Advertisement

Chhath Puja Travel Options 2026: क्या छठ में घर जाने का है प्लान? लेकिन नहीं मिल रही ट्रेन की टिकट और प्लेन है बजट से बाहर? करें ये काम तुरंत

लोकआस्था के महापर्व छठ पूजा का नाम आते ही दूसरे शहरों में रहने वाले हर बिहारी का मन अपने घर-आंगन लौटने के लिए मचलने लगता है. नौकरी या पढ़ाई के लिए दूरदराज के शहरों में रहने वालों के लिए यह केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि अपने परिवार से जुड़ने का सबसे बड़ा इमोशन है.

Chhath Puja Travel Options 2026:
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 07 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 11:06 PM IST

छठ का नाम आते ही घर जाने की तैयारी शुरू हो जाती है. खासकर जो लोग नौकरी या पढ़ाई के सिलसिले में अपने घर से दूर रहते हैं, उनके लिए यह पर्व सिर्फ एक त्योहार नहीं बल्कि परिवार के पास लौटने का मौका भी होता है. या यूं कहें कि बिहारियों के लिए छठ पूजा एक इमोशन है. लेकिन जैसे-जैसे छठ नजदीक आता है, सबसे बड़ी टेंशन सफर को लेकर शुरू हो जाती है. ट्रेनों में टिकट नहीं मिलती और फ्लाइट का किराया बजट से बहुत बाहर पहुंच जाता है. ऐसे में घर जाने का प्लान कैंसिल करने के बजाय कुछ दूसरे विकल्पों पर भी नजर डाल सकते हैं.

कनेक्टिंग ट्रेन या वैकल्पिक रूट देखें
अगर आपके शहर से सीधे घर जाने वाली ट्रेन में टिकट नहीं मिल रही है तो सिर्फ उसी रूट पर निर्भर न रहें. आसपास के किसी बड़े रेलवे स्टेशन तक जाने और वहां से दूसरी ट्रेन पकड़ने का विकल्प भी देख सकते हैं. हालांकि, कनेक्टिंग ट्रेन लेते समय दोनों ट्रेनों के आने-जाने का समय जरूर देख लें. पहली ट्रेन लेट हुई तो दूसरी ट्रेन छूट सकती है. इसलिए दोनों ट्रेनों के बीच थोड़ा पर्याप्त समय रखें, ताकि सफर के दौरान परेशानी न हो.

स्लीपर या बैठने वाली लग्जरी बस बुक कर सकते हैं
ट्रेन में जगह नहीं मिल रही है तो बसों को भी चेक किया जा सकता है. लंबी दूरी के लिए स्लीपर बस या बैठने वाली लग्जरी बस का विकल्प कई लोगों के काम आ सकता है. छठ के समय बसों की मांग भी काफी बढ़ जाती है और किराया सामान्य दिनों के मुकाबले काफी ऊपर जा सकता है. इसलिए अगर बस से जाने का प्लान है तो आखिरी समय तक इंतजार करने के बजाय पहले ही बुकिंग कर लें. अभी ही बिहार जाने वाली कई बसों का किराया 2,000 रुपए के ऊपर जा चुका है.

तत्काल टिकट का विकल्प आजमाएं
अगर सामान्य बुकिंग में टिकट नहीं मिली है तो तत्काल में भी टिकट बुक कर सकते हैं. इसके लिए बुकिंग खुलने के समय का ध्यान रखें, क्योंकि इस दौरान टिकट तेजी से भर सकती हैं. अपनी यात्रा की तारीख और ट्रेन पहले से तय रखें, ताकि तत्काल बुकिंग के समय ज्यादा समय न लगे.

करंट बुकिंग भी चेक करें
कई बार चार्ट तैयार होने से पहले उपलब्ध सीटों के आधार पर करंट बुकिंग में टिकट मिल सकती है. इसलिए अगर आपकी यात्रा की तारीख करीब आ गई है और अभी तक टिकट नहीं मिली है तो करंट बुकिंग की उपलब्धता भी जरूर देख लें. हो सकता है जिस ट्रेन में पहले टिकट नहीं मिल रही थी, उसमें बाद में कोई सीट उपलब्ध हो जाए.

स्पेशल ट्रेन भी आ सकती है काम
छठ के दौरान रेलवे की ओर से स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जाती हैं. इन ट्रेनों में टिकट मिलना सामान्य ट्रेनों की तुलना में आसान हो सकता है, इसलिए इनकी जानकारी भी लगातार चेक करते रहें. हालांकि इन ट्रेनों का किराया डेली चलने वाली ट्रेन से ज्यादा होता है. ज्यादातर लोगों की शिकायत होती है कि कई स्पेशल ट्रेनें अपने रूट पर काफी देर से चलती हैं. इसी वजह से कुछ लोग इनमें टिकट बुक नहीं करते. लेकिन अगर आपके पास समय है और आप थोड़ा पहले घर के लिए निकल सकते हैं तो ऐसी ट्रेन आपके यात्रा के लिए काफी बढ़िया है. इनमें अन्य ट्रेनों के मुकाबले भिड़ भी कम होती है.

छठ के दौरान घर जाने वालों की संख्या बढ़ जाती है, इसलिए सिर्फ एक विकल्प के भरोसे रहना ठीक नहीं है. ट्रेन, कनेक्टिंग रूट, बस, तत्काल, करंट बुकिंग और स्पेशल ट्रेन जैसे विकल्प पहले से देखते रहें. अगर फ्लाइट का किराया बजट से बाहर है तो दूसरे साधनों को मिलाकर सफर का रास्ता निकाला जा सकता है. सबसे जरूरी बात यही है कि टिकट और रूट की प्लानिंग जितनी जल्दी करेंगे, घर पहुंचना  उतना ही आसान हो जाएगा.
 

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement