देशभर में लगातार हो रही बारिश के कारण कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. कई जगह घरों में पानी घुसने, बिजली कटने और जरूरी सामान खराब होने की घटनाएं सामने आ रही हैं. ऐसी स्थिति में थोड़ी सी तैयारी और सही गैजेट्स आपकी मुश्किलें काफी हद तक कम कर सकते हैं. आज बाजार में ऐसे कई स्मार्ट डिवाइस मौजूद हैं, जो समय रहते पानी भरने की चेतावनी दे देते हैं. इससे आपको जरूरी सामान सुरक्षित स्थान पर रखने और खुद को बड़े नुकसान से बचाने का मौका मिल जाता है. आइए जानते हैं ऐसे ही कुछ कारगार गैजेट्स के बारे में.
पानी का पता लगाने वाला अलार्म
बाढ़ या घर में पानी भरने की स्थिति से बचने के लिए वॉटर लीक डिटेक्टर काफी उपयोगी गैजेट है. यह छोटा डिवाइस घर के उन हिस्सों में लगाया जाता है, जहां पानी भरने या लीकेज का खतरा अधिक रहता है, जैसे बेसमेंट, बाथरूम या रसोई. जैसे ही इसके सेंसर पानी के संपर्क में आते हैं, यह तेज आवाज में अलार्म बजाने लगता है. कई स्मार्ट मॉडल मोबाइल फोन पर भी तुरंत नोटिफिकेशन भेजते हैं. इससे घर से बाहर होने पर भी आपको समय रहते जानकारी मिल जाती है और आप जरूरी कदम उठा सकते हैं.
वाटरप्रूफ बैग और पाउच
बाढ़ के दौरान सबसे ज्यादा चिंता जरूरी डॉक्यूमेंट, मोबाइल, पैसे और अन्य कीमती सामान की होती है. ऐसे में वाटरप्रूफ बैग और वाटरप्रूफ पाउच काफी मददगार साबित होते हैं. इनमें आधार कार्ड, पासबुक, नकदी, मोबाइल और दूसरे जरूरी सामान को सुरक्षित रखा जा सकता है. इसके अलावा फ्लोटिंग बैग भी बाजार में उपलब्ध हैं, जो पानी में डूबते नहीं बल्कि तैरते रहते हैं. ऐसे बैग इमरजेंसी के समय जरूरी सामान को सुरक्षित रखने में मदद करते हैं.
पोर्टेबल वाटर पंप
अगर घर या दुकान में पानी भर जाए, तो पोर्टेबल वाटर पंप बहुत काम आता है. यह हल्का और आसानी से एक जगह से दूसरी जगह ले जाने वाला उपकरण है. यह बिजली या बैटरी से चलता है और कुछ ही मिनटों में जमा पानी बाहर निकालने में मदद करता है. इसकी कीमत भी सामान्य पंपों की तुलना में किफायती होती है. बारिश और बाढ़ के मौसम में यह गैजेट घर और दुकान दोनों के लिए उपयोगी साबित हो सकता है.
ये भी पढ़ें: