त्योहारों के सीजन में घर जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी राहत दी है. पूजा के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेलवे ने अलग-अलग शहरों से बिहार के लिए कई पूजा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन शुरू किया है. इनमें मुंबई, पुणे, अहमदाबाद, वलसाड, अजमेर, जोधपुर, कोटा और श्रीगंगानगर से बिहार आने-जाने वाली ट्रेनें शामिल हैं. रेलवे का कहना है कि इन ट्रेनों से यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे और नियमित ट्रेनों में भीड़ कम करने में मदद मिलेगी.
पूर्व मध्य रेल के सीपीआरओ सरस्वती चंद्र के मुताबिक, यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है, ताकि त्योहार के दौरान लोगों को टिकट मिलने और घर पहुंचने में परेशानी न हो.
1. मुंबई से समस्तीपुर के लिए हर मंगलवार स्पेशल ट्रेन
लोकमान्य तिलक-समस्तीपुर स्पेशल (01043/01044) 13 अक्टूबर से 17 नवंबर तक हर मंगलवार चलेगी. यह ट्रेन लोकमान्य तिलक से दोपहर 12:15 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 11:45 बजे समस्तीपुर पहुंचेगी.
वापसी में समस्तीपुर-लोकमान्य तिलक स्पेशल 15 अक्टूबर से 19 नवंबर तक हर गुरुवार चलेगी. समस्तीपुर से ट्रेन सुबह 3 बजे खुलेगी और अगले दिन दोपहर 3:45 बजे लोकमान्य तिलक पहुंचेगी. रास्ते में मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, सोनपुर, पाटलिपुत्र, दानापुर, आरा, बक्सर और डीडीयू जैसे प्रमुख स्टेशन आएंगे.
2. मुंबई से दानापुर के लिए रोजाना स्पेशल
लोकमान्य तिलक-दानापुर स्पेशल (01143/01144) 9 अक्टूबर से 21 नवंबर तक रोज चलेगी. लोकमान्य तिलक से ट्रेन सुबह 10:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 9:50 बजे दानापुर पहुंचेगी.
वापसी में दानापुर-लोकमान्य तिलक स्पेशल 11 अक्टूबर से 23 नवंबर तक रोज चलेगी. दानापुर से यह ट्रेन रात 12:10 बजे खुलेगी और अगले दिन सुबह 6:50 बजे लोकमान्य तिलक पहुंचेगी.
3. रक्सौल से मुंबई के लिए हर मंगलवार ट्रेन
रक्सौल-लोकमान्य तिलक स्पेशल (05557/05558) 6 अक्टूबर से 24 नवंबर तक हर मंगलवार चलेगी. रक्सौल से ट्रेन शाम 7:15 बजे रवाना होगी और तीसरे दिन सुबह 5:50 बजे लोकमान्य तिलक पहुंचेगी.
मुंबई से रक्सौल की वापसी ट्रेन हर गुरुवार 8 अक्टूबर से 26 नवंबर तक चलेगी. लोकमान्य तिलक से सुबह 7:55 बजे चलकर ट्रेन अगले दिन शाम 4:50 बजे रक्सौल पहुंचेगी.
4. सहरसा से मुंबई के लिए भी सुविधा
सहरसा-लोकमान्य तिलक स्पेशल (05585/05586) 27 नवंबर तक हर शुक्रवार चलेगी. सहरसा से ट्रेन शाम 5:45 बजे खुलेगी और तीसरे दिन सुबह 5:30 बजे लोकमान्य तिलक पहुंचेगी.
वापसी में ट्रेन हर रविवार लोकमान्य तिलक से शाम 4:35 बजे चलेगी और तीसरे दिन सुबह 9 बजे सहरसा पहुंचेगी.
5. पुणे से दानापुर रोजाना ट्रेन
पुणे-दानापुर स्पेशल (01449/01450) 30 नवंबर तक रोज चलेगी. पुणे से ट्रेन दोपहर 3:40 बजे खुलेगी और तीसरे दिन रात 2:45 बजे दानापुर पहुंचेगी.
दानापुर से पुणे के लिए ट्रेन 2 दिसंबर तक रोज चलेगी. यह सुबह 5 बजे दानापुर से रवाना होकर अगले दिन शाम 6:15 बजे पुणे पहुंचेगी.
6. मुजफ्फरपुर-पुणे के लिए भी स्पेशल ट्रेन
मुजफ्फरपुर-हडपसर (पुणे) स्पेशल (05589/05590) 6 अक्टूबर से 24 नवंबर तक हर मंगलवार चलेगी. मुजफ्फरपुर से ट्रेन शाम 7:20 बजे खुलेगी और तीसरे दिन सुबह 11:40 बजे हडपसर पहुंचेगी.
वापसी में हडपसर से ट्रेन हर गुरुवार दोपहर 3 बजे चलेगी और तीसरे दिन सुबह 4:30 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी.
7. श्रीगंगानगर से समस्तीपुर के लिए स्पेशल
श्रीगंगानगर-समस्तीपुर स्पेशल (04731/04732) 18 अक्टूबर से 29 नवंबर तक हर रविवार चलेगी. श्रीगंगानगर से ट्रेन दोपहर 1:25 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 11:15 बजे समस्तीपुर पहुंचेगी.
वापसी में समस्तीपुर से ट्रेन हर मंगलवार रात 12:45 बजे चलेगी और अगले दिन दोपहर 12:20 बजे श्रीगंगानगर पहुंचेगी.
8. अहमदाबाद से दरभंगा के लिए हर शुक्रवार ट्रेन
अहमदाबाद-दरभंगा स्पेशल (09465/09466) 16 अक्टूबर से 13 नवंबर तक हर शुक्रवार चलेगी. अहमदाबाद से ट्रेन रात 8:25 बजे खुलेगी और तीसरे दिन सुबह 10:30 बजे दरभंगा पहुंचेगी.
वापसी में दरभंगा-अहमदाबाद ट्रेन 19 अक्टूबर से 16 नवंबर तक हर सोमवार चलेगी. यह दरभंगा से सुबह 3 बजे रवाना होगी और अगले दिन शाम 4:35 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी.
9. वलसाड से दानापुर के लिए स्पेशल
वलसाड-दानापुर स्पेशल (09025/09026) 23 नवंबर तक हर सोमवार चलेगी. वलसाड से ट्रेन सुबह 8:40 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 12 बजे दानापुर पहुंचेगी.
वापसी में दानापुर-वलसाड स्पेशल 24 नवंबर तक हर मंगलवार चलेगी. दानापुर से ट्रेन दोपहर 1:30 बजे खुलेगी और अगले दिन रात 9:30 बजे वलसाड पहुंचेगी.
10. अजमेर, जोधपुर और कोटा से भी बिहार के लिए ट्रेनें
मदार (अजमेर)-पटना स्पेशल (09601/09602) 26 नवंबर तक हर गुरुवार चलेगी. वापसी ट्रेन हर शुक्रवार 27 नवंबर तक चलेगी.
भगत की कोठी (जोधपुर)-दानापुर स्पेशल (04813/04814) 7 अक्टूबर से 25 नवंबर तक हर बुधवार चलेगी. वापसी में ट्रेन हर गुरुवार 8 अक्टूबर से 26 नवंबर तक चलेगी. इसी तरह सोगरिया (कोटा)-दानापुर स्पेशल (09823/09824) 10 अक्टूबर से 14 नवंबर तक हर शनिवार चलेगी. वापसी में दानापुर से कोटा के लिए ट्रेन 12 अक्टूबर से 16 नवंबर तक हर सोमवार चलेगी.