Advertisement

AI वाला टूथब्रश मचा रहा है धूम! दांत साफ करने के साथ फोन पर दिखाएगा मुंह का 3D हेल्थ मैप

बाजार में ऐसे स्मार्ट टूथब्रश मौजूद हैं, जो सिर्फ दांतों की सफाई ही नहीं करते, बल्कि सेंसर और AI तकनीक की मदद से आपके ब्रश करने के तरीके पर नजर रखते हैं. ये ब्रश बताते हैं कि आपने दांतों के किस हिस्से को अच्छी तरह साफ किया और कहां सफाई की जरूरत बाकी है.

AI Tooth Brush
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 18 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 2:17 PM IST

आज के डिजिटल दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस हमारी जिंदगी का हिस्सा बनता जा रहा है. स्मार्टफोन और स्मार्ट वॉच के बाद अब AI की एंट्री वॉशरूम तक हो गई है. बाजार में ऐसे स्मार्ट टूथब्रश मौजूद हैं, जो सिर्फ दांतों की सफाई ही नहीं करते, बल्कि सेंसर और AI तकनीक की मदद से आपके ब्रश करने के तरीके पर नजर रखते हैं. ये ब्रश बताते हैं कि आपने दांतों के किस हिस्से को अच्छी तरह साफ किया और कहां सफाई की जरूरत बाकी है.

कैसे काम करता है AI टूथब्रश
AI टूथब्रश देखने में सामान्य इलेक्ट्रिक ब्रश जैसा होता है, लेकिन इसमें कई आधुनिक सेंसर लगे होते हैं. ये सेंसर पता लगाते हैं कि ब्रश मुंह के किस हिस्से में इस्तेमाल हो रहा है. ब्रश को ब्लूटूथ के जरिए स्मार्टफोन ऐप से जोड़ा जा सकता है. इसके बाद ब्रश करते समय मोबाइल स्क्रीन पर दांतों का 3D मैप दिखाई देता है. इससे पता चलता है कि दांतों का कौन सा हिस्सा साफ हुआ है और कौन सा हिस्सा अभी बाकी है.

ज्यादा जोर से ब्रश करने पर देगा अलर्ट
AI टूथब्रश आपकी ब्रश करने की आदतों नजर रखता है. अगर आप मसूड़ों पर जरूरत से ज्यादा दबाव डालते हैं, तो ब्रश की लाइट लाल हो सकती है या इसकी स्पीड अपने आप कम हो सकती है. इससे मसूड़ों को नुकसान पहुंचने का खतरा कम होता है. ऐप आपके ब्रश करने के तरीके का विश्लेषण करके स्कोर भी देता है, जिसे जरूरत पड़ने पर डेंटिस्ट के साथ शेयर किया जा सकता है.

बच्चों और बुजुर्गों के लिए भी उपयोगी
वहीं, कई लोग जल्दबाजी में सही तरीके से ब्रश नहीं कर पाते, जिससे कैविटी, मसूड़ों की समस्या और पायरिया जैसी परेशानियां हो सकती हैं. AI ब्रश सही तरीके से ब्रश करने की आदत बनाने में मदद कर सकता है. बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह खास तौर पर उपयोगी हो सकता है.

25 हजार रुपये तक है कीमत
भारत में AI और स्मार्ट फीचर्स वाले प्रीमियम टूथब्रश की कीमत करीब 7,000 रुपये से शुरू होकर 25,000 रुपये तक जा सकती है. इसके अलावा समय-समय पर ब्रश हेड बदलने का खर्च भी आता है. हालांकि, यह डेंटिस्ट की जगह नहीं लेता, लेकिन रोजाना ओरल केयर को बेहतर बनाने में मददगार साबित हो सकता है.

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement