Advertisement

हॉलिडे वाउचर का लालच तो कभी AC सर्विस के नाम पर चूना, गर्मियों में नए-नए तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे साइबर ठग, जानिए कैसे बचें

मौजूदा वक्त में ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह काफी सक्रिय हैं. ये पढ़े लिखे लोगों को भी अपना शिकार बना रहे हैं. हर दिन हजारों फ्रॉड के केस रजिस्टर हो रहे हैं. लोगों को जागरूक करने के लिए जरूरी कदम भी उठाए जा रहे हैं, बावजूद इसके ठगी की घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं.

गर्मी में होने वाले फ्रॉड
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 30 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 11:26 AM IST
  • गर्मियों में ऐसे बदल रहे हैं साइबर ठगी के तरीके
  • AC सर्विस से लेकर हॉलीडे ऑफर तक हर जगह एक्टिव हैं ठग

गर्मी का मौसम आते ही लोगों की जरूरतें बदल जाती हैं. AC सर्विस, ट्रैवल प्लानिंग और बिजली सेविंग टिप्स जैसी बातें लोग सर्च करने लगते हैं. लेकिन इसी के साथ साइबर ठगी के मामले भी बढ़ जाते हैं. साइबर ठग उन्हीं चीजों को निशाना बनाते हैं, जिनकी मांग इस मौसम में सबसे ज्यादा होती है. लोगों को जागरूक करने के लिए जरूरी कदम भी उठाए जा रहे हैं, बावजूद इसके ठगी की घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. साइबर अपराधी लगातार लोगों की मेहनत की कमाई लूटने की फिराक में रहते हैं. गर्मियों के मौसम में ऑनलाइन स्कैम ज्यादा देखने को मिल रहे हैं. 

24 लाख से ज्यादा साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, साल 2025 में देशभर में साइबर फ्रॉड के मामलों में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई. PIB के मुताबिक, 2025 में नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर 24 लाख से ज्यादा वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायतें दर्ज हुईं और करीब 22,495 करोड़ रुपये की ठगी रिपोर्ट की गई. ऐसे में जरूरी है कि लोग इन नए-नए स्कैम के तरीकों को समझें और समय रहते सतर्क हो जाएं.

AC सर्विस के नाम पर स्कैम
गर्मी शुरू होते ही AC की सर्विसिंग और रिपेयर की मांग बढ़ जाती है. लोग जल्दी में ऑनलाइन सर्च कर किसी भी वेबसाइट या नंबर पर भरोसा कर लेते हैं. स्कैमर्स नकली वेबसाइट या फर्जी कस्टमर केयर नंबर बनाकर लोगों से संपर्क करते हैं और सर्विस के नाम पर OTP या बैंक डिटेल मांग लेते हैं. जैसे ही यूजर जानकारी शेयर करता है, उसका अकाउंट खाली हो जाता है.

कैसे बचें
AC सर्विस के लिए हमेशा ऑफिशियल वेबसाइट या भरोसेमंद सर्विस प्रोवाइडर का ही इस्तेमाल करें. अगर कोई ऑफर बाजार रेट से बहुत सस्ता लग रहा है तो सतर्क हो जाएं. किसी भी हाल में OTP या बैंक डिटेल साझा न करें और अनजान QR कोड स्कैन करने से बचें.

फ्री हॉलिडे वाउचर स्कैम
गर्मियों में छुट्टियों का सीजन होता है और लोग घूमने के लिए आकर्षक ऑफर्स तलाशते हैं. इसी का फायदा उठाकर ठग 'फ्री हॉलिडे' या 'भारी डिस्काउंट' का लालच देते हैं. कॉल, मैसेज या सोशल मीडिया के जरिए ऐसे ऑफर दिए जाते हैं, जिनमें लोगों से पहले रजिस्ट्रेशन या प्रोसेसिंग फीस के नाम पर पैसे लिए जाते हैं.

कैसे बचें
याद रखें, कोई भी कंपनी बिना किसी कारण के फ्री हॉलीडे नहीं देती. ऐसे ऑफर्स पर तुरंत भरोसा न करें. वेबसाइट का URL ध्यान से जांचें और किसी भी अनजान लिंक या कॉल पर अपनी पर्सनल जानकारी शेयर न करें.

सस्ते फ्लाइट और ट्रेन टिकट स्कैम
ट्रैवलिंग के दौरान पैसे बचाने के चक्कर में लोग सस्ते टिकट ऑफर्स की तलाश करते हैं. स्कैमर्स इसी का फायदा उठाते हैं और फर्जी वेबसाइट या लिंक के जरिए बेहद सस्ते टिकट का लालच देते हैं. पेमेंट करने के बाद न टिकट मिलता है और न ही पैसा वापस आता है.

कैसे बचें
हमेशा टिकट बुकिंग के लिए भरोसेमंद और आधिकारिक प्लेटफॉर्म का ही इस्तेमाल करें. URL में https जरूर चेक करें. बहुत ज्यादा सस्ते ऑफर पर तुरंत भरोसा करने से बचें और किसी भी अनजान साइट पर पेमेंट न करें.

बिजली बिल स्कैम
इन दिनों बिजली बिल के नाम पर भी ठगी तेजी से बढ़ी है. लोगों को मैसेज या ईमेल भेजकर कहा जाता है कि उनका बिल बकाया है और तुरंत भुगतान न करने पर कनेक्शन काट दिया जाएगा. घबराकर लोग दिए गए लिंक पर क्लिक कर देते हैं और अपने बैंक डिटेल्स साझा कर बैठते हैं.

कैसे बचें
अगर आपको इस तरह का कोई मैसेज मिले तो सीधे बिजली विभाग की ऑफिशियल वेबसाइट या ऐप पर जाकर ही बिल चेक करें. किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और ऐसे नंबरों को तुरंत रिपोर्ट करें.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement