विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले के दौरान बाबा बैद्यनाथधाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने बड़ी सुविधा का ऐलान किया है. आसनसोल रेल मंडल ने बड़हनी और देवघर के बीच एक जोड़ी दैनिक अनारक्षित (Unreserved) श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है. इस फैसले से उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड से आने वाले हजारों श्रद्धालुओं की यात्रा पहले से अधिक आसान और सुविधाजनक हो जाएगी. रेलवे के अनुसार यह श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन 28 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक संचालित की जाएगी. इस दौरान दोनों दिशाओं में 33-33 फेरे लगाए जाएंगे. अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए शुरू की गई यह विशेष सेवा श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाई जा रही है.
बड़हनी से देवघर का समय और स्टॉपेज
गाड़ी संख्या 05028 बड़हनी-देवघर श्रावणी मेला स्पेशल 28 जुलाई से 29 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 3:20 बजे बड़हनी से रवाना होगी. यह ट्रेन अगले दिन दोपहर 1:00 बजे देवघर पहुंचेगी. यात्रा के दौरान यह मुंगेर, सुल्तानगंज, भागलपुर, बाराहाट और बांका स्टेशनों पर रुकेगी, जिससे इन क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को भी सीधा लाभ मिलेगा.
देवघर से बड़हनी के लिए भी चलेगी स्पेशल सेवा
वापसी में गाड़ी संख्या 05027 देवघर-बड़हनी श्रावणी मेला स्पेशल 29 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन शाम 6:45 बजे देवघर से रवाना होगी. यह ट्रेन अगले दिन दोपहर 3:15 बजे बड़हनी पहुंचेगी. रास्ते में यह बांका, बाराहाट, भागलपुर, सुल्तानगंज और मुंगेर स्टेशनों पर ठहरेगी.
भीड़ को देखते हुए रेलवे की विशेष तैयारी
रेलवे ने बताया कि यह विशेष व्यवस्था श्रावणी मेले में उमड़ने वाली अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए की गई है. इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, आरामदायक और सुगम यात्रा उपलब्ध कराना है, ताकि वे बिना किसी परेशानी के बाबा बैद्यनाथधाम पहुंचकर पूजा-अर्चना कर सकें.
ये भी पढ़ें