गाजियाबाद में मालगाड़ी के 6 डिब्बे पटरी से उतरे... 53 ट्रेनें प्रभावित, कई रद्द तो कई का बदला रूट

मालगाड़ी के वैगन पटरी से उतरने के कारण व्यस्त रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ. रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए कई ट्रेनों को रद्द, आंशिक रूप से रद्द, डायवर्ट और रेगुलेट किया है.

Ghaziabad Goods Train Derailment
मयंक गौड़
  • गाजियाबाद,
  • 21 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 3:00 PM IST

गाजियाबाद-नई दिल्ली रेल मार्ग पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया. एक मालगाड़ी के छह भरे हुए डिब्बे पटरी से उतर गए. इस वजह से इस रूट पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो गया. हादसे की सूचना मिलते ही दिल्ली मंडल के डीआरएम, एडीआरएम समेत रेलवे के कई बड़े अधिकारी मौके पर पहुंच गए. इसके बाद ट्रैक को जल्दी ठीक करने का काम शुरू कर दिया गया. अच्छी बात यह रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई और न ही कोई घायल हुआ.

53 ट्रेनों पर पड़ा असर
रेलवे के अनुसार इस हादसे की वजह से कुल 53 ट्रेनें प्रभावित हुई हैं. इनमें 16 पैसेंजर ट्रेनें पूरी तरह रद्द कर दी गई हैं. 5 ट्रेनों को बीच रास्ते तक ही चलाया गया है. वहीं 24 ट्रेनों का रास्ता बदल दिया गया है और उन्हें दिल्ली व नई दिल्ली के रास्ते चलाया जा रहा है. इसके अलावा 8 ट्रेनों को कुछ समय के लिए रोककर या देर से चलाया गया है. इनमें आनंद विहार जाने वाली कुछ ट्रेनें भी शामिल हैं.

रोज सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी
हादसे के कारण गाजियाबाद और नई दिल्ली के बीच चलने वाली कई ईएमयू पैसेंजर ट्रेनें भी रद्द कर दी गई हैं. कुछ ट्रेनों को गाजियाबाद से ही रवाना किया गया, जबकि कुछ का सफर गाजियाबाद तक ही सीमित कर दिया गया. इससे रोजाना इस रूट पर आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

यात्रा से पहले ट्रेन का स्टेटस जरूर देखें
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि ट्रैक को जल्द से जल्द ठीक करने का काम तेजी से चल रहा है. रेलवे की टीमें लगातार मौके पर काम कर रही हैं ताकि ट्रेनों का संचालन फिर से सामान्य किया जा सके. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर देख लें. इससे उन्हें बेवजह स्टेशन पर इंतजार या दूसरी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा. रेलवे का कहना है कि जल्द ही इस रूट पर ट्रेनों का संचालन सामान्य कर दिया जाएगा.

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!

RECOMMENDED