Advertisement

Train Current Ticket: ट्रेन छूटने से पहले खाली सीट पर मिल सकता है टिकट... क्या होता है करंट टिकट और कैसे करें बुकिंग? जानें स्टेप-बाय-स्टेप तरीका

त्योहार के मौसम में अक्सर लोग ट्रेन के कन्फर्म टिकट के लिए परेशान रहते हैं. जिसके चलते वह टिकट के लिए इधर-उधर परेशान फिरते रहते हैं. लेकिन इस ट्रिक से आप चार्ट बनने के बाद भी टिकट पा सकते हैं.

Train Ticket
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 17 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 8:44 PM IST

त्योहारों और छुट्टियों के समय ट्रेन में कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो जाता है. कई बार यात्रियों को तत्काल टिकट भी नहीं मिल पाता. ऐसे में यात्रा की योजना बिगड़ सकती है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि ट्रेन का रिजर्वेशन चार्ट बनने के बाद भी कन्फर्म टिकट मिल सकता है? भारतीय रेलवे में इसके लिए करंट टिकट बुकिंग की सुविधा है. अगर ट्रेन में सीट खाली है, तो आप इस सुविधा का फायदा उठा सकते हैं. चलिए बताते हैं करंट टिकट क्या होता है और इसे ऑनलाइन कैसे बुक कर सकते हैं.

क्या होता है करंट टिकट?

करंट टिकट रेलवे की ऐसी सुविधा है, जिसमें ट्रेन का रिजर्वेशन चार्ट तैयार होने के बाद खाली बची सीटों पर टिकट बुक किया जा सकता है. अगर किसी यात्री की टिकट रद्द हो जाती है या ट्रेन में कोई बर्थ खाली रह जाती है, तो वह दूसरे यात्री को मिल सकती है.

मान लीजिए आपको दिल्ली से पटना जाना है, लेकिन सामान्य और तत्काल बुकिंग में टिकट नहीं मिल पाया. ऐसे में आप चार्ट बनने के बाद करंट टिकट की उपलब्धता जांच सकते हैं. हालांकि, टिकट तभी मिलेगा जब आपकी यात्रा के रूट पर सीट खाली होगी.

IRCTC से करंट टिकट कैसे बुक करें?

  • करंट टिकट बुक करने के लिए आपको रेलवे स्टेशन जाने की जरूरत नहीं है. आप मोबाइल या लैपटॉप से इस चेक कर सकते हैं.
  • सबसे पहले IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट या ऐप खोलें और अपने अकाउंट में लॉगिन करें.
  • अब यात्रा शुरू करने वाले स्टेशन और पहुंचने वाले स्टेशन का नाम भरें. इसके बाद यात्रा की तारीख चुनें और ट्रेन सर्च करें.
  • अपनी जरूरत के अनुसार ट्रेन और यात्रा की क्लास चुनें. इसके बाद सीटों की उपलब्धता जांचें.
  • चार्ट तैयार होने के बाद अगर करंट बुकिंग में सीट उपलब्ध है, तो आगे बढ़कर यात्रियों का नाम, उम्र और दूसरी जरूरी जानकारी भरें.
  • अब उपलब्ध भुगतान ऑप्शन से पैसे जमा करें. बुकिंग पूरी होने पर अपना ई-टिकट और पीएनआर नंबर जरूर जांच लें.

करंट टिकट का किराया कितना होता है?

करंट टिकट का किराया आम तौर पर सामान्य टिकट के किराए के अनुसार होता है. हालांकि, कुछ ट्रेनों में किराया अलग हो सकता है. इसलिए टिकट बुक करने से पहले स्क्रीन पर दिखाया गया कुल किराया जरूर जांच लें.

टिकट बुक करते समय इन बातों का रखें ध्यान

करंट टिकट की सुविधा चार्ट बनने के बाद उपलब्ध खाली सीटों पर निर्भर करती है. हर ट्रेन में सीट मिलना जरूरी नहीं है. इसलिए टिकट मिलने की गारंटी मानकर यात्रा की योजना न बनाएं. अगर ऑनलाइन सीट नहीं दिख रही है, तो रेलवे स्टेशन के रिजर्वेशन काउंटर पर भी जानकारी ले सकते हैं.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement