Amarnath Yatra Par Bus Aur Auto Ka Kiraya Kitna Hai: हर साल अमरनाथ यात्रा पर हजारों श्रद्धालु जाते हैं. इस बार भी यात्रा पर जाने के लिए बाबा भोलेनाथ के भक्त तैयार हैं. अमरनाथ यात्रा इस बार 3 जुलाई 2026 से शुरू होगी और यह 57 दिन तक चलेगी. अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है. अब बस और ऑटो वाले आपसे अधिक किराया नहीं वसूल सकेंगे. सरकार ने अमरनाथ यात्रा के लिए बस-ऑटो का भाड़ा तय कर दिया है. यहां आप जान सकते हैं किस रूट पर कितने रुपए का टिकट होगा.
आपको मालूम हो कि कई बार श्रद्धालु शिकायत करते हैं कि उनसे बस, ऑटो व अन्य वाहनों का भाड़ा अधिक वसूला जा रहा है. यात्रियों की इस परेशानी को दूर करने के लिए परिवहन विभाग ने श्रीनगर से बालटाल, बालटाल से जम्मू, श्रीनगर से पहलगाम, पहलगाम से जम्मू और श्रीनगर से जम्मू जैसे प्रमुख रूटों पर बस और टैक्सी का भाड़ा तय कर दिया है. परिवहन विभाग ने सख्त निर्देश दिया है कि यदि श्रद्धालुओं से तय किराए से अधिक पैसे लिए गए तो फिर वाहनों के चालान काटे जाएंगे. बार-बार गलती दोहराने पर रूट परमिट रद्द कर दिया जाएगा.
किराया चार्ट वाहन के अंदर चिपकाना होगा
ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को किराया चार्ट वाहन के अंदर चिपकाना होगा. किराया चार्ट साफ और पढ़ने योग्य होना चाहिए. यदि चार्ट खराब या अस्पष्ट हो जाता है तो चालक को तुरंत नया चार्ट लगाना होगा. परिवहन विभाग ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि रेट चार्ट देखकर ही वाहन में बैठें. ऑटो-टैक्सी में लगा सरकारी किराया चार्ट जरूर चेक करें. यदि कोई वाहन चालक ज्यादा किराया मांगे तो शिकायत करें. 100 नंबर डायल करें या नजदीकी ट्रैफिक पुलिस को बताएं. लंबी दूरी पर टैक्सी या बस से जा रहे हैं तो बिल जरूर मांगें.
कश्मीर घाटी रूट पर बस और टैक्सी का किराया
1. श्रीनगर से बालटाल रूट
- बस के लिए प्रति यात्री भाड़ा 175 रुपए.
- टैक्सी के लिए किराया 386 रुपए.
2. बालटाल से जम्मू रूट
- बस के लिए प्रति यात्री भाड़ा 643 रुपए.
- टैक्सी के लिए किराया 1421 रुपए.
3. श्रीनगर से पहलगाम रूट
- बस के लिए प्रति यात्री किराया 173 रुपए
- टैक्सी के लिए भाड़ा 384 रुपए
4. पहलगाम से जम्मू रूट
- बस का किराया प्रति यात्री 434 रुपए
- टैक्सी के लिए किराया 959 रुपए
5. श्रीनगर से जम्मू रूट
-बस का प्रति व्यक्ति किराया 468 रुपए
- टैक्सी का भाड़ा 1035 रुपए
6. ऑटो का कितना है किराया
- पेट्रोल ऑटो: पहले एक किलोमीटर के लिए किराया 26 रुपए और उसके बाद प्रति किलोमीटर 20 रुपए.
-ई-ऑटो: पहले एक किलोमीटर के लिए भाड़ा 25 रुपए और उसके बाद प्रति किलोमीटर 20 रुपए.
7. नुनवान से चंदनवाड़ी
मिनी बस: वर्तमान किराया 132 रुपए, संशोधित किराया 156 रुपए.
टैक्सी/मैक्सी कैब (पेट्रोल): वर्तमान किराया 271 रुपए, संशोधित किराया 320 रुपए.
टैक्सी/मैक्सी कैब (डीजल): वर्तमान किराया 139 रुपए, संशोधित किराया 164 रुपए.