भारत टैक्सी (Bharat Taxi) की गुरुवार से शुरुआत होने जा रही है. गृह मंत्री अमित शाह दिल्ली में भारत टैक्सी को लॉन्च करेंगे. देश की पहली सहकारी कैब टैक्सी सर्विस है. इसकी मदद से आम लोगों को कैब, बाइक टैक्सी और ऑटो सर्विस मिलेगी. भारत टैक्सी में किराया बहुत ही कम रखा गया है. इतना ही नहीं इसमें ड्राइवरों से कोई कमीशन नहीं लिया जाएगा. इसका मतलब है कि किराया का पूरा पैसा ड्राइवर को मिलेगा. ड्राइवर खुद
इस प्लेटफॉर्म के हिस्सेदार या मालिक होंगे. ऐसे में कहा जा रहा है कि भारत टैक्सी Ola, Uber और रैपिडो जैसे दिग्गज प्लेटफॉर्म की छुट्टी कर सकती है.
अभी दिल्ली-एनसीआर में मिलेगी इसकी सेवा
भारत टैक्सी का ट्रायल गत 2 दिसंबर को दिल्ली और गुजरात के राजकोट में शुरू किया गया था, जो सफल रहा है. अब इसे दिल्ली-एनसीआर में उतारा जा रहा है. आगे इसे मुंबई, चेन्नई, बेंगलुरु जैसे शहरों में चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा. भारत टैक्सी को अगले दो साल में देश के सभी राज्यों और प्रमुख शहरों में शुरू करने का टारगेट है.
जुड़ चुके हैं इतने ड्राइवर
भारत टैक्सी की स्थापना 6 जून 2025 को गई थी. उस समय से अभी तक भारत टैक्सी ऐप से तीन लाख से अधिक ड्राइवर जुड़ चुके हैं और एक लाख से अधिक यूजर्स पहले ही रजिस्टर हो चुके हैं. अभी जहां Ola, Uber हो या रैपिडो ड्राइवरों को अपनी कमाई का एक बड़ा हिस्सा कमीशन के रूप में कंपनी को देना पड़ता है, वहीं भारत टैक्सी में ड्राइवरों से कोई कमीशन नहीं लिया जाएगा. भारत टैक्सी में हर एक ड्राइवर, जिसे सारथी का नाम दिया है. वह को-ऑपरेटिव में 5 सेयर का मालिक होगा.
ड्राइवर को भारत टैक्सी में ऐप इस्तेमाल करने के लिए हर दिन सिर्फ 30 रुपए फीस के रूप में देने होंगे. ड्राइवर इसे अपनी सुविधा के मुताबिक डेली, वीकली या मंथली आधार पर चुका सकेंगे. भारत टैक्सी से जुड़े ड्राइवरों को 5 लाख रुपए का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा और 5 लाख रुपए का फैमिली हेल्थ इंश्योरेंस कवर दिया जाएगा. इसके अलावा इससे जुड़ने वाले सभी ड्राइवर्स के लिए रिटायरमेंट सेविंग्स और ड्राइवर सपोर्ट सिस्टम जैसी सुविधाएं भी जोड़ी गई हैं. इतना ही नहीं ड्राइवरों को आसान किस्तों पर लोन भी उपलब्ध कराया जाएगा. इससे ड्राइवर अपनी खुद की गाड़ियां खरीद सकेंगे और आत्मनिर्भर बनकर नए रोजगार के अवसर पैदा कर सकेंगे.
दिया गया है यह खास फीचर
भारत टैक्सी ऐप में SOS का फीचर दिया गया है. यह एक सेफ्टी बटन है. यह एक सिंगल क्लिक में मदद का मैसेज सेंड करने में काम आता है. SOS बटन में सेटअप करना होगा, जिसमें यूजर्स अपने ट्रस्टेड कॉन्टैक्ट्स को शामिल कर सकते हैं. इस ऐप में एक सिंपल यूजर इंटरफेस है. इसको मजेदार बनाने के लिए कई जगह पर एनिमेशन का यूज किया गया है. भारत टैक्सी ऐप को ओपन करते ही Jai भारत लिखा आता है. इसके बाद इसमें कैब, टू व्हीलर टैक्सी, ऑटो और यहां तक कि मेट्रो टिकट बुकिंग के ऑप्शन दिए गए हैं.
सर्ज-प्राइसिंग का सिस्टम नहीं
अक्सर देखा जाता है कि बारिश, भारी ट्रैफिक या अधिक मांग के दौरान प्राइवेट कंपनियां किराया दोगुना या तिगुना कर देती हैं. भारत टैक्सी में ग्राहकों के लिए राहत की बात यह है कि इसमें सर्ज-प्राइसिंग (पीक ऑवर्स में ज्यादा किराया) का सिस्टम नहीं है. इससे यात्रियों को किफायती दरों पर टैक्सी मिल सकेगी. भारत टैक्सी का दावा है कि उनके प्लेटफॉर्म पर किराया बाजार से 30% तक सस्ता हो सकता है. यात्री भारत टैक्सी ऐप के माध्यम से बाइक, ऑटो और कार के विकल्पों में से अपनी पसंद का सफर चुन सकेंगे.