अगर आप सफर के दौरान होटल, एयरपोर्ट या किसी दूसरी जगह मिलने वाले फ्री Wi-Fi का इस्तेमाल करते हैं, तो आपको थोड़ा सावधान रहने की जरूरत है. फ्री Wi-Fi भले ही इंटरनेट चलाने का आसान और सुविधाजनक तरीका लगता हो, लेकिन यह आपके फोन या लैपटॉप के लिए बड़ा साइबर खतरा भी बन सकता है. Microsoft ने एक ऐसे हैकिंग कैंपेन का पता लगाया है, जिसमें दुनिया भर के होटल और दूसरे गेस्ट Wi-Fi नेटवर्क को निशाना बनाया जा रहा है. हैकर्स इन नेटवर्क के जरिए यूजर्स के पासवर्ड, निजी जानकारी और कॉरपोरेट डेटा तक पहुंच बनाने की कोशिश कर रहे हैं. चलिए आपको बताते हैं पूरी खबर...
होटल के Wi-Fi नेटवर्क पर हैकर्स की नजर
Microsoft Threat Intelligence ने 'Captive Crunch' नाम के एक हैकिंग कैंपेन का पता लगाया है. कंपनी के मुताबिक, यह कैंपेन मई 2026 की शुरुआत से सक्रिय है और दुनिया भर में होटल और दूसरे गेस्ट Wi-Fi नेटवर्क को निशाना बना रहा है. इस गतिविधि का संबंध Storm-2945 से बताया गया है, जो Midnight Blizzard से जुड़ा एक सब-ग्रुप है. इसे APT29 और Cozy Bear के नाम से भी जाना जाता है. हैकर्स खास तौर पर बिजनेस ट्रैवल करने वाले लोगों को निशाना बना रहे हैं. उनका मकसद यात्रियों के कॉर्पोरेट अकाउंट और संवेदनशील डेटा तक पहुंच बनाना है.
फर्जी वेबसाइट पर पहुंचा सकते हैं हैकर्स
Microsoft के अनुसार, हैकर्स कैप्टिव पोर्टल वाले Wi-Fi नेटवर्क के DNS और HTTP ट्रैफिक में बदलाव कर रहे हैं. होटल के Wi-Fi से कनेक्ट होने पर जो लॉगिन या शर्तें स्वीकार करने वाला पेज खुलता है, उसमें छेड़छाड़ की जा सकती है.
इसके बाद यूजर को फर्जी वेबसाइट पर भेजा जाता है. वहां उसे कंप्यूटर या ब्राउजर अपडेट करने, किसी समस्या को ठीक करने या सिक्योरिटी चेक पूरा करने का पॉप-अप दिखाई दे सकता है. इन फर्जी अपडेट को इंस्टॉल करने पर डिवाइस में मैलवेयर पहुंच सकता है. Android यूजर्स को APK फाइल इंस्टॉल करने के लिए भी कहा जा सकता है.
एक कोड डालना भी पड़ सकता है भारी
हैकर्स डिवाइस-कोड फिशिंग का इस्तेमाल भी कर रहे हैं. इसमें यूजर को Microsoft के असली साइन-इन पेज जैसा दिखने वाला पेज दिखाया जा सकता है और उससे एक कोड डालने के लिए कहा जाता है. कोड डालते ही हमलावर यूजर के अकाउंट सेशन तक पहुंच बना सकते हैं. इसके बाद डिवाइस की स्क्रीन रिकॉर्ड करने, कीस्ट्रोक कैप्चर करने, लॉगिन क्रेडेंशियल चुराने और ऑडियो-वीडियो रिकॉर्ड करने जैसी गतिविधियां की जा सकती हैं.
फ्री Wi-Fi इस्तेमाल करते समय रहें सावधान
Microsoft ने चेतावनी दी है कि यह खतरा सिर्फ नेटवर्क से कनेक्ट होने तक सीमित नहीं है. ट्रैफिक में छेड़छाड़ के बाद फिशिंग और मैलवेयर हमले किए जा सकते हैं. इसलिए होटल या किसी भी सार्वजनिक Wi-Fi पर अनजान लिंक, फर्जी अपडेट और APK फाइल को डाउनलोड या इंस्टॉल करने से बचना चाहिए.
ये भी पढ़ें: