भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम यानी आईआरसीटीसी (IRCTC) एक तरफ जहां देश के अलग-अलग हिस्सों में स्थित धार्मिक महत्व के स्थलों के लिए ट्रेन और हवाई यात्रा का टूर पैकेज संचालित करता है, वहीं दूसरी तरफ पर्यटन के दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण जगहों के भ्रमण के लिए हवाई टूर पैकेज संचालित करता है. इसी कड़ी में आईआरसीटीसी, लखनऊ द्वारा 31 मई 2026 से 6 रात और 7 दिनों का एक समर स्पेशल टूर पैकेज लॉन्च किया गया है. इसका नाम समर स्पेशल धर्मशाला-खज्जियार विथ शक्तिपीठ रखा गया है. इस विशेष हवाई टूर के अंतर्गत यात्रियों को हिमाचल प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं प्राकृतिक पर्यटन स्थलों का टूर कराया जाएगा.
टूर की प्रमुख विशेषताएं
इस यात्रा में यात्रियों के लिए आरामदायक यात्रा व्यवस्था की गई है. यात्रा के दौरान यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था अच्छे होटलों में की जाएगी. पैकेज में नाश्ता एवं रात्रि भोजन, सभी दर्शनीय स्थलों का भ्रमण, अनुभवी टूर एस्कॉर्ट तथा स्थानीय परिवहन की सुविधा शामिल है. इस टूर के अंतर्गत यात्रियों को अमृतसर (अटारी-वाघा बॉर्डर, स्वर्ण मंदिर), खज्जियार (खज्जियार झील एवं घास के मैदान), चंबा (लक्ष्मी नारायण मंदिर, भूरी सिंह संग्रहालय), धर्मशाला (HPCA क्रिकेट स्टेडियम), मैक्लोडगंज (भगसूनाग मंदिर, दलाई लामा मंदिर), चामुंडा देवी (शक्तिपीठ) एवं श्री बज्रेश्वरी देवी (शक्तिपीठ) के प्रमुख दर्शनीय स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा.
कितना होगा किराया
इस हवाई टूर पैकेज के लिए एक व्यक्ति के ठहरने पर पैकेज का मूल्य ₹69,800 प्रति व्यक्ति, दो व्यक्तियों के एक साथ ठहरने पर ₹53,500 प्रति व्यक्ति तथा तीन व्यक्तियों के एक साथ ठहरने पर ₹50,200 प्रति व्यक्ति होगा. माता-पिता के साथ ठहरने पर 5 से 11 वर्ष तक के बच्चों का पैकेज मूल्य ₹39,900 (बेड सहित) एवं ₹33,800 (बिना बेड) होगा. 2 से 5 वर्ष तक के बच्चों के लिए बिना बेड पैकेज मूल्य ₹18,900 प्रति बच्चा निर्धारित है.
इस तरह करें बुकिंग
लखनऊ से संचालित हो रहे इस टूर पैकेज के संदर्भ में जानकारी देते हुए आईआरसीटीसी उत्तरी क्षेत्र के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि इस टूर की बुकिंग पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर की जाएगी. सीटें सीमित हैं. उन्होंने बताया कि उक्त यात्रा की बुकिंग पर्यटन भवन, गोमती नगर, लखनऊ स्थित आईआरसीटीसी कार्यालय एवं आईआरसीटीसी की वेबसाइट www.irctctourism.com पर भी कराई जा सकती है. इसके साथ ही अधिक जानकारी एवं बुकिंग के लिए मोबाइल नंबर 9236391909 और 8287930902 पर संपर्क कर सकते हैं.