Prayagraj Water Sports: अब संगम नगरी प्रयागराज में उठाइए वाटर एडवेंचर का लुत्फ, मोटर बोट पर बर्थडे, मैरिज एनिवर्सरी से लेकर हल्दी सेरिमनी मनाने की सुविधा 

संगम नगरी प्रयागराज में वाटर स्पोर्ट्स और वाटर एडवेंचर की शुरुआत की गई है. अब जल क्रीड़ा के लिए प्रयागराज के लोगों को मुंबई और गोवा नहीं जाना पड़ेगा. यहां पर मोटर बोट पर ही बर्थडे, मैरिज एनिवर्सरी, हल्दी सेरिमनी को यादगार बनाने के लिए इवेंट भी आयोजित किया जा सकता है. 

Prayagraj Water Sports
gnttv.com
  • प्रयागराज ,
  • 09 मई 2026,
  • अपडेटेड 10:02 AM IST

संगम के शहर की पहचान जहां गंगा-यमुना और अदृश्य सरस्वती के त्रिवेणी संगम से होती है, वहीं अब संगम नगरी प्रयागराज की एक और पहचान बनने जा रही है, वो है वाटर स्पोर्ट्स और वाटर एडवेंचर की. नगर निगम प्रयागराज ने अब यमुना नदी में वाटर एडवेंचर स्पोर्ट्स की शुरुआत की है. स्मार्ट सिटी योजना के तहत ढाई सौ करोड़ की लागत से मेयर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी ने वाटर स्पोर्ट्स का शुभारंभ किया है. इससे अब जल क्रीड़ा के लिए प्रयागराज के लोगों को मुंबई और गोवा नहीं जाना पड़ेगा, बल्कि दूसरे शहरों के लोग भी अब यहां पर आकर वॉटर एडवेंचर स्पोर्ट्स का लुत्फ उठा सकेंगे. इसके साथ ही वाटर स्पोर्ट की कयाकिंग-कैनौइंग और रोइंग जैसी प्रतियोगिताएं भी संगम नगरी प्रयागराज में ही आयोजित की जाएंगी.

नगर निगम प्रयागराज ने यमुना रिवर बैंक वोट क्लब पर वाटर एडवेंचर स्पोर्ट्स का आगाज किया है. मेयर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी के मुताबिक प्रयागराज में गंगा और यमुना नदियों का संगम होता है. यहां पर वाटर स्पोर्ट्स की भरपूर संभावनाएं मौजूद हैं, लेकिन दुर्भाग्य बस अब तक किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया था. उनके मुताबिक नगर निगम ने वाटर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने के लिए नगर निगम बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पारित किया था. इसके बाद वाटर एडवेंचर स्पोर्ट्स की शुरुआत की गई है.

जेट स्काई की भी व्यवस्था 
एडवेंचर स्पोर्ट्स को संचालित करने वाले अभिषेक सिंह के मुताबिक बोट क्लब पर अब स्पीड बोट और स्पीड स्कूटर यानी जेट स्काई की व्यवस्था की गई है़. इसके अलावा कई अन्य तरह की बोट भी मंगाई गई है. यहां पर मोटर बोट पर ही बर्थडे, मैरिज एनिवर्सरी, हल्दी सेरिमनी को यादगार बनाने के लिए इवेंट भी आयोजित किया जा सकता है. यह आयोजन 30 सीटर कैटा मरीन बोट पर किया जा सकता है. बोट क्लब से संगम जाने के लिए बाय लाइनर 7 सीटर बोट का भी इस्तेमाल किया जा सकता है. इसके साथ ही बनाना राइड भी यहां आने वाले सैलानी कर सकते हैं.

 खिलाड़ियों को भी मिलेगा लाभ
यदि वॉटर स्पोर्ट्स की बात करें तो कयाकिंग और कैनोइंग की शुरुआत यहां पर की गई है. इसके अलावा रोइंग के लिए भी व्यवस्था की गई है. वाटर स्पोर्ट को बढ़ावा देने के लिए लगभग ढाई करोड़ के उपकरण भी मंगाए गए हैं. यहां वाटर स्पोर्ट्स के खिलाड़ी खेलों में प्रतिभाग कर सकेंगे, वहीं प्रयागराज आने वाले सैलानी भी वाटर स्पोर्ट्स का लुत्फ उठा सकेंगे. अंतरराष्ट्रीय कयाकिंग और कैनोइंग खिलाड़ी नितिन चंद्र और कोच रोहित निषाद के मुताबिक अब तक प्रयागराज में सिर्फ राज्य स्तरीय कयाकिंग और कैनोइंग की प्रतियोगिताएं हुई हैं, लेकिन अब नगर निगम की पहल के बाद यह उम्मीद जगी है कि प्रयागराज में वाटर स्पोर्ट्स की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी. इसका लाभ यहां के खिलाड़ियों को भी मिलेगा. खिलाड़ी भारत और प्रयागराज का नाम रोशन कर सकेंगे.

(पंकज श्रीवास्तव की रिपोर्ट)


 

Read more!

RECOMMENDED