Meta अब अपने प्लेटफॉर्म्स इंस्टाग्राम, फेसबुक और वॉट्सएप के लिए नए सब्सक्रिप्शन प्लान लेकर आ रही है. कंपनी ने Plus वर्जन पेश किए हैं, जिनके जरिए यूजर्स को कई एक्सक्लूसिव फीचर्स और कस्टमाइजेशन ऑप्शन मिलेंगे. यह कदम मेटा की विज्ञापनों से अलग कमाई बढ़ाने की नई रणनीति माना जा रहा है. हालांकि कंपनी ने अभी इन प्लान्स को ग्लोबल लेवल पर पेश किया है, लेकिन भारत में इन्हें कब लॉन्च किया जाएगा, इसकी तारीख अभी घोषित नहीं की गई है. भारत Meta के सबसे बड़े बाजारों में से एक है, इसलिए यहां इन फीचर्स को चरणबद्ध तरीके से रोलआउट किया जा सकता है.
इंस्टाग्राम और फेसबुक प्लस में क्या मिलेगा खास?
Meta ने इंस्टाग्राम प्लस और फेसबुक प्लस को खास तौर पर क्रिएटर्स और सोशल मीडिया पर ज्यादा एक्टिव रहने वाले यूजर्स को ध्यान में रखकर तैयार किया है. इन प्लान्स में यूजर्स को यह देखने की सुविधा मिलेगी कि उनकी स्टोरी कितनी बार दोबारा देखी गई. इसके अलावा कई नए फीचर्स भी दिए जाएंगे.
अलग-अलग फ्रेंड लिस्ट बनाने की सुविधा
अब तक यूजर्स सिर्फ एक क्लोज फ्रेड लिस्ट बना सकते थे, लेकिन नए फीचर के जरिए कई अलग-अलग लिस्ट बनाई जा सकेंगी. इससे यूजर तय कर पाएंगे कि कौन-सी फोटो या वीडियो किस ग्रुप को दिखानी है.
24 घंटे बाद भी नहीं हटेगी स्टोरी
Instagram और Facebook पर स्टोरी फिलहाल 24 घंटे बाद गायब हो जाती है. नए प्लान में यूजर्स अपनी स्टोरी को ज्यादा समय तक प्रोफाइल पर रख सकेंगे. साथ ही हफ्ते में एक स्टोरी को ‘Spotlight’ भी किया जा सकेगा ताकि ज्यादा लोग उसे देख सकें.
चोरी-छिपे देख सकेंगे स्टोरी
इस फीचर के जरिए यूजर किसी की स्टोरी देख पाएंगे लेकिन उनका नाम व्यूअर लिस्ट में नहीं दिखेगा. साथ ही अपनी स्टोरी देखने वालों के नाम सर्च करने का विकल्प भी मिलेगा.
प्रोफाइल अपडेट पर नहीं जाएगा नोटिफिकेशन
अब यूजर फोटो और वीडियो सीधे प्रोफाइल या हाइलाइट्स में सेव कर सकेंगे, बिना दोस्तों के होमपेज पर नया पोस्ट दिखे.
नए डिजाइन और रिएक्शन फीचर्स
प्रोफाइल को ज्यादा आकर्षक बनाने के लिए नए फॉन्ट, फ्लोटिंग ‘Super Heart’ रिएक्शन और कस्टम ऐप आइकॉन जैसे फीचर्स भी दिए जाएंगे.
वॉट्सएप प्लस में मिलेगा ज्यादा कस्टमाइजेशन
WhatsApp Plus का फोकस पर्सनलाइजेशन और मैसेजिंग एक्सपीरियंस पर रखा गया है. इसमें यूजर्स को ऐप थीम बदलने, कस्टम रिंगटोन लगाने, ज्यादा पिन चैट रखने और प्रीमियम स्टिकर्स इस्तेमाल करने की सुविधा मिलेगी.
Meta AI के लिए भी आएंगे नए प्लान
Meta अपने AI प्लेटफॉर्म के लिए भी दो नए प्लान टेस्ट कर रहा है. इनमें Meta One Plus और Meta One Premium शामिल हैं. प्रीमियम प्लान में यूजर्स को ज्यादा एडवांस AI फीचर्स, डीपर रीजनिंग और बेहतर वीडियो-इमेज जनरेशन की सुविधा मिल सकती है. हालांकि सामान्य यूजर्स के लिए Meta AI मुफ्त रहेगा.
क्रिएटर्स और बिजनेस को मिलेंगे एडवांस टूल्स
Meta ने क्रिएटर्स और बिजनेस यूजर्स के लिए भी खास प्लान तैयार किए हैं. इनमें वेरिफाइड बैज, फर्जी अकाउंट से सुरक्षा, एनालिटिक्स टूल्स और सोशल मीडिया रीच बढ़ाने वाले फीचर्स शामिल होंगे. इसके जरिए बिजनेस अकाउंट्स को ज्यादा विजिबिलिटी मिलेगी और वे अपने कंटेंट की परफॉर्मेंस बेहतर तरीके से समझ सकेंगे.
क्यों बदल रहा है सोशल मीडिया का मॉडल?
अब तक फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पूरी तरह विज्ञापनों पर निर्भर थे. लेकिन दुनियाभर में यूजर्स की संख्या लगभग स्थिर होने और प्राइवेसी नियम सख्त होने के बाद कंपनियां नए कमाई मॉडल तलाश रही हैं.