं कर सकते. इसी वजह से वैभव सूर्यवंशी के लिए हर मैच स्थल पर अलग चेंजिंग रूम की व्यवस्था की जाएगी. यह पाबंदी सिर्फ मैच से पहले और बाद में कपड़े बदलने के समय ही लागू होगी. इन नियमों का वैभव की क्रिकेट गतिविधियों पर कोई असर नहीं पड़ेगा. वैभव टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम में मैच के दौरान मौजूद रहेंगे, टीम मीटिंग में हिस्सा लेंगे, अभ्यास करेंगे और सभी क्रिकेट संबंधी गतिविधियों में पूरी तरह शामिल रहेंगे.
ECB और BCCI मिलकर यह सुनिश्चित करेंगे कि सभी सुरक्षा और संरक्षण संबंधी नियमों का पूरी तरह पालन किया जाए. ECB ने इस व्यवस्था की पुष्टि करते हुए कहा कि इंग्लैंड में होने वाली यह सीरीज ICC के अधिकार क्षेत्र में आती है, इसलिए उसके सेफगार्डिंग प्रोटोकॉल लागू होंगे. ECB ने बताया कि ICC के नियमों के साथ-साथ बोर्ड की सेफ हैंड्स पॉलिसी भी पूरे टूर के दौरान प्रभावी रहेगी. उधर, क्रिकेट आयरलैंड ने भी पुष्टि की है कि आयरलैंड दौरे के दौरान वैभव सूर्यवंशी पर यही नियम लागू रहेगा. भारतीय टीम को तीन अलग-अलग कमरे उपलब्ध कराए जाएंगे ताकि सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया जा सके.
फुटबॉल में भी लागू है ये नियम
आपको मालूम हो कि इंग्लैंड में कम उम्र के फुटबॉल खिलाड़ियों के लिए भी यह नियम लागू है. मशहूर फुटबॉल क्लब आर्सेनल के मिडफील्डर मैक्स डॉवमैन को भी पिछले साल 16 वर्ष का होने तक सीनियर साथियों से अलग चेंजिंग रूम और सुविधाओं का इस्तेमाल करना पड़ता था. जब वह दिसंबर 2025 में 16 साल के हुए तभी उन्हें साथी खिलाड़ियों के ड्रेसिंग रूम में चेंज करने की इजाजत मिली. वैभव सूर्यवंशी के मामले में भी यही नियम लागू होगा.
वैभव के माता-पिता पूरे दौरे पर रहेंगे साथ
वैभव सूर्यवंशी की कम उम्र को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा और देखभाल की व्यवस्था भी की गई है. उनके माता-पिता पूरे यूके दौरे में उनके साथ रहेंगे और उसी होटल में ठहरेंगे, जहां भारतीय टीम रुकेगी. सामान्य परिस्थितियों में ऐसा नहीं होता, लेकिन वैभव की उम्र को देखते हुए विशेष अनुमति दी गई है. ECB का मानना है कि परिवार की मौजूदगी युवा खिलाड़ी को जरूरी सहयोग और देखभाल प्रदान करेगी, जो इस उम्र में एक खिलाड़ी के मानसिक और शारीरिक संतुलन के लिए बेहद जरूरी है.
भारत में नहीं है ऐसा कोई नियम
भारतीय घरेलू क्रिकेट और IPL में कम उम्र के खिलाड़ियों के लिए ऐसा कोई नियम नहीं है. आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए वैभव सूर्यवंशी पिछले दो सीजन में सीनियर खिलाड़ियों के साथ सामान्य ड्रेसिंग रूम का इस्तेमाल कर चुके हैं. आपको मालूम हो कि 14 साल की उम्र में IPL में डेब्यू करने वाले वैभव सूर्यवंशी ने अपने पहले सीजन में राजस्थान रॉयल्स के लिए 252 रन बनाए थे. वह IPL 2026 में 776 रन बनाकर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे. उन्होंने एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में क्रिस गेल का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया और 72 छक्के जड़े. हाल ही में भारत ए की ओर से श्रीलंका ए के खिलाफ ट्रायंगुलर सीरीज के फाइनल में वैभव ने सिर्फ 29 गेंदों में 94 रन ठोक दिए थे. इस पारी के दौरान उन्होंने महज 11 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिस्ट ए क्रिकेट का सबसे तेज अर्धशतक बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया.