Vaibhav Suryavanshi: वैभव सूर्यवंशी अपने पैतृक गांव ताजपुर पहुंचे, पिता बोले- बेटे को सफल क्रिकेटर बनाने का जो प्रण लिया था वो अब पूरा हो गया

IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन करने के बाद वैभव सूर्यवंशी बिहार के समस्तीपुर जिले स्थित अपने पैतृक गांव ताजपुर पहुंचे. वैभव के पैतृक गांव पहुंचने की सूचना पर काफी संख्या में उनके प्रशंसक पहुंच गए और सेल्फी लेने के लिए उत्सुक दिखे. वैभव अपनी मां-पिता और भाई के साथ घर मे समय बिताने के बाद बेंगलुरु के लिए निकल जाएंगे. 

Vaibhav Suryavanshi reached his native village Tajpur
जहांगीर आलम
  • समस्तीपुर ,
  • 03 जून 2026,
  • अपडेटेड 7:39 AM IST

आईपीएल 2026 (IPL 2026) में शानदार प्रदर्शन और कई रिकॉर्ड्स बनाने और अवार्ड हांसिल करने के बाद 15 वर्षीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी बिहार के समस्तीपुर जिले स्थित अपने पैतृक गांव ताजपुर अपने माता-पिता और भाई से मिलने के लिए पहुंचे. स्थानीय लोगों ने भव्य तरीके से वैभव का स्वागत किया. मिथिला के परंपरा के अनुसार लोगों ने पाग चादर पहनाया. 

बिहार का नाम किया रौशन
बुधवार को वैभव सूर्यवंशी बेंगलुरु अकादमी के लिए निकल जाएंगे. हालांकि परिजनों के द्वारा मीडिया से दूरी बनाकर रखा गया है. वैभव सूर्यवंशी एक लंबे अरसे के बाद बीती रात अपने पैतृक गांव ताजपुर पहुंचे थे. वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल में शानदार प्रदर्शन कर बिहार और देश का नाम रौशन किया है. वैभव ने अपने माता-पिता के साथ समस्तीपुर का भी नाम रौशन किया है. वैभव सूर्यवंशी के पैतृक गांव में आने की जानकारी मिलने पर काफी संख्या में लोग पहुंच गए. लोग सूर्यवंशी को सम्मानित करने के साथ सेल्फी लेने के लिए उत्सुक दिखे. हालांकि चुनिंदा लोगों को ही वैभव सूर्यवंशी से मिलने मौका मिल पाया.

अब वैभव सूर्यवंशी इस मैच में मचाएंगे धमाल 
बता दें कि समस्तीपुर जिले के ताजपुर निवासी संजीव सूर्यवंशी ने कहा कि अपने पुत्र वैभव सूर्यवंशी को सफल क्रिकेटर बनाने के लिए जो प्रण लिया था वो आज सफल हो गया है. वैभव के पिता साल 2016 से ही वैभव को प्रैक्टिस करवा रहे थे. इस बीच उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. लेकिन एक पिता होने के नाते सारे कठिनाइयों को दरकिनार करते हुए अपने पुत्र के लिए रास्ता साफ किए. जिसका परिणाम हुआ कि वैभव अंडर 19 में खेले.  बंग्लादेश के खिलाफ और एशिया कप में वैभव खेले. इसके बाद वैभव सूर्यवंशी आईपीएल में भी सबसे कम उम्र में राजस्थान रॉयल्स से जुड़ गए. आईपीएल में धमाल मचाने के बाद वैभव का अगला पड़ाव इंडिया-ए टीम होने वाला है. वैभव सूर्यवंशी 9 जून से शुरू होने वाली श्रीलंका ट्राई सीरीज में भारतीय टीम की ओर से खेलेंगे.वैभव का प्रदर्शन इसी तरह जारी रहा तो आयरलैंड या जिम्बाब्वे दौरे के लिए भी उन्हें भारतीय टीम में मौका मिल सकता है. अब वह अपने क्षेत्र, राज्य और देश का नाम रौशन कर रहे हैं.

 

Read more!

RECOMMENDED