आज के वक्त में कार हर घर की जरूरत है. वहीं अगर आप भी अपनी सुविधा के लिए नई कार खरीदने का मन बना चुके हैं और Hyundai की कार पसंद करते हैं, तो आपको इस खबर को पढ़ने की जरूरत है. दरअसल हुंडई अपनी कारों की कीमत में 1 जून 2026 से बढ़ोतरी करने जा रही है. यानी अगर आप Creta, Venue, i20 या Alcazar जैसी लोकप्रिय कार खरीदने की सोच रहे हैं, तो आपको पहले से ज्यादा जेब ढीली करनी पड़ सकती है. कंपनी ने साफ किया है कि बढ़ती लागत के चलते यह फैसला लिया गया है. हालांकि राहत की बात यह है कि कीमतों में बहुत बड़ा उछाल नहीं होगा, लेकिन फिर भी खरीदारों के बजट पर असर पड़ना तय माना जा रहा है.
बढ़ते प्रइस पर कंपनी का कहना
कंपनी ने पहले ही अप्रैल में संकेत दे दिए थे कि वह अपने मॉडल्स की कीमतों में लगभग 1 फीसदी तक इजाफा कर सकती है. हालांकि कंपनी ने अब ये फैसला लागू कर दिया है. कंपनी के मुताबिक कच्चे माल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी, उत्पादन खर्च और ऑपरेशनल कॉस्ट बढ़ने की वजह से यह कदम उठाना पड़ा है. ऑटो सेक्टर में स्टील, एल्यूमिनियम और इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स महंगे होने का असर अब सीधे ग्राहकों तक पहुंचता दिख रहा है.
हुंडई का कहना है कि लगातार बढ़ती मैन्युफैक्चरिंग लागत ने कंपनी पर अतिरिक्त दबाव बनाया है. हालांकि कंपनी दावा कर रही है कि वह पूरा बोझ ग्राहकों पर नहीं डाल रही, बल्कि खर्च का सिर्फ एक हिस्सा ही कीमतों में जोड़ रही है. हालांकि कंपनी ने हर मॉडल के लिए आधिकारिक नई कीमतें जारी नहीं की हैं, लेकिन बाजार अनुमान और ऑटो एक्सपर्ट्स के मुताबिक अलग-अलग मॉडल्स पर अलग असर हो सकता है.
Hyundai Creta
हुंडई की सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली SUV Creta की कीमत में करीब 8 हजार से 12,800 रुपए तक बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है. टॉप वेरिएंट पर असर ज्यादा रहने का अनुमान है.
Hyundai Venue
कॉम्पैक्ट SUV सेगमेंट में लोकप्रिय Venue के दाम 6 हजार से 11 हजार रुपए तक बढ़ सकते हैं. खासकर हाई फीचर वाले वेरिएंट और महंगे हो सकते हैं.
Hyundai i20
अगर आप प्रीमियम हैचबैक i20 खरीदने का प्लान बना रहे हैं, तो इसकी कीमत 5,500 से 9 हजार रुपए तक बढ़ सकती है.
Hyundai Alcazar
बड़ी फैमिली के लिए SUV पसंद करने वालों के लिए Alcazar अब पहले से ज्यादा महंगी हो सकती है. इसकी कीमत में 9 हजार से 12 हजार रुपए तक इजाफे की संभावना जताई जा रही है.
Grand i10 Nios और Aura
मिडिल क्लास परिवारों के बीच लोकप्रिय इन कारों पर भी असर दिख सकता है. अनुमान है कि इनके दाम 4 हजार से 7,500 रुपए तक बढ़ सकते हैं.
Tucson और Ioniq 5
प्रीमियम सेगमेंट की गाड़ियों Tucson और इलेक्ट्रिक कार Ioniq 5 के दाम 10 हजार से 12,800 रुपए तक बढ़ने की संभावना है.
कम दाम में खरीदने वालों के लिए क्या है आखिरी मौका
अगर आप Hyundai की कार खरीदने का मन बना ही चुके हैं, तो 31 मई रात 11:59 बजे से पहले बुकिंग या खरीदारी करना आपके लिए फायदे का सौदा साबित हो सकता है. क्योंकि नई कीमतें लागू होने के बाद वही कार आपको कुछ हजार रुपए ज्यादा में मिल सकती है. रोड टेक्स और बाकी खर्च मिला कर दाम और बढ़ जाएगा. अगर चाहते हैं कि जेब पर बोझ न पड़े तो, ये समय आपके लिए कार खरीदने और अपने सपना पूरा करने का अच्छा मौका है.
ये भी पढ़ें