दिवाली और छठ पूजा पर घर जाने के लिए ट्रेन का सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है. त्योहारों के दौरान दिल्ली के रेलवे स्टेशनों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. आनंद विहार रेलवे स्टेशन से करीब 15 स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया है. वहीं, यात्रियों को ट्रेन का इंतजार करने में परेशानी न हो, इसके लिए स्टेशन पर विशेष होल्डिंग एरिया तैयार किया जा रहा है. यहां बैठने, आराम करने, खाने-पीने और ट्रेनों की जानकारी लेने जैसी सुविधाएं मिलेंगी.
यात्रियों की सुविधा के लिए बन रहा होल्डिंग एरिया
दिवाली और छठ पूजा के दौरान दिल्ली से बिहार और दूसरे राज्यों में जाने वाले यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है. ऐसे में स्टेशन पर भीड़ को संभालना और यात्रियों की सुविधाओं का ध्यान रखना रेलवे के लिए बड़ी चुनौती होती है. इसे देखते हुए आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर विशेष होल्डिंग एरिया बनाया जा रहा है. इस होल्डिंग एरिया में यात्रियों के बैठने और आराम करने की व्यवस्था होगी. इसके अलावा खाने-पीने की सुविधा, रिजर्वेशन काउंटर और ट्रेनों के आने-जाने की जानकारी देने के लिए टीवी स्क्रीन लगाई जाएंगी.
यात्रियों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए पंखे, साफ-सफाई और आधुनिक शौचालय जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी. रेलवे की कोशिश है कि ट्रेन का इंतजार करते समय यात्रियों को इधर-उधर भटकना न पड़े. यह होल्डिंग एरिया जल्द ही यात्रियों के लिए शुरू किया जाएगा.
रेलवे के जनरल मैनेजर ने लिया तैयारियों का जायजा
स्टेशन पर चल रहे इंतजामों का जायजा लेने के लिए नॉर्दर्न रेलवे के जनरल मैनेजर राजेश कुमार पांडे आनंद विहार रेलवे स्टेशन पहुंचे. उन्होंने तैयारियों का निरीक्षण किया और होल्डिंग एरिया में यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली. त्योहारों के दौरान भीड़ को व्यवस्थित रखने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे प्रशासन के साथ सुरक्षा एजेंसियां भी काम कर रही हैं.
बिहार समेत कई शहरों के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
आनंद विहार रेलवे स्टेशन से जोगबनी, मुजफ्फरपुर, पाटलिपुत्र, भागलपुर, रांची, गया, पूर्णिया कोर्ट, सहरसा, छपरा और दानापुर समेत कई प्रमुख शहरों के लिए स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था की गई है. इसके अलावा अयोध्या, कानपुर और मालदा टाउन जैसे शहरों के लिए भी ट्रेनें चलाई जा रही हैं. रेलवे प्रशासन के मुताबिक, यात्रियों की संख्या और जरूरत को देखते हुए आने वाले दिनों में स्पेशल ट्रेनों की संख्या बढ़ाई जा सकती है. इन इंतजामों से त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें: