मिथिलांचल के रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है. पहले चल रही क्लोन एक्सप्रेस जिसे बंद कर दिया गया था, उसके परिचालन अवधि में विस्तार कर दिया गया है. यात्रियों ने इंडियन रेलवे से मांग की है कि इस ट्रेन को समय पर चलाई जाए.
आवागमन में होगी सहूलियत
पूर्व मध्य रेल समस्तीपुर रेलमंडल के पीआरओ रंजीत कुमार ने बताया कि पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल द्वारा रेल यात्रियों की लगातार बढ़ती मांग, सुविधा एवं यात्रा को सुगम बनाने के उद्देश्य से दरभंगा-नई दिल्ली-दरभंगा विशेष ट्रेन की परिचालन अवधि में विस्तार करने का निर्णय लिया गया है.
इस निर्णय से राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली जाने तथा वहां से मिथिलांचल क्षेत्र लौटने वाले आम यात्रियों और प्रवासियों को त्योहारों व सामान्य दिनों में अतिरिक्त बर्थ की सुविधा मिलेगी, जिससे उन्हें लंबी प्रतीक्षा सूची से बड़ी राहत प्राप्त होगी. संशोधित योजना के तहत गाड़ी संख्या 02569 दरभंगा-नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन दिनांक 4 सितंबर 2026 से 30 नवंबर 2026 तक संचालित की जाएगी. वहीं वापसी दिशा में गाड़ी संख्या 02570 नई दिल्ली-दरभंगा स्पेशल ट्रेन दिनांक 5 सितंबर 2026 से 1 दिसंबर 2026 तक चलेगी.
दोनों दिशाओं में यह ट्रेन कुल 88 फेरे लगाएगी
यह ट्रेन दोनों दिशाओं में कुल 88 फेरे लगाएगी. इस विशेष ट्रेन का परिचालन पूर्व निर्धारित मार्ग, समय-सारणी, ठहराव एवं कोच संयोजन के अनुसार ही जारी रहेगा. यात्री इस सेवा की विस्तृत जानकारी, समय-सारणी और आरक्षण की स्थिति एनटीईएस (NTES) ऐप या रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं. साथ ही 139 पर फोन करके भी इसकी जानकारी प्राप्त की जा सकती है.