आईपीएल 2026 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार IPL का खिताब अपने नाम कर लिया. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मिली इस जीत के साथ आरसीबी ने इतिहास रच दिया. टीम अब चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बाद लगातार दो आईपीएल ट्रॉफी जीतने वाली तीसरी फ्रेंचाइजी बन गई है. जीत के बाद पूरे मैदान में जश्न का माहौल देखने को मिला, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की रही.
पहले गेंदबाजी, फिर शानदार रन चेज
फाइनल मुकाबले में कप्तान रजत पाटीदार की अगुवाई में आरसीबी ने पहले गेंदबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस को 20 ओवर में 155 रन पर रोक दिया. गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा और गुजरात की बल्लेबाजी को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया.
156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी ने संयमित बल्लेबाजी की और दो ओवर बाकी रहते पांच विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया. जीत के साथ ही बेंगलुरु के खिलाड़ियों और फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. टीम को निर्णायक परिणाम तक पहुंचाने में विराट कोहली ने सबसे शानदार पारी खेली. शुरू के वह क्रीज पर टीके रहे और 72 रनों का विराट स्टोर टीम को दिया.
जीत के बाद विरुष्का ने लूट ली महफिल
आरसीबी के खिताब जीतते ही मैदान पर जश्न शुरू हो गया. खिलाड़ी, सपोर्ट स्टाफ और फैंस सभी इस ऐतिहासिक पल को सेलिब्रेट करते नजर आए. इसी बीच विराट कोहली और अनुष्का शर्मा ने सारी लाइमलाइट अपने नाम कर ली. जीत के तुरंत बाद दोनों मैदान पर हाथों में हाथ डालकर डांस करते दिखाई दिए. स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शकों ने इस खूबसूरत पल का जमकर स्वागत किया. सोशल मीडिया पर भी यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है.
कोहली की खास टी-शर्ट बनी चर्चा का विषय
जश्न के दौरान विराट कोहली ने एक खास टी-शर्ट पहन रखी थी, जिसने सभी का ध्यान खींचा. टी-शर्ट के पीछे लिखा था, 'One felt nice, we did it twice'. यानी एक बार जीतना अच्छा लगा था, इसलिए हमने इसे दोबारा कर दिखाया. यह संदेश आरसीबी की लगातार दूसरी आईपीएल ट्रॉफी की खुशी को बखूबी दर्शा रहा था. फैंस भी इस लाइन को सोशल मीडिया पर खूब शेयर कर रहे हैं.
दिनेश कार्तिक संग भी थिरके किंग कोहली
वायरल वीडियो में विराट कोहली सिर्फ अनुष्का शर्मा के साथ ही नहीं, बल्कि आरसीबी के बैटिंग कोच दिनेश कार्तिक के साथ भी डांस करते नजर आए. खिलाड़ियों के चेहरे पर जीत की खुशी साफ दिखाई दे रही थी. आरसीबी ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'डांस फ्लोर पर किंग कोहली की शानदार परफॉर्मेंस. जबरदस्त माहौल, दिल छू लेने वाले पल और बहुत कुछ. अनुष्का शर्मा, हमारे Day 1 बनने के लिए आपका धन्यवाद.'
सोशल मीडिया पर छाया जश्न
फाइनल जीत के बाद से विराट और अनुष्का का यह सेलिब्रेशन वीडियो सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रहा है. फैंस इस जोड़ी की केमिस्ट्री और आरसीबी की ऐतिहासिक जीत दोनों की जमकर तारीफ कर रहे हैं. गुजरात की धरती पर मिली इस यादगार जीत ने एक बार फिर साबित कर दिया कि आईपीएल में आरसीबी का सुनहरा दौर अभी जारी है.
ये भी पढ़ें