उत्तराखंड के बद्रीनाथ धाम में ठंड बढ़ने के बावजूद श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. अब तक यहां 20 लाख से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं. पंचांग गणना के अनुसार, इस साल 16 नवंबर 2026 को रात 9 बजकर 37 मिनट पर बद्रीनाथ धाम के कपाट बंद हो जाएंगे. अगर आप भी कपाट बंद होने से पहले भगवान बद्री विशाल के दर्शन करना चाहते हैं, तो यात्रा की तैयारी समय रहते कर लें. आज हम आपको बताएंगे कि आप कैसे बद्रीनाथ के दर्शन को पहुंच सकते हैं. सड़क से मार्ग तय करने का तरीका और खर्च. हालांकि सफर का खर्च इस बात पर निर्भर करेगा कि आप किस शहर से बद्रीनाथ आ रहे हैं और ट्रेन, फ्लाइट या बस में से क्या चुनते हैं. हालांकि, हरिद्वार पहुंचने के बाद बद्रीनाथ जाने के लिए आपके पास बस और टैक्सी जैसे विकल्प मौजूद होते हैं.
ट्रेन से बद्रीनाथ जाना है तो कहां तक करें सफर?
अगर आप कम खर्च में यात्रा करना चाहते हैं, तो ट्रेन से हरिद्वार पहुंचना आपके पैसे बचा सकता है. इसके लिए अपने शहर से हरिद्वार रेलवे स्टेशन तक ट्रेन की टिकट बुक करें. हरिद्वार पहुंचने के बाद अगला सफर सड़क मार्ग से करना होगा. यहां से बद्रीनाथ के लिए बस या टैक्सी ले सकते हैं. पहाड़ी रास्ते और यात्रा में लगने वाले समय को देखते हुए सुबह जल्दी निकलने पर आप दिन की रोशनी में मंदिर पहुंच सकते हैं.
हरिद्वार से बद्रीनाथ तक बस का कितना है किराया?
बजट में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बद्रीनाथ तक बस से जाना किफायती रहेगा. उपलब्ध बस सेवाओं में टिकट का किराया करीब 900 से 1,200 रुपये से शुरू होता है. बस के प्रकार और ऑपरेटर के हिसाब से किराया बढ़ या घट भी सकता है. हरिद्वार रेलवे स्टेशन से बद्रीनाथ मंदिर की दूरी करीब 308 से 320 किलोमीटर है, जिसको तय करने में करीब 9 से 10 घंटे या उससे ज्यादा समय भी लग सकता है.
टैक्सी से जाएंगे तो कितना खर्च आएगा?
अगर आप परिवार के साथ जा रहे हैं या रास्ते में अपनी सुविधा के हिसाब से रुकना चाहते हैं, तो हरिद्वार से बद्रीनाथ के लिए टैक्सी बुक कर सकते हैं. इस रूट पर एक तरफ का टैक्सी किराया करीब 5,000 से 8,000 रुपये के आसपास हो सकता है. वाहन, तारीख और बुकिंग की शर्तों के हिसाब से कीमत बदल सकती है. बुकिंग से पहले यह जरूर पूछ लें कि किराये में टोल, पार्किंग और ड्राइवर का भत्ता शामिल है या नहीं. ऐसा न हो कि डेस्टिनेशन तक पहुंचते-पहुंचते आपका किराया और बढ़ जाए.
फ्लाइट से देहरादून पहुंचने वालों के लिए क्या है रास्ता?
अगर आप हवाई यात्रा करना चाहते हैं, तो देहरादून के जॉली ग्रांट एयरपोर्ट तक फ्लाइट ले सकते हैं. यह एयरपोर्ट हरिद्वार से करीब 35 से 40 किलोमीटर दूर है. एयरपोर्ट से हरिद्वार पहुंचने के लिए टैक्सी या उपलब्ध बस सेवा का इस्तेमाल भी कर सकते हैं. हालांकि देहरादून में एयरपोर्ट के बाहर से भी आपको दैक्सी मिल जाएगी. देहरादून से अगर बद्रीनाथ जा रहे तो किराया थोड़ा ज्यादा हो सकता है. हालांकि अगर हरिद्वार से जाना है तो पहले रेलवे या बस स्टेशन आकर हरिद्वार आना होगा.
ट्रेन, बस या फ्लाइट- कौन-सी सेवा पड़ेगी सस्ती?
अगर आपका लक्ष्य खर्च कम रखना है, तो अपने शहर से हरिद्वार तक ट्रेन और फिर बद्रीनाथ तक बस से जा सकते हैं. अगर समय कम है और आपके शहर से देहरादून की फ्लाइट सुविधाजनक कीमत पर मिल रही है, तो हवाई यात्रा पर भी विचार किया जा सकता है. परिवार या समूह के साथ सफर करने पर टैक्सी सुविधाजनक हो सकती है, लेकिन उसका कुल खर्च बस से ज्यादा होगा. ध्यान रखें कि ये किराये अनुमानित हैं. यात्रा की तारीख, टिकट की उपलब्धता, वाहन और मौसम के हिसाब से खर्च बदल सकता है. इसलिए निकलने से पहले टिकट और स्थानीय परिवहन की जानकारी जरूर जांच लें.
बद्रीनाथ जाने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
कपाट बंद होने की तारीख नजदीक है, इसलिए यात्रा को आखिरी समय तक टालने से बचें. पहाड़ी इलाकों में ठंड ज्यादा होती है, और कुछ दिन पहले बर्फ भी गिरी थी. ऐसे में गर्म कपड़े साथ रखें. सड़क की स्थिति, मौसम और बसों के समय की जानकारी लेकर ही निकलें. अगर आप एक ही दिन में लंबा सफर तय करने की योजना बना रहे हैं, तो रास्ते में लगने वाले समय को ध्यान में रखें.
ये भी पढ़ें