Jharkhand Tourism: शिमला-मनाली भूल जाएंगे! मानसून में जन्नत बन जाती हैं झारखंड की ये 5 खूबसूरत जगहें, देखें शानदार पहाड़ों और झरनों की लिस्ट

बारिश के मौसम में झारखंड के ये पहाड़ और झरने अपनी सबसे खूबसूरत तस्वीर पेश करते हैं. हरियाली, ठंडी हवा और पानी की तेज धार पूरे माहौल को यादगार बना देती है.

Jharkhand Tourism
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 01 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 11:07 PM IST

जब भी पहाड़ों पर घूमने की बात आती है, तो ज्यादातर लोगों के दिमाग में सबसे पहले शिमला, मनाली या मसूरी का चित्र आता है. लेकिन अगर आपने अब तक झारखंड को सिर्फ खनिज और जंगलों वाला राज्य समझ रखा है, तो एक बार यहां के पहाड़ों और झरनों की खूबसूरती जरूर देखिए. यहां ऐसे कई वॉटरफॉल हैं, जहां चारों तरफ घने जंगल, ऊंची पहाड़ियां और गिरता पानी ऐसा नजारा बनाते हैं कि आपका घंटों तक वहीं बैठने का मन करेगा. खास कर मानसून में यहां घूमना शिमला और मनाली से कम नहीं है, लेकिन भारी बारिश के दौरान चट्टानें फिसलने का खतरा हो सकता है, इसलिए झारखंड प्रशासन की सलाह का पालन करते हुए ही यात्रा करें.

नेतरहाट और घाघरी वॉटरफॉल
झारखंड की खूबसूरत पहाड़ियों की बात हो और नेतरहाट का नाम न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता. 'छोटानागपुर की रानी' कहे जाने वाले नेतरहाट में सूर्योदय और सूर्यास्त का नजारा तो खूबसूरत होता ही  है. यहां मौजूद अपर घाघरी और लोअर घाघरी वॉटरफॉल इसकी सबसे बड़ी सुंदर जगह है. घने जंगलों के बीच बहता साफ पानी, पहाड़ी रास्ते और चारों तरफ फैली हरियाली इस जगह को बेहद शांत बना देते हैं. अगर आप भीड़-भाड़ से दूर प्रकृति के बीच कुछ वक्त बिताना चाहते हैं, तो नेतरहाट आपके लिए बेहतरीन जगह हो सकती है.

लोध वॉटरफॉल, झारखंड का सबसे ऊंचा झरना
नेतरहाट से करीब 60 किलोमीटर दूर स्थित लोध वॉटरफॉल झारखंड का सबसे ऊंचा झरना माना जाता है. इसकी ऊंची चट्टानों से तेज रफ्तार में गिरता पानी और उसकी गूंज लोगों को दूर तक सुनाई देती है. मानसून के दौरान इसका नजारा और भी शानदार हो जाता है. प्रकृति प्रेमियों और फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए यह जगह किसी जन्नत से कम नहीं लगती.

हुंडरू वॉटरफॉल
रांची के पास स्थित हुंडरू वॉटरफॉल भी झारखंड के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में गिना जाता है. यह झरना सुवर्णरेखा नदी पर बना है, जहां पानी करीब 98 मीटर की ऊंचाई से नीचे गिरता है. नीचे पहुंचते ही पानी की फुहार और चट्टानों का दृश्य पूरे माहौल को और भी आकर्षक बना देता है. बारिश के मौसम में इसकी खूबसूरती कई गुना बढ़ जाती है.

दशम वॉटरफॉल
अगर आपको पहाड़, जंगल और तेज बहते झरनों का संगम देखना पसंद है, तो दशम वॉटरफॉल जरूर जाना चाहिए. कांची नदी पर बना यह झरना करीब 44 मीटर की ऊंचाई से गिरता है. गिरते पानी की तेज आवाज और चारों ओर फैली हरियाली यहां आने वालों को प्रकृति के और करीब ले जाती है.

जोंहा वॉटरफॉल
रांची से करीब 40 किलोमीटर दूर स्थित जोंहा वॉटरफॉल भी झारखंड के सबसे खूबसूरत झरनों में शामिल है. पहाड़ों के बीच गिरता पानी, शांत वातावरण और प्राकृतिक हरियाली इसे फैमिली ट्रिप और वीकेंड पिकनिक के लिए पसंदीदा जगह बनाते हैं. यहां पहुंचने के बाद शहर का शोर पूरी तरह पीछे छूट जाता है.
 

ये भी पढ़ें

 

Read more!

RECOMMENDED