Noida EV Charging Stations: नोएडा में इलेक्ट्रिक वाहन चलाने वालों के लिए चार्जिंग की सुविधा बढ़ाने की तैयारी है. नोएडा प्राधिकरण ने 48 जगहों पर EV चार्जिंग स्टेशन लगाने के लिए ITI Limited के साथ समझौता किया है. इससे पहले 30 जगहों पर स्टेशन लगाने के लिए UP Renewable and EV Charging Infrastructure Ltd. (UPREV) के साथ समझौता हो चुका है. दोनों समझौतों के तहत शहर में कुल 78 जगहों पर चार्जिंग स्टेशन लगाए जाने हैं. प्राधिकरण ने शहर में कुल 100 स्टेशन स्थापित करने का लक्ष्य रखा है.
48 जगहों पर स्टेशन लगाने के लिए समझौता
उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रिक वाहन नीति-2022 के तहत नोएडा में इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने और प्रदूषण पर नियंत्रण के उद्देश्य से चार्जिंग नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है. इसी क्रम में 12 अक्टूबर 2026 को नोएडा प्राधिकरण और ITI Limited के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए. इस समझौते के तहत शहर के अलग-अलग इलाकों में 48 जगहों पर EV चार्जिंग स्टेशन लगाए जाएंगे. इससे पहले 24 सितंबर 2026 को नोएडा प्राधिकरण ने UPREV के साथ 30 जगहों पर चार्जिंग स्टेशन लगाने के लिए समझौता किया था. दोनों समझौतों के बाद अब कुल 78 जगहों पर स्टेशन लगाने की योजना है.
10 साल का होगा समझौता
नोएडा प्राधिकरण के मुताबिक, ITI Limited के साथ किया गया समझौता 10 साल के लिए है. भविष्य में इसकी अवधि बढ़ाई जा सकती है. चार्जिंग स्टेशन लगाने का पूरा खर्च ITI Limited उठाएगी. नोएडा प्राधिकरण की तरफ से इसके लिए जगह उपलब्ध कराई जाएगी. प्राधिकरण इस प्रोजेक्ट के लिए कोई वित्तीय सहायता नहीं देगा. अथॉरिटी के मुताबिक, हर एक स्टेशन पर कम से कम दो चार्जर लगाए जाएंगे जिनके जरिए एक ही समय में दो कारों और एक दुपहिया वाहन को चार्ज किया जा सकेगा.
चार्जिंग से प्राधिकरण को मिलेगा राजस्व!
समझौते के तहत EV चार्जिंग के लिए इस्तेमाल होने वाली बिजली के बदले नोएडा प्राधिकरण को रेवेन्यू शेयरिंग मॉडल के आधार पर प्रति kWh 1 रुपये का राजस्व मिलेगा यानी चार्जिंग में जितनी बिजली इस्तेमाल होगी, उसके आधार पर प्राधिकरण को रेवेन्यू हासिल होगा.
इन जगहों पर लगेंगे EV चार्जिंग स्टेशन
नोएडा प्राधिकरण ने EV चार्जिंग स्टेशंस लगाने की 48 जगहों की लिस्ट जारी की है. इनमें मेट्रो स्टेशन, मॉल, बाजार, अस्पताल, पार्किंग स्थल, पेट्रोल पंप और ऑफिस परिसर शामिल हैं. प्रमुख जगहों में शामिल हैं
मेट्रो स्टेशन और सार्वजनिक पार्किंग: सेक्टर-16 और सेक्टर-18 मेट्रो स्टेशन, सेक्टर-142, सेक्टर-147, सेक्टर-137, सेक्टर-143B और सेक्टर-83 मेट्रो पार्किंग.
मॉल और बाजार: सेक्टर-32 लॉजिक्स मॉल, सेक्टर-61 शॉप्रिक्स मॉल, सेक्टर-129 साया स्टेटस मॉल, सेक्टर-50 सेंट्रल मार्केट और सेक्टर-51 मार्केट.
अस्पताल और ऑफिस: सेक्टर-24 में ESI अस्पताल के सामने, सेक्टर-30 में NMC अस्पताल के पास, सेक्टर-142 में एडवांट बिल्डिंग, सेक्टर-132 में इन्फोसिस कैंपस और सेक्टर-54 में HCL टेक के सामने.
पार्क और अन्य जगहें: नोएडा स्टेडियम की पार्किंग, सेक्टर-78 वेद वन पार्क, सेक्टर-92 और सेक्टर-137 बायोडायवर्सिटी पार्क, एमिटी यूनिवर्सिटी के पास और सेक्टर-150 में शहीद भगत सिंह पार्क की पार्किंग.
अन्य स्थान: सेक्टर-2 फायर स्टेशन, सेक्टर-16A फिल्म सिटी, सेक्टर-104 हाजीपुर गांव, सेक्टर-41 अगाहपुर गांव, सेक्टर-58 भज्जी मार्केट, सेक्टर-59 मदरसन सूमी के पास, सेक्टर-110 और सेक्टर-82 की पार्किंग तथा सेक्टर-105 में पेट्रोल पंप.
इसके अलावा सेक्टर-100, 119, 133, 150 और 168 सहित कई अन्य जगहों को भी सूची में शामिल किया गया है.
100 चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने का लक्ष्य
नोएडा प्राधिकरण का लक्ष्य शहर में कुल 100 EV चार्जिंग स्टेशन स्थापित करना है. फिलहाल 78 जगहों पर स्टेशन लगाने के लिए दो कंपनियों के साथ समझौते किए जा चुके हैं. लक्ष्य तक पहुंचने के लिए 22 और स्टेशन स्थापित करने होंगे. प्राधिकरण के मुताबिक, भविष्य में जरूरत के आधार पर अतिरिक्त चार्जिंग स्टेशन लगाने की योजना भी है. इन स्टेशनों की स्थापना से इलेक्ट्रिक वाहन चालकों को चार्जिंग के ज्यादा विकल्प मिल सकते हैं.
ये भी पढ़ें: