हिमाचल प्रदेश की खूबसूरत वादियां, शांत वातावरण और बर्फ से ढकी पहाड़ियां पर्यटकों को अपनी ओर खींच रही हैं. धर्मशाला पहुंच रहे सैलानी यहां की प्राकृतिक सुंदरता के साथ साफ-सफाई और स्थानीय लोगों के अच्छे व्यवहार की भी तारीफ कर रहे हैं. कोई यहां के पहाड़ों को देखकर मंत्रमुग्ध है, तो किसी को यहां का सुकून भरा माहौल पसंद आ रहा है. धर्मशाला के राज्य शहीद स्मारक पहुंचकर पर्यटक शहीदों को श्रद्धांजलि भी दे रहे हैं. इसके अलावा दलाई लामा मठ और क्रिकेट स्टेडियम जैसे पर्यटन स्थल भी लोगों को आकर्षित कर रहे हैं.
शांति और प्राकृतिक सुंदरता ने मोहा मन
कोलकाता से परिवार के साथ धर्मशाला घूमने पहुंचीं ऋतुपर्णा मुखर्जी ने बताया कि यहां का वातावरण बेहद शांत और सुकून देने वाला है. पहाड़ों का नजारा और प्राकृतिक सुंदरता उन्हें काफी पसंद आई. दुर्गा पूजा के दौरान धर्मशाला आने पर उन्हें बंगाल में मनाए जाने वाले त्योहार की थोड़ी कमी जरूर महसूस हुई, लेकिन यहां की खूबसूरती और अच्छी व्यवस्थाओं ने उनका मन मोह लिया. वह दलाई लामा मठ और धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम भी घूम चुकी हैं. स्टेडियम के आसपास बर्फ से ढकी पहाड़ियों का नजारा उन्हें खास तौर पर पसंद आया.
साफ-सफाई और लोगों के व्यवहार की तारीफ
उत्तर प्रदेश से आईं स्नेहा ने धर्मशाला की साफ-सफाई और स्थानीय लोगों के व्यवहार की सराहना की. उन्होंने कहा कि यहां हवा और पानी साफ महसूस होता है. पर्यटन स्थलों पर भी सफाई का ध्यान रखा जाता है. दूसरे पर्यटन स्थलों पर अक्सर भीड़ के कारण गंदगी देखने को मिलती है, लेकिन धर्मशाला में व्यवस्थाएं बेहतर नजर आईं. उन्होंने बताया कि यहां के लोग विनम्र और सहयोगी हैं. हाल ही में हुई बर्फबारी के बाद पहाड़ों की खूबसूरती और बढ़ गई है.
क्रिकेट स्टेडियम की प्रसिद्धि भी खींच रही पर्यटकों को
बिहार की राजधानी पटना से पहली बार धर्मशाला पहुंचे दिनेशन जैन ने बताया कि उन्होंने इस जगह के बारे में पहले काफी सुना था. धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम की प्रसिद्धि ने उन्हें यहां आने के लिए प्रेरित किया. उन्हें धर्मशाला और डलहौजी दोनों जगहें बेहद सुंदर लगीं. उन्होंने मौसम, साफ-सफाई और स्थानीय लोगों के सहयोग की भी तारीफ की. हालांकि, उन्हें क्रिकेट स्टेडियम थोड़ा छोटा लगा. परिवार के साथ घूमने के दौरान शाकाहारी भोजन मिलने में भी कोई परेशानी नहीं हुई. होटल संचालकों का व्यवहार भी अच्छा रहा. दिनेशन जैन ने कहा कि वह भविष्य में दोबारा धर्मशाला आना चाहेंगे.
ये भी पढ़ें: