Advertisement

बेंगलुरु-मुंबई के बीच दौड़ेगी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन, 16 घंटे में पूरा होगा सफर, जानें किराया और स्टॉपेज से जुड़ी हर डिटेल

बेंगलुरु-मुंबई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को रेलवे बोर्ड की मंजूरी मिल गई है. जानें ट्रेन की टाइमिंग, 8 स्टॉपेज, कोच, सीटों और आधुनिक सुविधाओं से जुड़ी पूरी जानकारी.

Vande Bharat
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 30 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 11:12 AM IST

बेंगलुरु से मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए ट्रेन का सफर अब पहले से ज्यादा आरामदायक और तेज होने वाला है. रेलवे ने दोनों बड़े शहरों के बीच वंदे भारत स्लीपर ट्रेन चलाने को मंजूरी दे दी है. इस ट्रेन की खासियत यह है कि यात्री रात में सोते हुए सफर कर सकेंगे और अगले दिन सुबह अपनी मंजिल पर पहुंच जाएंगे. इतना ही नहीं, मौजूदा ट्रेनों के मुकाबले इस ट्रेन से करीब 6 से 8 घंटे तक समय की बचत भी हो सकती है. ट्रेन में थर्ड एसी, सेकंड एसी और फर्स्ट एसी के कोच होंगे. आइए जानते हैं इस नई ट्रेन की टाइमिंग, स्टॉपेज और सुविधाओं से जुड़ी पूरी जानकारी.

1 नवंबर से शुरू हो सकती है ट्रेन
रेलवे बोर्ड ने 29 अक्टूबर 2026 को बेंगलुरु-मुंबई वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस को मंजूरी दी है. रेलवे सूत्रों के मुताबिक, इसका संचालन 1 नवंबर से शुरू होगा. पिछले सात दिनों में मंजूरी पाने वाली यह दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन है. इससे पहले वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर को मंजूरी मिली थी. इस ट्रेन का संचालन और रखरखाव दक्षिण पश्चिम रेलवे (SWR) करेगा.

16 घंटे में पूरा होगा सफर
नई ट्रेन से बेंगलुरु से मुंबई पहुंचने में करीब 16 घंटे 10 मिनट लगेंगे. वहीं, मुंबई से बेंगलुरु का सफर करीब 15 घंटे 50 मिनट में पूरा होगा. फिलहाल इस रूट पर दूसरी ट्रेनों से सफर करने में 22 से 24 घंटे या उससे ज्यादा समय लगता है. ऐसे में यात्रियों के करीब 6 से 8 घंटे बचेंगे.

जानें ट्रेन का नंबर और टाइमिंग
बेंगलुरु से मुंबई जाने वाली ट्रेन का नंबर 27652 होगा. यह सर एम विश्वेश्वरैया टर्मिनल से शाम 7:45 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 11:55 बजे मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस पहुंचेगी. यह ट्रेन सोमवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी.

इन 8 स्टेशनों पर होगा ठहराव
बेंगलुरु से मुंबई के बीच यह ट्रेन अनंतपुर, गुंतकल, रायचूर, यादगीर, कलबुर्गी, सोलापुर, पुणे और कल्याण स्टेशनों पर रुकेगी. वापसी में भी इन सभी स्टेशनों पर इसका ठहराव होगा.

ट्रेन में होंगे 16 कोच, 823 यात्री कर सकेंगे सफर
वंदे भारत स्लीपर में कुल 16 कोच होंगे, जिनमें एक साथ 823 यात्री सफर कर सकेंगे. इनमें 11 थर्ड एसी, चार सेकंड एसी और एक फर्स्ट एसी कोच होगा. थर्ड एसी में 611, सेकंड एसी में 188 और फर्स्ट एसी में 24 बर्थ मिलेंगी.

180 किमी प्रति घंटे की डिजाइन स्पीड
इस ट्रेन को 180 किलोमीटर प्रति घंटे की डिजाइन स्पीड के हिसाब से तैयार किया गया है. इसमें आरामदायक बर्थ, बेहतर सस्पेंशन, ऑटोमैटिक दरवाजे और कोचों के बीच आने-जाने के लिए वेस्टिब्यूल की सुविधा होगी. इसके अलावा कवच सुरक्षा प्रणाली, इमरजेंसी टॉक-बैक सिस्टम और साफ-सफाई के लिए आधुनिक तकनीक भी दी गई है. ट्रेन में शोर और झटकों को कम करने की व्यवस्था की गई है, जिससे रात का सफर ज्यादा आरामदायक बन सके.

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement