एलॉन मस्क की कंपनी टेस्ला ने अपनी नई रोडस्टर कार का डेमो दिखाया है. इसमें कार एक बड़े घुमावदार रैंप पर चढ़ती है, उल्टी होकर आगे बढ़ती है और फिर हवा में उछलते हुए जमीन पर लैंड करती है. मस्क ने इसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर करते हुए लिखा, 'लगता है भविष्य में उड़ने वाली कारें सच में होंगी.'
रॉकेट जैसी तकनीक से हवा में कलाबाजी
टेस्ला की नई रोडस्टर में स्पेसएक्स के इंजीनियरों की बनाई तकनीक का इस्तेमाल किया गया है. इसमें कोल्ड-गैस थ्रस्टर्स लगाए गए हैं. ये ऐसे उपकरण होते हैं, जो दबाव वाली गैस को तेजी से बाहर निकालकर धक्का पैदा करते हैं. इसी ताकत से कार को असामान्य दिशा में गति देने में मदद मिल सकती है.
डेमो में कार पहले घुमावदार रैंप पर ऊपर की ओर बढ़ती है. इसके बाद वह उल्टी होकर रैंप पर आगे जाती है और हवा में उछलकर दूसरी तरफ सुरक्षित उतर जाती है. यह तकनीक सामान्य कारों में इस्तेमाल होने वाली तकनीक से काफी अलग है. मस्क ने बताया कि कार को हवा में उठाने और उसकी दिशा नियंत्रित करने के लिए विशेष थ्रस्टर्स और हाई-प्रेशर एयर टैंक जैसी तकनीक का इस्तेमाल किया गया है.
0.81 सेकेंड में 97 किमी की रफ्तार का दावा
रोडस्टर को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा इसकी रफ्तार की हो रही है. कार महज 0.81 सेकेंड में 97 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ने में सक्षम बताई जा रही है.
आम सड़कों पर चलेगी या उड़ भी सकेगी?
डेमो के दौरान जब मस्क से पूछा गया कि क्या यह कार सामान्य सड़कों पर इस्तेमाल की जा सकेगी, तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि यह इस बात पर निर्भर करेगा कि सड़क कैसी है. हालांकि, उन्होंने तुरंत साफ किया कि यह इस्तेमाल करने में एक प्रैक्टिकल कार ही होगी.
मस्क ने यह भी बताया कि रोडस्टर टेस्ला की इकलौती ऐसी कार होगी जिसे सिर्फ मैन्युअली चलाया जा सकेगा. इसे बहुत ज्यादा सेफ्टी को ध्यान में रखकर डिजाइन नहीं किया गया है.
कार का प्रोडक्शन 2028 में शुरू होगा
टेस्ला ने नई जनरेशन की रोडस्टर को पहली बार नवंबर 2017 में पेश किया था. तब से इसकी लॉन्चिंग में कई बार देरी हो चुकी है. अब कंपनी ने 2028 से इसका प्रोडक्शन शुरू करने की योजना बताई है.
ये भी पढ़ें