देशभर में हर दिन करोड़ों यात्री ट्रेन से सफर करते हैं. चाहे सफर कुछ घंटों का हो या पूरी रात का, जनरल से लेकर एसी कोच तक अक्सर भीड़ और मुश्किलें देखने को मिलती हैं. कई बार यात्रियों को गंदे कोच, बंद लाइट, खराब चार्जिंग पॉइंट, पानी की कमी या फिर गंदे कंबल-तकिए जैसी समस्याओं से जूझना पड़ता है. आमतौर पर लोग इन चीज़ों से समझौता कर लेते हैं, लेकिन अब ऐसा नहीं है. रेलवे ने ऐसी व्यवस्था बनाई है, जिससे आप ट्रेन में बैठे-बैठे तुरंत शिकायत दर्ज करा सकते हैं और कुछ ही मिनटों में मदद पा सकते हैं.
केवल एक कॉल है काफी
अगर आपको सफर के दौरान कोच में गंदगी दिखे, पानी उपलब्ध न हो, लाइट बंद हो या चार्जिंग पॉइंट काम न कर रहा हो, तो अलग-अलग जगह भटकने की जरूरत नहीं है. इसके लिए आप सीधे 7208073768 या 9904411439 पर कॉल कर सकते हैं. कॉल रिसीव होते ही आपकी शिकायत दर्ज की जाती है और तुरंत संबंधित टीम तक पहुंचा दी जाती है. यह सिस्टम इस तरह काम करता है कि ट्रेन के साथ चल रहे स्टाफ को तुरंत जानकारी मिल जाए और वे आपके कोच में आकर समस्या को दूर कर देगा.
इंटरनेट भी है मददगार
अगर आप फोन करने के बजाय ऑनलाइन शिकायत करना चाहते हैं, तो 'क्लीन माई कोच' पोर्टल का इस्तेमाल कर सकते हैं. यहां आपको अपना PNR नंबर, मोबाइल नंबर, कोच नंबर और बर्थ नंबर भरना होता है. फॉर्म सबमिट करते ही शिकायत सिस्टम में दर्ज हो जाती है. यह जानकारी सबसे पहले मुंबई स्थित कंट्रोल ऑफिस पहुंचती है, जहां से एसएमएस के जरिए ट्रेन में मौजूद सफाई स्टाफ को अलर्ट भेज दिया जाता है. इसके बाद कर्मचारी सीधे आपके पास पहुंचकर समस्या को दूर करते हैं.
बिना इंटरनेट, SMS से भी समाधान
अगर इंटरनेट कनेक्शन नहीं है, तब भी चिंता की बात नहीं. आप SMS के जरिए भी अपनी शिकायत भेज सकते हैं. इसके लिए मैसेज बॉक्स में पहले CLEAN लिखें, फिर अपना 10 अंकों का PNR नंबर डालें और उसके बाद जरूरत के हिसाब से सर्विस कोड टाइप करें.
जैसे C सफाई के लिए, W पानी की व्यवस्था के लिए, P डिसइन्फेक्शन या पेस्ट कंट्रोल के लिए, B लिनेन या बेड रोल के लिए, E लाइट या एसी से जुड़ी दिक्कत के लिए और R छोटी मरम्मत के लिए इस्तेमाल होता है. मैसेज भेजते ही शिकायत दर्ज हो जाती है और आमतौर पर करीब 15 मिनट के भीतर स्टाफ आपके कोच तक पहुंच जाता है.