Advertisement

WhatsApp पर अचानक दिखा Account Under Review का मैसेज? घबराने की जरूरत नहीं, जानिए क्यों हजारों यूजर्स के अकाउंट में हुआ ऐसा और क्या करें

WhatsApp यूजर्स को ऐप खोलते ही एक नोटिफिकेशन दिखाई दिया. इसमें लिखा था कि उनका अकाउंट WhatsApp की Terms of Service के अनुरूप है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है.

WhatsApp puts multiple accounts under review
gnttv.com
  • नई दिल्ली ,
  • 04 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 10:32 AM IST

अगर सोमवार रात अचानक आपका WhatsApp खुलना बंद हो गया हो या ऐप पर Account in Review का मैसेज दिखा हो, तो आप अकेले नहीं हैं. भारत समेत कई देशों के हजारों यूजर्स के WhatsApp अकाउंट बिना किसी अलर्ट के रिव्यू में चले गए. इससे वे कुछ समय के लिए ऐप इस्तेमाल नहीं कर सके. ऐसे में लोगों के मन में सवाल उठने लगे कि कहीं उनका अकाउंट हैक तो नहीं हो गया या फिर WhatsApp ने उन्हें बैन कर दिया है.

क्या था पूरा मामला?
सोमवार रात करीब 8 बजे के बाद कई WhatsApp यूजर्स को ऐप खोलते ही एक नोटिफिकेशन दिखाई दिया. इसमें लिखा था कि उनका अकाउंट WhatsApp की Terms of Service के अनुरूप है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है. मैसेज में यह भी बताया गया कि यूजर की अकाउंट एक्टिविटी और डिवाइस की जानकारी की समीक्षा की जा रही है और आमतौर पर 24 घंटे के भीतर इसका परिणाम बता दिया जाएगा. इस दौरान कई यूजर्स कुछ समय के लिए WhatsApp का इस्तेमाल नहीं कर पाए.

क्या अकाउंट बैन हो गया है?
Account in Review का मतलब यह नहीं है कि आपका अकाउंट हमेशा के लिए बंद कर दिया गया है. इसका मतलब सिर्फ इतना है कि WhatsApp का सिस्टम आपके अकाउंट की जांच कर रहा है. जांच पूरी होने के बाद यदि कोई नियमों का उल्लंघन नहीं मिलता है तो अकाउंट दोबारा सामान्य रूप से चलने लगता है.

WhatsApp ने अपने बयान में क्या कहा?
WhatsApp के प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी लगातार ऐसे लोगों की पहचान करने की कोशिश करती है जो प्लेटफॉर्म का गलत इस्तेमाल करते हैं, ताकि दूसरे यूजर्स सुरक्षित रह सकें. कंपनी ने यह भी स्वीकार किया कि कभी-कभी सिस्टम से गलती हो सकती है. यदि किसी वैध यूजर का अकाउंट गलती से रिव्यू में चला जाता है, तो उसे जल्द से जल्द ठीक करने की कोशिश की जाती है.

हालांकि WhatsApp ने यह नहीं बताया कि कितने अकाउंट प्रभावित हुए हैं और यह समस्या किसी तकनीकी गड़बड़ी, ऑटोमैटिक सिस्टम या एंटी-स्पैम अभियान की वजह से हुई.

यूजर्स को लगा अकाउंट बैन हो गया
अकाउंट रिव्यू में जाने से लोगों को लगा कि उनका अकाउंट हैक हो गया है या हमेशा के लिए बंद कर दिया जाएगा. सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोगों ने WhatsApp से जवाब मांगा और अपनी परेशानी साझा की.

अगर आपके साथ भी ऐसा हो जाए तो क्या करें?

  • Account in Review का मतलब बैन नहीं होता.

  • ऐप में दिख रहे निर्देशों का पालन करें और जांच पूरी होने का इंतजार करें.

  • किसी अनजान लिंक, थर्ड-पार्टी ऐप या फर्जी वेबसाइट के जरिए अकाउंट दोबारा चालू करने की कोशिश न करें.

  • अगर 24 घंटे बाद भी समस्या बनी रहती है, तो WhatsApp सपोर्ट से संपर्क करें.

  • ऐसे मैसेज या गतिविधियों से बचें जो स्पैम की तरह दिखाई दें.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement