भीषण गर्मी ने दस्तक दे दी है और ऐसे मौसम में घर का सबसे जरूरी हो जाता है फ्रिज. इसके बिना न तो ठंडा पानी मिल पाता है और न ही सब्जियां ताजी रह पाती हैं. लेकिन जब भी नया फ्रिज खरीदने की बात आती है, तो सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि सिंगल डोर खरीदें या फिर डबल डोर? लोग क्योंकि अपने बजट को लेकर काफी चिंतित होते है, इसलिए कई बार उनका लिया फैसला लंबे समय के लिए ठीक नहीं बैठता है. दरअसल जब नया फ्रिज खरीदना हो बजट के अलावा तकनीक और जरूरत को भी देखना जरूरी हो जाता है. मार्केट में सिंगल डोर और डबल डोर का बोलबाला होता है, लेकिन दोनों में क्या फर्क है, और कौनसा किसके लिए बेहतर है. इन सभी सवालों का जवाब हम आपको देते हैं.
बजट है टाइट, तो सिंगल डोर राइट
सिंगल डोर फ्रिज लंबे समय से भारतीयों का भरोसेमंद ऑप्शन रहा है. दरअसल यह डायरेक्ट कूल तकनीक पर काम करता है, जिसमें कूलिंग सीधे अंदर फैलती है. यानी जो कूलिंग फ्रिज को मिल रही है, वहीं फ्रीजर को भी मिलती है. इसकी सबसे बड़ी खासियत होती है बिजली की कम खपत. जिससे बिजली का बिल कंट्रोल में रहता है.
छोटे परिवार या 2-3 लोगों के लिए यह फ्रिज ठीक रहता है, क्योंकि कम बजट में आ जाता है. साथ ही इतना ज्यादा सामान फ्रिज में रखने की जरूरत नहीं होती है. पर इसकी एक कमी यह है कि इसके फ्रीजर में बर्फ जम जाती है, जिसे समय-समय पर मैनुअली साफ करना पड़ता है. साथ ही, दरवाजा बार-बार खोलने से कूलिंग जल्दी कम हो जाती है.
डबल डोर के डबल फायदे
डबल डोर फ्रिज लेटेस्ट तकनीक से लैस होते हैं और फ्रॉस्ट-फ्री सिस्टम पर चलते हैं. इसमें फ्रीजर और फ्रिज के लिए अलग-अलग दरवाजे होते हैं, जिससे कूलिंग बेहतर बनी रहती है. अंदर लगा फैन ठंडी हवा को हर कोने तक समान रूप से पहुंचाता है, जिससे भीषण गर्मी में भी इसकी परफॉर्मेंस अच्छी बनी रहती है. इसमें फ्रीजर में बर्फ जमने की समस्या नहीं होती, इसलिए डिफ्रॉस्ट करने की झंझट खत्म हो जाती है. बड़े परिवारों के लिए यह बेहतर विकल्प है क्योंकि इसमें ज्यादा सामान रखने की सुविधा मिलती है.
बिजली और टेक्नोलॉजी का मेल
पहले माना जाता था कि डबल डोर फ्रिज ज्यादा बिजली खर्च करते हैं, लेकिन अब इनवर्टर कंप्रेसर तकनीक ने इस सोच को बदल दिया है. यह तकनीक कंप्रेसर को बार-बार ऑन-ऑफ नहीं करती. बल्कि कूलिंग की स्पीड को ही जरूरत के अुसार कम ज्यादा करती है. जिससे कंप्रेसर पर लोड नहीं पड़ता है. नए मॉडल्स कम बिजली में बेहतर कूलिंग देते हैं. अगर आप बिजली बचाना चाहते हैं, तो 3-स्टार या 5-स्टार रेटिंग वाले फ्रिज खरीद सकते हैं.
अगर आपका परिवार छोटा है, किचन में जगह कम है और बजट भी टाइट है, तो सिंगल डोर फ्रिज एक सही और किफायती ऑप्शन है. लेकिन अगर आप ज्यादा सुविधा, बेहतर कूलिंग और लंबे समय तक ताजगी चाहते हैं, तो डबल डोर फ्रिज खरीदना बेहतर रहेगा.