जा रहे हैं वॉशिंग मशीन खरीदने.. तो जान लें सेमी और ऑटोमैटिक के बीच का फर्क, बदल सकता है बहुत कुछ

ज़िंदगी को आसान बनाना हर कोई चाहता है. ऐसे में वॉशिंग मशीन का लोग सहारा लेते हैं. लेकिन उन्हें कौनसी मशीन खरीदनी चाहिए.

Washing Machine
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 20 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 8:44 PM IST

आज के दौर में वॉशिंग मशीन सिर्फ एक मामूली सुविधा नहीं, बल्कि हर घर की जरूरत बन चुकी है. बिजी जीवनशैली में यह न सिर्फ समय बचाती है, बल्कि मेहनत भी कम करती है. बाजार में आमतौर पर दो प्रकार की वॉशिंग मशीन पॉपुलर हैं, सेमी-ऑटोमैटिक और फुली ऑटोमैटिक. दोनों के अपने-अपने फायदे और उपयोग हैं. लेकिन सही चुनाव करने के लिए इनके बीच का अंतर समझना बेहद जरूरी है.

सेमी-ऑटोमैटिक मतलब आपकी मेहनत शामिल
सेमी-ऑटोमैटिक वॉशिंग मशीन उन लोगों के लिए एक अच्छा ऑप्शन है, जो कम बजट में मशीन खरीदना चाहते हैं और थोड़ी मैनुअल मेहनत करने में परेशानी नहीं है. इस मशीन में दो अलग-अलग टब होते हैं, एक कपड़े धोने के लिए और दूसरा सुखाने के लिए. इसमें पानी आपको खुद भरना और निकालना पड़ता है. साथ ही, धुले हुए कपड़ों को वॉश टब से स्पिन टब में खुद शिफ्ट करना होता है.

इस तरह की मशीनें बिजली और पानी दोनों की खपत कम करती हैं, जिससे यह लंबे समय में किफायती साबित होती हैं. खासकर छोटे परिवारों या उन जगहों के लिए यह बेहतर है जहां पानी कम मौजूद रहता है.

फुली ऑटोमैटिक मतलब ज्यादा फीचर
अगर आप बिना झंझट के कपड़े धोना चाहते हैं, तो फुली ऑटोमैटिक वॉशिंग मशीन आपके लिए बेहतर है. इसमें एक ही टब में धोने से लेकर सुखाने तक सारा काम हो जाता है. आपको बस कपड़े और डिटर्जेंट डालकर बटन दबाना होता है, बाकी सारा काम मशीन खुद करती है.

यह मशीन अपने-आप पानी भरती और निकालती है, जिससे समय और मेहनत दोनों की बचत होती है. फुली ऑटोमैटिक मशीनें टॉप लोड और फ्रंट लोड दोनों वेरिएंट में आती हैं, जिनमें कई आधुनिक फीचर्स जैसे अलग-अलग वॉश प्रोग्राम और स्मार्ट कंट्रोल शामिल होते हैं. 

कौनसी मशीन रहेगी बेहतर
वॉशिंग मशीन का चुनाव करते समय यह समझना जरूरी है कि बेहतर वही है जो आपकी जरूरतों के अनुसार फिट बैठे. अगर आपका बजट कम है, पानी और बिजली की बचत जरूरी है और आपको थोड़ा मैनुअल काम करने में दिक्कत नहीं है, तो सेमी-ऑटोमैटिक मशीन एक समझदारी भरा विकल्प है. वहीं, अगर आप सुविधा, समय की बचत और आधुनिक फीचर्स को प्राइऑर्टी देते हैं, तो फुली ऑटोमैटिक मशीन आपके लिए बेहतर साबित होगी.

 

Read more!

RECOMMENDED