दिवाली और छठ के दौरान दिल्ली के रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ बढ़ जाती है. खासकर बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश जाने वाली ट्रेनों में काफी दबाव रहता है. इसे देखते हुए रेलवे ने दिल्ली के आनंद विहार स्टेशन पर यात्रियों के लिए खास इंतजाम किए हैं.
यहां एक विशेष होल्डिंग एरिया शुरू किया गया है. यानी अब यात्रियों को ट्रेन आने तक प्लेटफॉर्म पर खड़े होकर या स्टेशन पर इधर-उधर भटककर इंतजार नहीं करना पड़ेगा. वे इस जगह पर बैठकर आराम कर सकेंगे. यहां खाने-पीने, टिकट बुकिंग, शौचालय और ट्रेनों की जानकारी जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं. इसके अलावा त्योहारों पर यात्रियों की भीड़ कम करने के लिए करीब 18 स्पेशल ट्रेनों का संचालन भी शुरू किया गया है. रेलवे के CEO सतीश कुमार और वरिष्ठ अधिकारियों ने आनंद विहार स्टेशन पहुंचकर इन तैयारियों का जायजा लिया.
होल्डिंग एरिया में बैठने से लेकर खाने-पीने तक की सुविधा
आनंद विहार स्टेशन पर बनाए गए होल्डिंग एरिया में यात्रियों की जरूरतों का ध्यान रखा गया है. यहां बैठने के लिए पर्याप्त जगह, पंखे और टीवी स्क्रीन लगाए गए हैं. यात्रियों के लिए खाने-पीने की व्यवस्था भी की गई है. इसके अलावा यहां रिजर्वेशन काउंटर बनाया गया है, ताकि यात्रियों को टिकट संबंधी काम के लिए अलग-अलग जगह न जाना पड़े. ट्रेनों के आने और जाने की जानकारी देने के लिए डिस्प्ले स्क्रीन लगाई गई हैं. साफ-सफाई के साथ आधुनिक शौचालय की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है. इस व्यवस्था का फायदा खासकर उन यात्रियों को मिलेगा, जिन्हें ट्रेन के समय से काफी पहले स्टेशन पहुंचना पड़ता है. वे प्लेटफॉर्म पर भीड़ के बीच खड़े रहने के बजाय होल्डिंग एरिया में बैठकर अपनी ट्रेन का इंतजार कर सकेंगे.
18 स्पेशल ट्रेनें, बिहार-UP समेत कई शहरों को राहत
त्योहारों के दौरान घर जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने के कारण रेलवे ने आनंद विहार से करीब 18 स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया है. इन ट्रेनों के जरिए बिहार, उत्तर प्रदेश और दूसरे राज्यों के कई शहरों तक पहुंचना आसान होगा. इनमें जोगबनी, मुजफ्फरपुर, पाटलिपुत्र, भागलपुर, रांची, अयोध्या, गया, पूर्णिया कोर्ट, सहरसा, कानपुर, मालदा टाउन, छपरा और दानापुर जैसे शहर शामिल हैं. इन अतिरिक्त ट्रेनों का मकसद नियमित ट्रेनों में यात्रियों का दबाव कम करना और त्योहार पर घर जाने वालों को ज्यादा विकल्प देना है.
रेलवे अधिकारियों ने लिया तैयारियों का जायजा
व्यवस्थाओं की स्थिति देखने के लिए रेलवे CEO सतीश कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी आनंद विहार स्टेशन पहुंचे. अधिकारियों ने होल्डिंग एरिया, टिकट काउंटर, खानपान और यात्रियों के आने-जाने की व्यवस्था का निरीक्षण किया. त्योहारों के दौरान स्टेशन पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा एजेंसियों को भी अलर्ट रखा गया है. यात्रियों की आवाजाही और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: